टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

प्रदेश की पहली सायंकालीन राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ 226 मुकदमों का निस्तारण, प्रदेशभर में 6.74 लाख पेंडिंग मुकदमों का निस्तारण, 11 अरब के अवॉर्ड पारित

First National Lok Adalat of 2026 Begins in Rajasthan, Nearly 10 Lakh Cases to be Heard in One Day

जयपुर/जोधपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर प्रदेशभर में आयोजित हुई वर्ष 2025 की चौथी और अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड 6,74,458 पेंडिंग मुकदमों का आपसी राजीनामे के आधार पर निस्तारण हुआ है।

राजस्थान हाईकोर्ट सहित प्रदेशभर की अदालतों में 19 दिसंबर और 21 दिसंबर को आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में 6,74,458 पेंडिंग मुकदमों सहित कुल 55 लाख 22 हजार मुकदमों के निस्तारण का दावा किया गया है।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर, रविवार को प्रदेशभर की अदालतों में कुल 472 विशेष बेंचों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।

11 अरब के अवॉर्ड पारित

इस राष्ट्रीय लोक अदालत में पेंडिंग और प्री-लिटिगेशन के कुल 55 लाख 21 हजार 157 प्रकरणों का आपसी राजीनामे से निस्तारण किया गया।

इन मुकदमों में करीब 10 अरब 97 करोड़ 52 लाख 33 हजार 175 रुपये की अवॉर्ड राशि जारी की गई है।

इस लोक अदालत में चेक अनादरण, धन वसूली, एमएसीटी, वैवाहिक, श्रम-नियोजन एवं राजीनामा हो सकने वाले प्रकरणों को शामिल किया गया।

जयपुर हाईकोर्ट में 226 प्रकरण निस्तारित

राजस्थान हाईकोर्ट में शुक्रवार 19 दिसंबर को आयोजित हुई पहली सायंकालीन राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 4214 मुकदमे सुनवाई के लिए चिन्हित किए गए थे।

इनमें हाईकोर्ट जयपुर में कुल 3324 मुकदमे और जोधपुर मुख्यपीठ में कुल 890 मुकदमे सुनवाई के लिए चिन्हित किए गए।

जयपुर हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया।

जयपुर हाईकोर्ट की राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 3324 मुकदमों में से 226 प्रकरणों का आपसी समझाइश के आधार पर निस्तारण किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए जयपुर पीठ में 3 विशेष बेंचों का गठन किया गया था, जिसमें सिटिंग जज जस्टिस प्रवीर भटनागर, जस्टिस संदीप तनेजा और जस्टिस बिपिन गुप्ता ने मुकदमों की सुनवाई की।

मुख्यपीठ जोधपुर में वकीलों का विरोध

राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ में भी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 890 मुकदमों को सुनवाई के लिए रखा गया।

जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी ने राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के बाद शुरू हुई राष्ट्रीय लोक अदालत अधिवक्ताओं के विरोध के चलते सफल नहीं हो पाई।

जोधपुर महानगर में 2.86 लाख मुकदमों का निस्तारण

जोधपुर महानगर न्यायक्षेत्र में जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय शर्मा के निर्देशन में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,86,873 मुकदमों का निस्तारण किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राकेश रामावत के अनुसार लोक अदालत में कुल 3,15,365 प्रकरण सूचीबद्ध किए गए थे, जिनमें से 2,86,873 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इनमें पेंडिंग मुकदमों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन के मुकदमे भी शामिल हैं।

इन मुकदमों के निस्तारण के साथ ही कुल 28.01 करोड़ रुपये की अवॉर्ड राशि पारित की गई।

जोधपुर जिला न्यायक्षेत्र में राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत कुल 9 बेंचों का गठन किया गया।

सबसे अधिक लोकप्रिय