टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

BREAKING: राजस्थान न्यायपालिका में खेलों का महाकुंभ, “जजेज़ प्रीमियर लीग 2026” का भव्य समापन, 200 से अधिक न्यायिक अधिकारियों ने दिखाया दम

Judges Premier League 2026 Concludes Grandly in Jaipur, Over 200 Judicial Officers Showcase Sporting Spirit

जयपुर। राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी में आयोजित “जजेज़ प्रीमियर लीग 2026” का मंगलवार देर शाम भव्य और ऐतिहासिक समापन हुआ।

राजस्थान हाईकोर्ट के संरक्षण में आयोजित इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट ने न्यायपालिका के भीतर खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा रहे।

उनके साथ वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, जस्टिस विनीत कुमार माथुर, जस्टिस नुपूर भाटी, जस्टिस फरजंद अली, जस्टिस अशोक कुमार जैन तथा रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि सत्यनिष्ठा, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व निर्माण का सशक्त मंच हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों के व्यक्तित्व विकास में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समापन समारोह की शुरुआत भव्य मार्च-पास्ट और सलामी से हुई।

इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा “वंदे मातरम्” और राष्ट्रगान की विशेष प्रस्तुति ने समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

समारोह में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने खेल मशाल खिलाड़ियों को सौंपते हुए खेल भावना और समर्पण का संदेश दिया। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए गए।

विशेष बात यह रही कि समापन समारोह में मौजूद सभी न्यायाधीशों ने स्वयं खिलाड़ियों को पदक पहनाकर उनके प्रदर्शन और मेहनत की सराहना की।

आयोजन को सफल बनाने वाले प्रशिक्षकों, चिकित्सकों, पुलिस बैंड, शोधार्थियों और अकादमी स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।

आरजेएस इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत आयोजित इस लीग में 200 से अधिक प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं अकादमी के सह-अध्यक्ष जस्टिस विनीत कुमार माथुर द्वारा मशाल प्रज्वलित कर किया गया था। उद्घाटन समारोह में ध्वजारोहण, खेल शपथ और औपचारिक उद्घोष के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों में एकता, धैर्य और नेतृत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

पूरे मेगा स्पोर्ट्स इवेंट के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने क्रिकेट, बैडमिंटन, पिकलबॉल सहित आठ अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान 265 से अधिक रोमांचक मुकाबले खेले गए और कुल 151 पदकों का वितरण किया गया। कई दिनों तक राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी परिसर खेल उत्साह और प्रतिस्पर्धा का केंद्र बना रहा।

आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण “रनिटी 2026” मैराथन रही, जिसकी शुरुआत राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य द्वार से हुई। न्यायिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।

वहीं “आरोग्य वाटिका” अभियान के तहत औषधीय पौधों का रोपण कर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

“जजेज़ प्रीमियर लीग 2026” ने यह साबित कर दिया कि न्यायपालिका केवल कानून और न्याय तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा देने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।

सबसे अधिक लोकप्रिय