टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

अब राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बार ने जजों के तबादले पर जताया ऐतराज, मुख्य न्यायाधीश से पुनर्विचार की मांग

Rajasthan HC Bar Association Seeks Reconsideration of Orders Sending Judges to Jodhpur
बार एसोसिएशन बोली- जयपुर में 3.90 लाख मामले लंबित, जजों की संख्या घटने से न्यायिक कार्य प्रभावित होने की आशंका; कहा- दोनों पीठों में जजों की संख्या मामलों के बोझ के अनुपात में हो

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ से न्यायाधीशों को मुख्यपीठ जोधपुर भेजे जाने के आदेशों को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर ने चिंता जताई है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजकर 3 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश से जजों को जोधपुर में बैठने के लिए नामित किए जाने संबंधी आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।

एसोसिएशन ने कहा है कि न्यायाधीशों की संख्या दोनों पीठों पर बराबर करने का उद्देश्य समझ में आता है, लेकिन केवल न्यायाधीशों की संख्या में समानता को कार्यभार की समानता नहीं माना जा सकता।

अध्यक्ष राजीव सोगरवाल के अनुसार जयपुर पीठ पर लंबित मामलों की संख्या जोधपुर की तुलना में काफी अधिक है और ऐसे में जयपुर में न्यायाधीशों की संख्या कम करने से मामलों के निस्तारण की गति प्रभावित होने की आशंका है।

तीन आदेशों के जरिए चार जज जोधपुर भेजे गए

बार एसोसिएशन के अनुसार 3 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत जस्टिस आशुतोष कुमार और जस्टिस चंद्र प्रकाश श्रीमाली को 5 अक्टूबर 2026 से अगले आदेश तक जोधपुर मुख्यपीठ में बैठने के लिए नामित किया गया है।

वहीं, दूसरे एक आदेश से जस्टिस मनीष शर्मा को 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जोधपुर में बैठने के लिए नामित किया गया है।

इसके अतिरिक्त जस्टिस बिपिन गुप्ता को पहले से ही एक अलग आदेश के तहत जोधपुर में बैठने के लिए नामित किया गया है।

जजों की संख्या बराबर करने से कार्यभार बराबर नहीं होगा

एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश को भेजे पत्र में कहा कि वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश को छोड़कर जयपुर पीठ में 22 न्यायाधीश और जोधपुर में 15 न्यायाधीश बैठ रहे हैं। प्रस्तावित बदलाव के बाद यह संख्या जयपुर में 19 और जोधपुर में 18 हो जाएगी।

एसोसिएशन ने कहा कि दोनों स्थानों पर न्यायाधीशों की संख्या को करीब लाने के उद्देश्य को वह समझती है और उसका सम्मान भी करती है, लेकिन दोनों पीठों पर लंबित मामलों का बोझ समान नहीं है।

जयपुर में 3.90 लाख से ज्यादा मामले लंबित

बार एसोसिएशन ने हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध वर्चुअल जस्टिस क्लॉक के 30 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा है कि कुल 6,82,946 लंबित मामलों में से जयपुर पीठ में 3,90,423 मामले लंबित हैं, जबकि जोधपुर में लंबित मामलों की संख्या 2,92,523 है।

आंकड़ों के अनुसार जयपुर में सिविल मामलों की लंबित संख्या 98,293, आपराधिक मामलों की 1,16,387 और रिट मामलों की 1,75,743 है। वहीं जोधपुर में क्रमशः 66,157, 70,419 और 1,55,947 मामले लंबित हैं।

एसोसिएशन के अनुसार जयपुर में कुल लंबित मामले कुल लंबित मामलों का करीब 57 प्रतिशत हैं और जयपुर में जोधपुर की तुलना में लगभग 98 हजार अधिक मामले लंबित हैं। सिविल, आपराधिक और रिट—तीनों श्रेणियों में जयपुर की लंबित मामलों की संख्या अधिक है।

जजों की संख्या घटने पर प्रति जज बढ़ जाएगा लंबित मामलों का बोझ

बार एसोसिएशन ने अपने पत्र में कहा है कि प्रस्तावित बदलाव के बाद जयपुर में प्रत्येक न्यायाधीश पर औसतन करीब 20,500 लंबित मामलों का भार होगा, जबकि जोधपुर में यह आंकड़ा करीब 16,250 मामले प्रति न्यायाधीश होगा।

एसोसिएशन का तर्क है कि जजों की संख्या में अंतर कम करने के बावजूद वास्तविक कार्यभार का अंतर खत्म नहीं होगा, बल्कि प्रति न्यायाधीश मामलों के बोझ के लिहाज से स्थिति उलट सकती है।

डिवीजन बेंच और विशेष पीठों के गठन पर भी असर की आशंका

बार एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि जयपुर में न्यायाधीशों की संख्या कम होने से लंबित मामलों के निस्तारण की गति धीमी हो सकती है।

इसके साथ ही डिवीजन बेंच और विशेष पीठों के गठन में भी दबाव बढ़ सकता है और जयपुर पीठ पर मामलों के लिए litigants को अधिक समय तक इंतजार करना पड़ सकता है।

एसोसिएशन ने कहा कि इसका सीधा प्रभाव उन अधिवक्ताओं और पक्षकारों पर पड़ेगा, जो जयपुर पीठ से समय पर न्यायिक राहत की उम्मीद करते हैं।

मुख्य न्यायाधीश से तीन मांगें

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर ने मुख्य न्यायाधीश से तीन प्रमुख मांगें की हैं।

जयपुर के जजों को जोधपुर में बैठने के लिए नामित करने वाले आदेश पर पुनर्विचार किया जाए और आवश्यकता होने पर इन्हें वापस लिया जाए या फिलहाल स्थगित रखा जाए।

दूसरी, दोनों पीठों पर न्यायाधीशों की संख्या तय करते समय केवल संख्या में समानता के बजाय संबंधित पीठ पर मामलों की संस्थिति और लंबित मामलों के अनुपात को आधार बनाया जाए।

तीसरी, बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष व्यक्तिगत रूप से अपनी बात रखने के लिए संक्षिप्त मुलाकात का अवसर दिया जाए।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा की ओर से सोमवार को यह पत्र भेजा गया है।

सबसे अधिक लोकप्रिय