टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा दो वकालतनामे की पात्रता का विवाद, राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर एसएलपी दायर

Rajasthan High Court Bar Election: Two Vakalatnamas Rule Challenge Reaches Supreme Court

एसएलपी में 23 नवंबर 2026 के राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ के अंतरिम आदेश को दी गई चुनौती; याचिकाकर्ता ने एकलपीठ के उस फैसले को बहाल करने की मांग की, जिसमें मतदान के लिए दो वकालतनामे या दो पेशियों का प्रमाण अनिवार्य किया गया था।

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के चुनाव में मतदान के लिए कम से कम दो वकालतनामे या दो पेशियों का प्रमाण देने की अनिवार्यता को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।

अधिवक्ता विशाल करनानी ने राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ के 23 नवंबर 2026 के अंतरिम आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की है।

याचिका में हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने और 20 नवंबर को एकलपीठ द्वारा दिए गए फैसले के अनुसार चुनाव कराने की मांग की गई है।

दो पेशियों या वकालतनामों की शर्त फिर से लागू करने की मांग

याचिका के अनुसार, राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने 2 नवंबर 2026 को वार्षिक चुनाव की घोषणा करते हुए 11 दिसंबर को मतदान कराने का कार्यक्रम जारी किया था।

इसके बाद 3 नवंबर को चुनाव समिति ने मतदान के इच्छुक सदस्यों के लिए जयपुर पीठ में कम से कम दो पेशियों या दो वकालतनामों का प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य किया था।

निर्वाचन समिति ने 4 नवंबर और 14 नवंबर को जारी स्पष्टीकरणों के माध्यम से इस शर्त में कुछ स्पष्टताएं भी दी थीं।

इनमें कहा गया था कि अधिवक्ता अपने पूरे व्यावसायिक जीवन में कभी भी हुई दो पेशियों या दो वकालतनामों का प्रमाण दे सकते हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ या किसी अन्य अधिवक्ता के साथ की गई पेशी को भी मान्य किया जाना था।

चुनाव अधिकरण के आदेश के बाद हटाई गई थी शर्त

इस शर्त को लेकर आपत्तियां निर्वाचन अधिकरण के समक्ष रखी गईं।

17 नवंबर को अधिकरण ने अपने आदेश में कहा कि निर्वाचन समिति नियमित रूप से हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वकालतनामे प्रस्तुत करने की शर्त निर्धारित करने में स्वतंत्र रूप से सक्षम है।

हालांकि, अधिकरण ने यह भी माना कि 3 नवंबर का नोटिस और उससे संबंधित स्पष्टीकरण प्रस्तावित चुनाव उपविधियों के प्रावधानों के आधार पर विधिक रूप से उचित नहीं थे, क्योंकि उन उपविधियों को सामान्य सभा से अनुमोदित होना साबित नहीं किया गया था।

इसी दिन निर्वाचन समिति ने अधिसूचना जारी कर दो वकालतनामों या दो पेशियों का प्रमाण देने की अनिवार्यता हटा दी और केवल शपथपत्र के आधार पर मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय किया।

एकलपीठ ने शर्त बहाल कर निर्वाचन समिति की अधिसूचना रद्द की

निर्वाचन समिति की 17 नवंबर की अधिसूचना को चुनौती देते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

इस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ के न्यायाधीश जस्टिस आनंद शर्मा ने 20 नवंबर 2026 को याचिका स्वीकार कर ली।

एकलपीठ ने 17 नवंबर की अधिसूचना निरस्त करते हुए 3 और 4 नवंबर को जारी पूर्व नोटिस बहाल कर दिए।

हाईकोर्ट ने माना कि निर्वाचन समिति को मतदाता सूची में शामिल होने वाले सदस्यों की पात्रता सत्यापित करने के लिए उचित नियामक शर्तें निर्धारित करने का अधिकार है।

अदालत के अनुसार, जयपुर पीठ में दो पेशियों या दो वकालतनामों का प्रमाण देने की शर्त न तो मनमानी थी और न ही अवैध।

एकलपीठ ने निर्वाचन समिति की सहमति से संबंधित प्रमाण और शपथपत्र प्रस्तुत करने की समय-सीमा 23 नवंबर शाम 5 बजे तक बढ़ा दी थी।

खंडपीठ ने एकलपीठ के फैसले पर लगाई अंतरिम रोक

एकलपीठ के फैसले के खिलाफ गजेंद्र सिंह शेखावत, महेंद्र शांडिल्य और कुलदीप शर्मा की ओर से विशेष अपीलें दायर की गईं।

इन अपीलों पर 23 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने सुनवाई की।

खंडपीठ ने अपीलों में नोटिस जारी करते हुए एकलपीठ के 20 नवंबर के फैसले के पैरा 26 के प्रभाव और क्रियान्वयन पर रोक लगा दी।

इसके परिणामी प्रभाव के रूप में पैरा 27 और उससे जुड़े अन्य कदमों पर भी रोक लगाई गई।

अदालत ने आदेश दिया कि राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 2 नवंबर को जारी मूल सामान्य नोटिस के अनुसार बिना किसी बाधा के जारी रहेगा। मामले को तीन सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने और इस बीच जवाब पेश करने के निर्देश दिए गए।

सुप्रीम कोर्ट में खंडपीठ के आदेश को चुनौती

अब अधिवक्ता विशाल कर्णानी ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर कर 23 नवंबर के इस अंतरिम आदेश को चुनौती दी है।

याचिका में कहा गया है कि खंडपीठ ने एकलपीठ के विस्तृत और तर्कपूर्ण फैसले पर रोक लगाते समय यह स्पष्ट नहीं किया कि एकलपीठ की कौन-सी निष्कर्ष या कानूनी व्याख्या प्रथम दृष्टया गलत अथवा अस्थिर है।

याचिकाकर्ता का तर्क है कि 12 सितंबर 2017 को राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ द्वारा बार एसोसिएशनों के चुनाव के लिए जारी दिशा-निर्देश निर्वाचन समिति को चुनाव प्रक्रिया पर व्यापक नियंत्रण प्रदान करते हैं।

इन दिशा-निर्देशों में निर्वाचन समिति को नियमित रूप से संबंधित न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं की पहचान के लिए उचित शर्तें निर्धारित करने से नहीं रोका गया है।

याचिका में सुप्रीम कोर्ट के सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन बनाम बी.डी. कौशिक मामले में दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया गया है।

याचिकाकर्ता के अनुसार, इस फैसले में अदालत ने माना था कि न्यायालय से संबद्ध बार एसोसिएशन की सदस्यता और चुनाव में मतदान का अधिकार नियमित रूप से संबंधित न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं से जुड़ा हो सकता है।

याचिका में यह भी कहा गया है कि बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान का अधिकार न तो मौलिक अधिकार है और न ही सामान्य विधि के तहत प्राप्त अधिकार, इसलिए इसके लिए उचित शर्तें निर्धारित की जा सकती हैं।

मतदाता सूची जारी होने और चुनाव की तारीख को बताया महत्वपूर्ण

याचिका में चुनाव कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा गया है कि अस्थायी मतदाता सूची 26 नवंबर और अंतिम मतदाता सूची 27 नवंबर को प्रकाशित होनी है।

नामांकन की प्रक्रिया 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक निर्धारित है, जबकि मतदान 11 दिसंबर 2026 को होना है।

याचिकाकर्ता का कहना है कि यदि दो पेशियों या दो वकालतनामों के प्रमाण की शर्त के बिना मतदाता सूची तैयार कर चुनाव करा दिया गया, तो बाद में इसके परिणामों को बदलना बेहद कठिन होगा।

इसलिए सुप्रीम कोर्ट से आग्रह किया गया है कि राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ के 23 नवंबर के आदेश पर रोक लगाई जाए और एकलपीठ के 20 नवंबर के फैसले के अनुसार चुनाव प्रक्रिया संचालित करने का निर्देश दिया जाए।

याचिकाकर्ता विशाल करनानी राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। याचिका में बताया गया है कि वे वर्ष 2021 में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए थे और उनके पास बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा जारी प्रैक्टिस प्रमाणपत्र भी है।

वे एकलपीठ और विशेष अपील की कार्यवाही में पक्षकार नहीं थे, इसलिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के लिए अनुमति मांगी गई है।

सबसे अधिक लोकप्रिय