कोपेनहेगन। अंतरराष्ट्रीय विधि जगत के प्रमुख आयोजनों में शामिल इंटरनेशनल बार एसोसिएशन (IBA) Annual Conference 2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता प्रतीक कासलीवाल इन दिनों डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में हैं।
4 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से कानून, न्याय, मध्यस्थता, कॉरपोरेट लॉ क्षेत्र से जुड़े हजारों पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं।
राजस्थान से सम्मेलन में प्रतिनिधित्व कर रहे The Law Desk के फांउडर और एडवोकेट प्रतीक कासलीवाल ने आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय विधि विशेषज्ञों और भारत से जुड़े प्रमुख पेशेवरों के साथ कई महत्वपूर्ण मुलाकातें और बैठके कीं।
इन बैठकों में भारत-डेनमार्क के बीच विधिक सहयोग, अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता, सीमा-पार कॉमशियल विवादों और कॉरपोरेट कानून के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

भारतीय राजदूत मनीष प्रभात से मुलाकात
सम्मेलन के दूसरे दिन प्रतीक कासलीवाल ने कोपेनहेगन में भारत के राजदूत मनीष प्रभात से मुलाकात की।
इस दौरान दोनों देशों के बीच विधिक एवं व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी सहयोग बढ़ाने तथा भारत और डेनमार्क के बीच व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान वैश्विक स्तर पर भारतीय विधि पेशेवरों के लिए बढ़ते अवसरों और भारत-डेनमार्क के बीच कानूनी सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
Danish Institute of Arbitration के सेक्रेटरी जनरल से अहम चर्चा
कासलीवाल ने Danish Institute of Arbitration के सेक्रेटरी जनरल स्टीफन पिहिलबर्ग से भी मुलाकात की।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता, सीमा-पार विवादों के समाधान और वैकल्पिक विवाद निपटान व्यवस्था के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
भारत और यूरोप के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों के बीच सीमा-पार वाणिज्यिक विवादों के प्रभावी समाधान में अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता की भूमिका भी बैठक में चर्चा का प्रमुख विषय रही।

अंतरराष्ट्रीय कॉरपोरेट एवं कमर्शियल लॉ पर चर्चा
प्रतीक कासलीवाल ने नैमउदीन खाजा, अटॉर्नी एट लॉ तथा डेनमार्क, भारत और ब्रिटेन में सीमा-पार कॉरपोरेट एवं वाणिज्यिक कानून के विशेषज्ञ, से भी मुलाकात की।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कॉरपोरेट एवं कमर्शियल लॉ, सीमा-पार व्यावसायिक मामलों तथा भारत से जुड़े कारोबारी लेन-देन में कानूनी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
Trust Legal के संस्थापक सुधीर मिश्रा से भी मुलाकात
इसी क्रम में कासलीवाल ने Trust Legal के संस्थापक एवं मैनेजिंग पार्टनर सुधीर मिश्रा से भी मुलाकात की।
दोनों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी पेशेवरों के बीच सहयोग, भविष्य में संयुक्त रूप से कार्य करने की संभावनाओं और भारतीय विधि विशेषज्ञों के लिए वैश्विक स्तर पर नए पेशेवर अवसर विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।

राजस्थान के कानूनी अनुभव को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा
इन महत्वपूर्ण बैठकों के दौरान प्रतीक कासलीवाल ने राजस्थान और भारत में विधि क्षेत्र से जुड़े अनुभवों, संभावनाओं और चुनौतियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के वैश्विक सम्मेलन कानून के बदलते स्वरूप को समझने के साथ-साथ विभिन्न देशों के विधि विशेषज्ञों के बीच संवाद और सहयोग के नए रास्ते खोलते हैं।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय अधिवक्ताओं की भागीदारी से न केवल वैश्विक कानूनी व्यवस्था को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि भारत के युवा विधि पेशेवरों के लिए अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग और पेशेवर सहयोग की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।
130 से अधिक न्यायक्षेत्रों के विधि विशेषज्ञों की भागीदारी
IBA Annual Conference 2026 का आयोजन 4 से 9 अक्टूबर तक कोपेनहेगन में किया जा रहा है।
सम्मेलन का प्रमुख आयोजन Bella Center और AC Hotel Bella Sky Copenhagen में हो रहा है। सम्मेलन में दुनिया के 130 से अधिक न्यायक्षेत्रों से कानून एवं न्याय क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों की भागीदारी है।
सम्मेलन में वैश्विक कानूनी रुझानों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कानून, कॉरपोरेट अनुपालन, गवर्नेंस, अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता तथा Rule of Law जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है।
राजस्थान से अधिवक्ता प्रतीक कासलीवाल की इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भागीदारी और विभिन्न देशों के विधि विशेषज्ञों के साथ उनकी मुलाकातें प्रदेश के कानूनी समुदाय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और नेटवर्किंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही हैं।