नई दिल्ली/जयपुर। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-21) का आयोजन 7 जून 2026 को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कि जाएगी.
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र दोनों अनिवार्य होंगे। इनमें से किसी भी दस्तावेज की अनुपस्थिति में अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन दस्तावेजों को साथ ले जाना जरूरी
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ ले जाने होंगे—
AIBE-21 का प्रिंटेड एडमिट कार्ड
आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य कोई वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र
बीसीआई के अनुसार, दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को सुबह 11:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। बार काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 1:15 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, चाहे उसके पास वैध कारण ही क्यों न हो।
इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र का स्थान और पहुंचने का मार्ग सुनिश्चित कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
प्रतिबंधित सामान ले जाने पर होगी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र के भीतर निम्नलिखित वस्तुओं को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा—
मोबाइल फोन
स्मार्ट वॉच और डिजिटल घड़ी
कैलकुलेटर
हैंडबैग
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
किताबें और नोट्स
कागज एवं अन्य अध्ययन सामग्री
यदि कोई उम्मीदवार प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा जाता है या नकल करते हुए पाया जाता है तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द की जा सकती है।
OMR शीट भरते समय रखें विशेष सावधानी
परीक्षा में उत्तर पुस्तिका और ओएमआर शीट भरते समय उम्मीदवारों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
केवल नीले या काले बॉल पेन का ही उपयोग करें।
पेंसिल या अन्य रंग के पेन का उपयोग करने पर उत्तर पुस्तिका अमान्य घोषित की जा सकती है।
रोल नंबर, प्रश्नपत्र सेट कोड और अन्य विवरण सही-सही भरें।
किसी भी प्रकार की त्रुटि के कारण उत्तर पुस्तिका अस्वीकार की जा सकती है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान भी किए हैं।
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
इसके लिए प्रमाणित दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
दृष्टिबाधित अथवा स्वयं लिखने में असमर्थ अभ्यर्थी अपने साथ लेखक (Scribe) ला सकते हैं।
लेखक स्नातक होना चाहिए तथा कानून या कला संकाय का छात्र नहीं होना चाहिए।
लेखक का वैध पहचान पत्र साथ होना अनिवार्य होगा।
परीक्षा केंद्र द्वारा लेखक उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
ऐसे डाउनलोड करें AIBE-21 एडमिट कार्ड
उम्मीदवार निम्नलिखित चरणों का पालन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं—
AIBE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
“AIBE XXI Admit Card” लिंक पर क्लिक करें।
अपना लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज करें।
स्क्रीन पर एडमिट कार्ड प्रदर्शित होगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और उसका प्रिंटआउट निकाल लें।
परीक्षा से पहले निर्देशों को अवश्य पढ़ें
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा में शामिल होने से पहले एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
परीक्षा में बैठना प्रारंभिक रूप से अस्थायी माना जाएगा और पात्रता संबंधी किसी भी कमी पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
AIBE-21 में शामिल होने जा रहे हजारों कानून स्नातकों के लिए यह परीक्षा उनके पेशेवर करियर की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जा रही है।
ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।
वकालत की प्रैक्टिस के लिए जरूरी है AIBE
एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद देश में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन उत्तीर्ण करना आवश्यक होता है।
यह परीक्षा अधिवक्ताओं की पेशेवर योग्यता का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। इस वर्ष परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी।
एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा अवधि और अन्य महत्वपूर्ण निर्देश अंकित होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।