जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल जोधपुर में स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) के चांसलर भी हैं.
चांसलर के रूप में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने रैगिंग के आरोप में निलंबित किए गए एलएलयू के थर्ड ईयर लॉ स्टूडेंट लक्ष्य लडोइया को बड़ी राहत दी हैं.
मुख्य न्यायाधीश ने विश्वविद्यालय द्वारा लक्ष्या के खिलाफ 20 अगस्त 2026 को जारी किया गया निलंबन आदेश रद्द कर दिया है।
मुख्य न्यायाधीश यानी चांसलर ने माना कि मामले में अपीलार्थी विद्यार्थी को अपना पक्ष रखने का उचित एवं पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया था। ऐसे में विवादित आदेश को कायम रखना न्यायसंगत नहीं होगा।
हालांकि, चांसलर ने स्पष्ट किया कि आदेश निरस्त करने का अर्थ यह नहीं है कि विद्यार्थी को आरोपों से पूरी तरह मुक्त घोषित कर दिया गया है।
मामले में दूसरे विद्यार्थी की भूमिका और घटना के संबंध में कोई अंतिम राय भी व्यक्त नहीं की गई है।
लक्ष्य को भविष्य में विश्वविद्यालय परिसर एवं छात्रावास में अच्छा आचरण बनाए रखने तथा शिकायतकर्ता या किसी गवाह से संपर्क नहीं करने की हिदायत भी दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
लक्ष्य लडोइया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर में बीए एलएलबी (ऑनर्स) के तृतीय वर्ष के पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थी हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश को चुनौती दी थी।
यह आदेश विश्वविद्यालय की एंटी-रैगिंग कमेटी की कार्रवाई के बाद जारी किया गया था।
शिकायत में रैगिंग से संबंधित घटना का उल्लेख किया गया था, जिसके संबंध में विश्वविद्यालय की एंटी-रैगिंग स्क्वाड ने जांच की।
इसके बाद विद्यार्थी को एक वर्ष के लिए हॉस्टल से निलंबित करने, विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश एवं विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी पर प्रतिबंध लगाने सहित कई दंडात्मक कदम उठाए गए थे।
आदेश के तहत लक्ष्य को एक वर्ष के लिए छात्रावास से निलंबित किया गया था। साथ ही, शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के दौरान विश्वविद्यालय की खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया गया था।
विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी तक उनकी पहुंच भी सीमित कर दी गई थी।
मुख्य न्यायाधीश के चैंबर में हुई मामले की सुनवाई
इस आदेश के खिलाफ लॉ स्टूडेंट ने चांसलर और मुख्य न्यायाधीश के पीएस के समक्ष अपील दायर की.
अपील दायर करने पर मुख्य न्यायाधीश ने लॉ स्टूडेंट के भविष्य के देखते हुए सुनवाई का अवसर देते हुए साथ ही एनएलयू प्रशासन का भी जवाब सुना.
Student की ओर से क्या दलीलें दी गईं?
अपीलार्थी की ओर से अधिवक्ता मुदित नागपाल ने चांसलर के समक्ष कई महत्वपूर्ण दलीलें रखीं।
घटना में प्रत्यक्ष मारपीट का आरोप नहीं
विद्यार्थी की ओर से दलील दी गई कि न तो समन और न ही कारण बताओ नोटिस में उनके द्वारा किसी प्रकार की मारपीट, शारीरिक चोट या बल प्रयोग किए जाने का स्पष्ट आरोप था। उनके अनुसार, वह प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के बीच हुए विवाद में शामिल पक्ष नहीं थे।
शिकायत और आरोपों का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया
अपीलार्थी की ओर से कहा गया कि 9 अगस्त 2026 को लिखित अनुरोध करने के बावजूद उन्हें शिकायत के विस्तृत तथ्य और जांच से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। उनका यह भी कहना था कि कारण बताओ नोटिस में 7 अगस्त की घटना का उल्लेख था, जबकि उनसे 6 अगस्त की रात SRK हॉल में हुई घटना के संबंध में जवाब मांगा गया।
निष्पक्ष सुनवाई का पर्याप्त अवसर नहीं मिला
विद्यार्थी की ओर से यह तर्क दिया गया कि जांच रिपोर्ट, मेडिकल रिपोर्ट और एंटी-रैगिंग कमेटी के निर्णय पर भरोसा किया गया, लेकिन संबंधित सामग्री उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। उनके अनुसार, बिना आवश्यक दस्तावेजों तक पहुंच दिए प्रभावी बचाव का अवसर नहीं मिला।
दंड का शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन पर गंभीर प्रभाव
अपीलार्थी ने दलील दी कि छात्रावास, लाइब्रेरी, खेल सुविधाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वंचित किए जाने से उनकी पढ़ाई, विश्वविद्यालय की गतिविधियों में भागीदारी और प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करने के अवसर वापस नहीं मिल सकते।
गवाहों के परीक्षण को लेकर सवाल
अपीलार्थी की ओर से यह भी कहा गया कि लिखित और मौखिक रूप से नामित तीन गवाहों में से हर्ष तिवारी और अरिजीत सिंह उस रात रूम नंबर 303 में मौजूद थे, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं की गई।
विश्वविद्यालय ने क्या पक्ष रखा?
विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता पंकज और एंटी-रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) शिल्पू राव ने विवादित आदेश का बचाव किया।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि यह कार्रवाई किसी आपराधिक मुकदमे की तरह नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के वैधानिक नियमों के तहत की गई आंतरिक अनुशासनात्मक जांच का परिणाम थी।
इसलिए आपराधिक मुकदमे में लागू साक्ष्य के कठोर मानकों को विश्वविद्यालय की विभागीय जांच पर उसी तरह लागू नहीं किया जा सकता।
विश्वविद्यालय ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय Board of High School and Intermediate Education, U.P. v. Bagleshwar Prasad का हवाला देते हुए दलील दी कि शैक्षणिक संस्थानों की अनुशासनात्मक जांच में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन आवश्यक है, लेकिन आपराधिक मुकदमे जैसी प्रक्रिया अनिवार्य नहीं है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, जांच में घटना के समय, कमरे में मौजूद विद्यार्थियों, टेलीफोन कॉल के रिकॉर्ड और अपीलार्थी द्वारा दी गई जानकारी सहित विभिन्न तथ्यों पर विचार किया गया था।
विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान की गोपनीयता बनाए रखना नियामकीय दायित्व था और नियमों के तहत विद्यार्थी को प्रत्येक दस्तावेज या शिकायतकर्ता की पहचान उपलब्ध कराना अनिवार्य नहीं था।
विश्वविद्यालय ने यह भी दलील दी कि कार्रवाई विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के रैगिंग-रोधी नियमों और विश्वविद्यालय के अपने नियमों के अनुरूप की गई थी।
जांच रिपोर्ट में क्या सामने आया?
चांसलर के आदेश में एंटी-रैगिंग स्क्वाड की जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों का भी उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात शिकायतकर्ता को एक स्टूडेंट ने SRK हॉस्टल में बुलाया था और दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद हुआ था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और इस दौरान चोटें आईं। रिपोर्ट में मेडिकल परीक्षण का उल्लेख भी किया गया।
जांच रिपोर्ट में यह भी दर्ज किया गया कि शिकायतकर्ता के बयान और अपीलार्थी के पक्ष में सामने आए तथ्यों में कुछ अंतर थे।
रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्य ने कथित शारीरिक झड़प में अपनी भूमिका से इनकार किया था। जांच टीम ने घटना के समय मौजूद विद्यार्थियों के बयानों, विवाद की परिस्थितियों और उपलब्ध सामग्री पर विचार किया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि लक्ष्य का घटना के समय संबंधित कमरे में मौजूद होना दर्ज किया गया, लेकिन शिकायतकर्ता और दूसरे विद्यार्थी के बीच हुई शारीरिक झड़प में उनकी भूमिका को लेकर अलग-अलग तथ्य सामने आए।
एंटी-रैगिंग स्क्वाड ने अपनी अनुशंसाओं में घटना को UGC के रैगिंग-रोधी नियमों के अंतर्गत गंभीरता से विचारणीय माना तथा विश्वविद्यालय से नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की सिफारिश की।
चांसलर की प्रमुख टिप्पणियां और अवलोकन
चांसलर यानी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं।
विद्यार्थी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर नहीं मिला
आदेश में चांसलर ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड के समग्र अवलोकन से यह स्पष्ट होता है कि अपीलार्थी को अपना पक्ष रखने का उचित एवं पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। निष्पक्ष प्रक्रिया के लिए संबंधित विद्यार्थी को अपने बचाव में तथ्य प्रस्तुत करने का वास्तविक अवसर मिलना आवश्यक है।
विवादित आदेश निरस्त करना न्यायसंगत
चांसलर ने माना कि मामले की परिस्थितियों, पक्षकारों की दलीलों और सक्षम प्राधिकारी की जांच के रिकॉर्ड को देखते हुए 20 अगस्त 2026 का विवादित आदेश निरस्त किया जाना उचित है।
जांच और दंडात्मक कार्रवाई के बीच प्रक्रिया का महत्व
आदेश का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि विश्वविद्यालय की अनुशासनात्मक कार्रवाई में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन आवश्यक है। केवल जांच किए जाने से यह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि प्रभावित विद्यार्थी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर भी दिया गया।
दूसरे विद्यार्थी की भूमिका पर कोई अंतिम राय नहीं
चांसलर ने स्पष्ट किया कि आदेश में दूसरे विद्यार्थी की भूमिका, यदि कोई हो, के संबंध में कोई राय व्यक्त नहीं की गई है। इस प्रकार, अपील का निस्तारण लक्ष्य के विरुद्ध जारी आदेश की वैधता और सुनवाई के अवसर से जुड़े पहलुओं के आधार पर किया गया।
भविष्य में अच्छे आचरण की हिदायत
राहत देने के साथ चांसलर ने लक्ष्य को विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावास में अच्छा आचरण बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्हें शिकायतकर्ता या किसी भी गवाह से संपर्क या संपर्क करने का प्रयास नहीं करने को कहा गया। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थी भविष्य में सावधानी बरतें।
क्या रैगिंग के आरोप पूरी तरह समाप्त हो गए?
नहीं। चांसलर के आदेश में 20 अगस्त 2026 का निलंबन आदेश निरस्त किया गया है, आदेश में चांसलर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने घटना में शामिल दूसरे विद्यार्थी की भूमिका पर कोई राय नहीं बनाई है।
इसलिए इस फैसले का मुख्य आधार अपीलार्थी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर नहीं दिया जाना है, न कि घटना से संबंधित प्रत्येक आरोप पर अंतिम निष्कर्ष।
विश्वविद्यालयों को रैगिंग जैसी गंभीर शिकायतों पर कार्रवाई करने का अधिकार है, लेकिन ऐसी कार्रवाई में संबंधित विद्यार्थी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर देना भी आवश्यक है।
चांसलर ने क्या आदेश दिया?
राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं NLU जोधपुर के चांसलर जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने आदेश दिए कि
विश्वविद्यालय द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी विवादित कार्यालय आदेश निरस्त किया जाता है।
अपीलार्थी को विश्वविद्यालय परिसर और छात्रावास में अच्छा आचरण बनाए रखना होगा।
अपीलार्थी शिकायतकर्ता या किसी गवाह से संपर्क नहीं करेंगे और न ही ऐसा करने का प्रयास करेंगे।
दूसरे विद्यार्थी की भूमिका के संबंध में चांसलर ने कोई राय व्यक्त नहीं की है।
