जयपुर, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज राजस्थान हाईकोर्ट में राज्यस्तरीय डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अशोक कुमार जैन द्वारा किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे हाईकोर्ट परिसर स्थित सतीशचंद्र सभागार में होगा.
उदघाटन समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
160 से अधिक छात्र, कई विश्वविद्यालयों की भागीदारी
इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर 21 टीमों ने इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रदेशभर की इन 21 विश्वविद्यालयों के 160 से अधिक छात्र भागीदारी इसे राज्यस्तर से आगे एक व्यापक आयाम दे रही है।
LEGAL संस्थान और RHCBA का संयुक्त आयोजन
यह कार्यक्रम LEGAL संस्थान और राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य न केवल प्रतिस्पर्धा बल्कि छात्रों को संविधान, न्याय और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करना भी है।

अंबेडकर के जीवन पर विशेष व्याख्यान
उद्घाटन के बाद पहले सत्र में डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा।
इस सत्र में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सुशांत इन्द्रजीत सिंह मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित करेंगे, जबकि इस सत्र के मुख्य अतिथी अतिरिक्त महाधिवक्ता भुवनेश शर्मा रहेंगे.
डॉक्यूमेंट्री प्रेजेंटेशन में दिखेगा युवाओं का विजन
दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाले दूसरे सत्र में प्रतिभागी टीमें अपनी-अपनी डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत करेंगी।
इसमें छात्र डॉ. अंबेडकर के जीवन के विभिन्न पहलुओं—संघर्ष, उपलब्धियां, सामाजिक आंदोलन और दूरदर्शी सोच—को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित करेंगे।
इस सत्र के मुख्य अतिथि एडिशनल सॉलिसिटर जनरल भरत व्यास होंगे, जबकि ज्यूरी पैनल में अधिवक्ता सूर्यप्रताप सिंह राजावत और डॉ. राजेश मेथी शामिल हैं।

शाम को होगा पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता के समापन पर शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः ₹5,100, ₹3,100 और ₹2,100 के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, साथ ही 11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
समापन समारोह में जस्टिस जे. के. रांका, वरिष्ठ अधिवक्ता तनवीर अहमद सहित विधि जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।
युवाओं के लिए सीख और अभिव्यक्ति का मंच
LEGAL संस्थान के ऋिषी अग्रवाल के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल एक इवेंट नहीं, बल्कि युवाओं के लिए सीखने, शोध करने और अपनी अभिव्यक्ति को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने का एक सशक्त मंच है। यह पहल युवाओं को संविधान, समानता और सामाजिक न्याय जैसे मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।