जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर द्वारा अधिवक्ताओं के कौशल विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के तहत शुक्रवार को “Court Craftsmanship – Learning Legal Skills from the Best” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
राजस्थान हाईकोर्ट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में दोपहर 1 बजे आयोजित हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया ऐश्वर्या भाटी रहीं।
अपने संबोधन में ऐश्वर्या भाटी ने विधि पेशे में सफलता के लिए आत्मविश्वास, मेहनत और अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि वकालत केवल ज्ञान का नहीं बल्कि व्यक्तित्व और प्रस्तुति का भी पेशा है, जहां हर अधिवक्ता को लगातार सीखते रहने की जरूरत होती है।
उन्होंने युवा वकीलों को सलाह देते हुए कहा कि “यदि आप अपडेट रहेंगे और निरंतर मेहनत करेंगे तो इस प्रोफेशन में आपको ऊंचाइयों तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।”
लगातार अपग्रेड होना जरूरी
भाटी ने कहा कि वकालत अब केवल किताबों तक सीमित नहीं रही। हर दिन नया सीखना जरूरी, नए जजमेंट्स और कानून से अपडेट रहना अनिवार्य।
अनुशासन और मेहनत से ही बनेगी पहचान। उन्होंने कहा कि आज के दौर में वही वकील आगे बढ़ेगा, जो खुद को लगातार अपग्रेड करता रहेगा।
भाटी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कोर्ट में प्रभावी बहस के लिए केवल कानूनी प्रावधानों की जानकारी ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि तथ्यों की स्पष्टता, केस की गहराई से समझ और जज के सामने सटीक प्रस्तुति भी बेहद जरूरी होती है।
उन्होंने वकालत के मूलभूत सिद्धांतों—जैसे केस की तैयारी, समय प्रबंधन, और नैतिकता—पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में कानून के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में अधिवक्ताओं को तकनीकी रूप से भी दक्ष होना होगा।
डिजिटल युग में नए-नए कानूनी अपडेट्स, जजमेंट्स और रिसर्च टूल्स का ज्ञान सफलता की कुंजी बन गया है।
व्याख्यान के बाद आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र में अधिवक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका ऐश्वर्या भाटी ने विस्तार से जवाब दिया।
इस दौरान युवा वकीलों ने करियर, कोर्ट में शुरुआती चुनौतियों और बड़े मामलों की तैयारी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बार ने किया स्वागत
विशेष व्याख्यान के पश्चात बार एसोसिएशन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता का सम्मान किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट किया गया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझड़िया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह व्याख्यान अधिवक्ताओं को व्यावसायिक दक्षता और कोर्ट में प्रभावी प्रस्तुति कौशल विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी-अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत, महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझड़िया, सहसचिव डॉ. मिलाप चोपड़ा, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह भाटी सहित कार्यकारिणी सदस्य अनुपम गोपाल व्यास, कृष्णकांत व्यास, आकांक्षा चौधरी, नंदिपना गहलोत और वीरम सिंह राजपुरोहित उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्ता, महिला अधिवक्ता और बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन सहसचिव डॉ. मिलाप चोपड़ा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारिणी सदस्य आकांक्षा चौधरी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
