जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने PhD एडमिशन के दौरान UGC NET-JRF क्वालिफाइड उम्मीदवारों की मेरिट तैयार करने में कथित गड़बड़ी के विवाद पर राजस्थान यूनिवर्सिटी को बड़ा झटका दिया है।
हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता JRF अभ्यर्थी यश चंद्र की उम्मीदवारी के मामले में 10 अगस्त 2026 की मेरिट लिस्ट को रद्द कर दिया है। साथ ही, यूनिवर्सिटी को UGC नियमों के मुताबिक उनकी उम्मीदवारी पर दोबारा विचार करने का आदेश दिया है।
जस्टिस समीर जैन ने PhD एडमिशन मेरिट में UGC NET-JRF उम्मीदवारों को अलग-अलग श्रेणियों में नहीं रखने को चुनौती देने वाली याचिका मंजूर करते हुए याचिकाकर्ता को राहत दी।
हाईकोर्ट ने कहा कि यूनिवर्सिटी को अकादमिक मामलों में स्वायत्तता जरूर है, लेकिन वह University Grants Commission (UGC) के बाध्यकारी नियमों की अनदेखी नहीं कर सकती। अलग-अलग श्रेणियों के NET क्वालिफाइड उम्मीदवारों के लिए निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।
याचिकाकर्ताओं की ओर से डॉ. रुद्रांशु सिंह (न्याय मित्र), अधिवक्ता दर्श पारीक और तनवीर अहमद ने अधिवक्ता अक्षिता शर्मा के साथ पैरवी की। वहीं, प्रतिवादियों की ओर से अधिवक्ता विष्णु कांत शर्मा ने पक्ष रखा।
JRF, NET और PhD अभ्यर्थियों की बनी एक ही मेरिट लिस्ट
याचिकाकर्ता यश चंद्र ने अर्थशास्त्र विषय में UGC NET-JRF क्वालिफाई किया था। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी के PhD प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन किया और इंटरव्यू भी दिया।
यूनिवर्सिटी ने 10 अगस्त 2026 को पहली मेरिट लिस्ट जारी की, लेकिन यश चंद्र का चयन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मेरिट तैयार करने की प्रक्रिया को चुनौती दी।
आरोप था कि यूनिवर्सिटी ने JRF क्वालिफाइड उम्मीदवारों, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्र NET उम्मीदवारों और केवल PhD एडमिशन के लिए NET क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को एक ही मेरिट लिस्ट में शामिल कर दिया, जबकि इन श्रेणियों के लिए UGC ने अलग-अलग नियम है।
JRF उम्मीदवारों के लिए अलग नियम होने की दलील
दरअसल, UGC के 27 मार्च 2024 के नोटिस के मुताबिक, JRF क्वालिफाइड उम्मीदवारों का PhD एडमिशन इंटरव्यू के आधार पर होना चाहिए। वहीं, NET की अन्य 2 श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए NET स्कोर और इंटरव्यू को मिलाकर कुल 100% अंक निर्धारित किए गए हैं।
यश चंद्र का आरोप था कि यूनिवर्सिटी ने अलग-अलग कैटेगरी के लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करने के बजाय सभी अभ्यर्थियों का चयन केवल इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर किया।
इस कारण NET-JRF में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उसे एडमिशन नहीं मिल सका।
UGC के नियम क्या कहते हैं?
UGC के 27 मार्च 2024 के नोटिस के मुकाबिर PhD एडमिशन में NET की 3 श्रेणियां हैं-
| श्रेणी | पात्रता | एडमिशन का आधार |
|---|---|---|
| Category 1 | JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्र | इंटरव्यू |
| Category 2 | असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD एडमिशन के लिए पात्र | NET स्कोर 70% + इंटरव्यू 30% |
| Category 3 | केवल PhD एडमिशन के लिए पात्र | NET स्कोर 70% + इंटरव्यू 30% |
यानी UGC के नोटिस के मुताबिक, पहली कैटेगरी यानी JRF क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के आधार पर एडमिशन दिया जाना है। वहीं दूसरी और तीसरी कैटेगरी के अभ्यर्थियों के लिए NET स्कोर को 70 प्रतिशत और इंटरव्यू को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाना है।
यश चंद्र का कहना था कि यूनिवर्सिटी की मेरिट लिस्ट तैयार करने में इन अलग-अलग मानदंडों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया था।
यूनिवर्सिटी ने चयन प्रक्रिया को सही बताया
वहीं राजस्थान यूनिवर्सिटी की ओर से दलील दी गई कि एडमिशन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और ऑर्डिनेंस 124 के मुताबिक पूरी की गई थी।
यूनिवर्सिटी ने यह भी कहा कि तीनों कैटेगरी के लिए अलग-अलग सीटें या कोटा निर्धारित नहीं किया गया था और सीटों का आवंटन विषय के आधार पर किया गया था।
साथ ही यूनिवर्सिटी ने यह भी दलील दी कि उम्मीदवार यश चंद्र चयन प्रक्रिया में शामिल हुए थे इसलिए इंटरव्यू देने के बाद असफल रहने पर प्रक्रिया को चुनौती नहीं दे सकते।
कैटेगरी के हिसाब से चयन प्रक्रिया जरूरी-हाईकोर्ट
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि अलग-अलग कैटेगरी के लिए सीटों का अलग कोटा नहीं होना और सभी अभ्यर्थियों के लिए एक जैसी चयन प्रक्रिया अपनाना दो अलग-अलग बातें हैं।
सीटें एक ही पूल से हो सकती हैं, लेकिन यदि नियम अलग-अलग कैटेगरी के लिए अलग मूल्यांकन प्रक्रिया तय करते हैं, तो उनका पालन करना जरूरी है।
‘शैक्षणिक स्वतंत्रता के नाम पर नियमों की अनदेखी नहीं’
हाईकोर्ट ने कहा कि यूनिवर्सिटी को शैक्षणिक मामलों में स्वतंत्रता जरूर है, लेकिन यह स्वतंत्रता कानून और UGC के बाध्यकारी नियमों के दायरे में ही इस्तेमाल की जा सकती है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि NET-JRF पास करने से किसी अभ्यर्थी को अपने आप PhD में एडमिशन का अधिकार नहीं मिल जाता। हालांकि, उसे अपनी कैटेगरी पर लागू नियमों के मुताबिक निष्पक्ष तरीके से विचार किए जाने का अधिकार है।
हाईकोर्ट ने कहा कि किसी अभ्यर्थी के चयन प्रक्रिया में शामिल होने मात्र से यूनिवर्सिटी को अनिवार्य नियमों की अनदेखी करने का अधिकार नहीं मिल जाता।
यूनिवर्सिटी को दोबारा करना होगा उम्मीदवारी पर विचार
इन तथ्यों और नियमों के आधार पर हाईकोर्ट ने याचिकाएं मंजूर करते हुए 10 अगस्त 2026 की मेरिट लिस्ट को याचिकाकर्ता की उम्मीदवारी के संबंध में रद्द कर दिया।
यूनिवर्सिटी को UGC Regulations, 2022, 27 मार्च 2024 के नोटिस और RUPA 2025 के नियमों के मुताबिक याचिकाकर्ता की उम्मीदवारी पर दोबारा विचार करने का आदेश दिया।
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरिम आदेश के तहत मिला प्रोविजनल एडमिशन यूनिवर्सिटी के नए फैसले के अधीन रहेगा।
यानी हाईकोर्ट ने सीधे अंतिम एडमिशन का आदेश नहीं दिया है। एडमिशन पर अंतिम फैसला दोबारा विचार के बाद लिया जाएगा।