जोधपुर। राजस्थान में अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए जयपुर और जोधपुर की तर्ज पर अजमेर में भी अधिवक्ता भवन बनाने की मांग उठी है।
राजस्थान बार काउंसिल की कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है।
अब बार काउंसिल के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्य सरकार से भवन के लिए मुफ्त जमीन आवंटित करने और निर्माण के लिए जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध करेगा।

अजमेर में अधिवक्ता भवन की जरूरत क्यों?
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान की कार्यकारिणी समिति की बैठक 24 अक्टूबर को जोधपुर स्थित कार्यालय में अध्यक्ष योगेंद्र सिंह शकतावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अजमेर में अधिवक्ता भवन बनाने की जरूरत पर चर्चा की गई।
समिति ने कहा कि राजस्थान राजस्व मंडल न्यायालय अजमेर में स्थित है। ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से अधिवक्ताओं को राजस्व मंडल से जुड़े मामलों की पैरवी के लिए अजमेर आना पड़ता है।
इस कारण कई अधिवक्ताओं को अजमेर में ठहरने में परेशानी होती है। अधिवक्ताओं की इस जरूरत को ध्यान में रखते हुए समिति ने अजमेर में भी अधिवक्ता भवन बनाने की आवश्यकता स्वीकार की।
मुख्य सचिव से मिलकर जमीन और बजट की करेंगे मांग
बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है कि बार काउंसिल के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात करेगा।
प्रतिनिधिमंडल अजमेर में अधिवक्ता भवन के लिए निशुल्क भूमि आवंटित करने और उसके निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध करेगा।
फिलहाल बार काउंसिल ने भवन निर्माण की जरूरत को लेकर प्रस्ताव पारित किया है। इसके लिए जमीन और बजट उपलब्ध कराने की मांग राज्य सरकार के सामने रखी जाएगी।
वकीलों के नाम परिवर्तन के आवेदनों पर भी फैसला
बैठक में अधिवक्ताओं की ओर से नाम परिवर्तन के लिए दिए गए आवेदनों पर विचार-विमर्श कर उनका निस्तारण किया गया।
इसके अलावा, नाम के आगे ‘डॉ.’ लगाने की अनुमति मांगने वाले अधिवक्ताओं के आवेदनों पर भी विचार किया गया और उन्हें अनुमति प्रदान की गई।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में बार काउंसिल की उपाध्यक्ष अंजली कौशिक सहित सदस्य सुरेशचंद श्रीमाली, हरेंद्र सिंह सिसोदिया, देवीलाल रावला, रजनीश गुप्ता और प्रशांत शर्मा मौजूद रहे। विशेष आमंत्रित सदस्यों में राजेश पंवार, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य संजय साहू, देवेंद्र हसन, सतीश कुमार खांडल, सुखीश बाला जैन और अनामिका सांदू भी शामिल हुए।
