टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

गनपोंइंट पर पार्षद के अपहरण का आरोप- हाईकोर्ट ने बढ़ाया वोटिंग का समय, गायब पार्षद को शाम 4 बजे तक पुलिस करेगी बरामद, 5 बजे तक चेयरमैन चुनाव में कराएंगी मतदान;

Rajasthan High Court Orders Recovery of Missing Councillor by 4 PM, Voting in Chairperson Election by 5 PM

हाईकोर्ट ने बढ़ाया चुनाव का समय, संबंधित पार्षद को मतदान के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश; अब शाम 5 बजे तक हो सकेगी चेयरमैन पद के लिए वोटिंग

जोधपुर। निकाय चुनावों के बीच श्रीविजयनगर नगर पालिका से सामने आए गंभीर घटनाक्रम पर राजस्थान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।

चेयरमैन पद के चुनाव के बीच एक पार्षद विजय कुमार तन्ना को कथित तौर पर गन पॉइंट पर जबरन ले जाने के आरोप से जुड़ी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस को कड़े आदेश दिए हैं।

डॉ. जस्टिस नूपुर भाटी और जस्टिस बलजिंदर सिंह की खंडपीठ ने विजय तन्ना की पत्नी शशी की ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए गंगानगर एसपी कोआदेश दिया कि विजय तन्ना को शाम 4 बजे तक हर हाल में बरामद कर शाम 5 बजे तक उन्हें चेयरमैन पद के चुनाव में मतदान कराया जाए।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता मुक्तेश माहेश्वरी, निशांत गाबा और मुदित नागपाल ने पैरवी की।

हाईकोर्ट ने बढ़ाया वोटिंग का समय

मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने चेयरमैन पद के चुनाव की समय-सीमा को भी बढ़ाने के आदेश दिए हैं।

पहले चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित था।

अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी करने का समय दिया गया है, ताकि संबंधित पार्षद को भी चुनाव में भाग लेने का अवसर मिल सके।

इस आदेश के बाद अब पुलिस और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती शाम 4 बजे तक पार्षद विजय तन्ना को बरामद करने और शाम 5 बजे से पहले मतदान में शामिल कराने की है।

एसपी को महज 10 मिनट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होने के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने गंगानगर एसपी को तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए।

कोर्ट के आदेश के बाद गंगानगर एसपी करीब 10 मिनट के भीतर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाईकोर्ट के समक्ष पेश हुए।

सुनवाई के दौरान पुलिस से पार्षद की स्थिति और उसे तलाशने के लिए की जा रही कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली गई।

तीन पार्षदों को कथित तौर पर फायरिंग कर ले जाने का आरोप

श्रीविजयनगर नगर पालिका के चेयरमैन चुनाव के बीच सोमवार को उस समय बड़ा विवाद सामने आया, जब तीन कांग्रेस पार्षदों को कथित तौर पर फायरिंग कर जबरन ले जाने के आरोप लगाए गए।

मामले में दो पार्षदों को पुलिस द्वारा दस्तयाब किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि विजय कुमार तन्ना के संबंध में उनकी पत्नी शशी ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि विजय तन्ना को गन पॉइंट पर जबरन अपने साथ ले जाया गया।

मतदान के लिए जाते समय वाहन पर हमला करने का आरोप

हाईकोर्ट में पेश याचिका के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे श्रीविजयनगर नगर पालिका के चेयरमैन पद के लिए मतदान होना था।

याचिका में दावा किया गया है कि विजय तन्ना मतदान के लिए एक वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान श्रीविजयनगर से करीब 10 किलोमीटर दूर नहर बाईपास के पास वाहन को कथित तौर पर रोका गया और उस पर हमला किया गया।

आरोप है कि इसके बाद विजय तन्ना सहित तीन निर्वाचित पार्षदों को गन पॉइंट पर जबरन अपने साथ ले जाया गया।

पत्नी ने हाईकोर्ट में दाखिल की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका

विजय तन्ना की पत्नी शशी की ओर से राजस्थान हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर अपने पति को अदालत के समक्ष पेश कराने की मांग की गई।

शशी की ओर से अधिवक्ता मुक्तेश माहेश्वरी ने दोपहर 1 बजे याचिका दायर कर मामले को मेंशन किया. जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर तत्काल खंडपीठ का गठन किया गया.

याचिका में कहा गया है कि विजय तन्ना श्रीविजयनगर नगर पालिका के निर्वाचित वार्ड सदस्य हैं और चेयरमैन चुनाव में उनका वोट महत्वपूर्ण है।

याचिका में यह भी दावा किया गया कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई और विजय तन्ना का पता लगाने तथा उन्हें सुरक्षित बरामद करने की मांग की गई।

याचिका में तत्काल पुलिस सुरक्षा और स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

हाईकोर्ट ने मामले को लिया गंभीरता से

मामले की सुनवाई डॉ. जस्टिस नूपुर भाटी और जस्टिस बलजिंदर सिंह की खंडपीठ के समक्ष हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने गंगानगर एसपी को तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने के निर्देश दिए। इसके बाद कोर्ट ने पार्षद को निर्धारित समय-सीमा में बरामद कर चुनाव प्रक्रिया में शामिल कराने के निर्देश दिए।

अब 4 और 5 बजे पर टिकी निगाहें

राजस्थान हाईकोर्ट के ताजा आदेश के बाद श्रीविजयनगर चेयरमैन चुनाव में शाम 4 बजे और शाम 5 बजे की समय-सीमा बेहद अहम हो गई है।

सबसे अधिक लोकप्रिय