हाईकोर्ट ने कहा- डिफाल्ट बेल के लिए आवेदन करने के बाद चार्जशीट पेश कर देने से आरोपी का वैधानिक अधिकार खत्म नहीं होगा। जिला अदालतों के लिए जारी किए आदेश
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने डिफॉल्ट जमानत के अधिकार को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि जांच एजेंसी निर्धारित वैधानिक अवधि यानी 90 दिनों में चार्जशीट दाखिल नहीं करती है और आरोपी इस अवधि के समाप्त होने के बाद डिफॉल्ट जमानत के लिए आवेदन करता है, तो उसके इस अधिकार को बाद में दाखिल की गई चार्जशीट के आधार पर समाप्त नहीं किया जा सकता।
राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि
निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को प्राप्त डिफॉल्ट जमानत का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण और अविभाज्य अधिकार है।
कोर्ट ने कहा कि जांच लंबित होने का हवाला देकर आरोपी की हिरासत को कानून में निर्धारित समय से आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।
जस्टिस अनिल कुमार उपमन की एकलपीठ ने अशोक कुमार की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उसे एक लाख रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और 50-50 हजार रुपये की दो जमानतों पर रिहा करने का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला?
मामला करौली जिले के टोडाभीम पुलिस थाने में 28 अप्रैल 2026 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है।
आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 78(2), 64(1), 61(2) और 70(1) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 और 67 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी को 8 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे 9 मई 2026 को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
आरोपी की ओर से हाईकोर्ट में दलील दी गई कि मामले में अपराध की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी करने और चार्जशीट दाखिल करने के लिए अधिकतम 90 दिनों की अवधि निर्धारित थी।
यह अवधि 6 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई, लेकिन जांच एजेंसी ने निर्धारित समय में चार्जशीट दाखिल नहीं की।
90 दिन पूरे होने के बाद मांगी डिफॉल्ट जमानत
आरोपी की ओर से 18 अगस्त 2026 को डिफॉल्ट जमानत के लिए आवेदन किया गया।
अधीनस्थ अदालत में आवेदन पर 19 अगस्त को सुनवाई हुई और 20 अगस्त 2026 को इसे इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि अभियोजन पक्ष की ओर से चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
हालांकि, हाईकोर्ट के सामने पेश रिकॉर्ड और संबंधित आदेश-पत्रों से यह तथ्य सामने आया कि चार्जशीट निर्धारित 90 दिनों की अवधि समाप्त होने के बाद दाखिल की गई थी।
आरोपी के अधिवक्ता ने दलील दी कि जब 18 अगस्त को डिफॉल्ट जमानत का आवेदन पेश किया गया, उस समय तक जांच एजेंसी ने चार्जशीट दाखिल नहीं की थी।
ऐसे में बाद में चार्जशीट दाखिल होने से आरोपी का पहले से प्राप्त वैधानिक अधिकार समाप्त नहीं हो सकता।
हाईकोर्ट ने कहा- बाद में दाखिल चार्जशीट से अधिकार खत्म नहीं होगा
हाईकोर्ट ने तथ्यों और रिकॉर्ड का परीक्षण करते हुए पाया कि 90 दिनों की निर्धारित अवधि 6 अगस्त 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने 18 अगस्त को डिफॉल्ट जमानत का आवेदन पेश किया।
हाईकोर्ट ने कहा कि यह कानून का स्थापित सिद्धांत है कि वैधानिक अवधि समाप्त होने और आवश्यक शर्तें पूरी होने के बाद आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का अधिकार प्राप्त हो जाता है।
अभियोजन पक्ष की ओर से बाद में चार्जशीट दाखिल कर देना इस अधिकार को समाप्त नहीं कर सकता।
जांच लंबित होना हिरासत बढ़ाने का आधार नहीं
हाईकोर्ट ने कहा कि जांच पूरी नहीं होने या चार्जशीट दाखिल नहीं होने की स्थिति में भी आरोपी को अनिश्चितकाल तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता।
हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि न्यायिक रिमांड बढ़ाने की शक्ति का इस्तेमाल कानून के दायरे में रहकर ही किया जा सकता है। प्रत्येक रिमांड आदेश में जांच की स्थिति और वैधानिक अवधि को ध्यान में रखना आवश्यक है।
पीठ ने कहा कि यदि जांच एजेंसी निर्धारित अवधि में अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने में विफल रहती है, तो आरोपी के वैधानिक अधिकार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अनुच्छेद 21 के तहत अविभाज्य अधिकार
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि डिफॉल्ट जमानत का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा है।
हाईकोर्ट ने Rakesh Kumar Paul vs State of Assam (2017) का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित समय में चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर आरोपी का डिफॉल्ट जमानत का अधिकार उत्पन्न हो जाता है और अभियोजन पक्ष की निष्क्रियता के कारण इसे समाप्त नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा Shaurya Sunil Kumar Singh vs Central Bureau of Investigation और अन्य फैसलों के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया गया।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि डिफॉल्ट जमानत के आवेदन पर अदालत को केवल तकनीकी आधार पर नहीं, बल्कि आरोपी के वैधानिक अधिकार और संबंधित समय की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए।
जिला अदालतों के लिए भी जारी किए आदेश
राजस्थान हाईकोर्ट ने डिफॉल्ट जमानत के आवेदनों पर समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला अदालतों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
हाईकोर्ट ने कहा कि डिफॉल्ट जमानत का आवेदन दाखिल होने पर संबंधित अधीनस्थ अदालतें उसी दिन सुनवाई और निस्तारण का प्रयास करें। आवेदन पर अनावश्यक स्थगन नहीं दिया जाना चाहिए।
संबंधित न्यायालय का कर्मचारी आवेदन पर चार्जशीट दाखिल होने की सही तारीख और समय का स्पष्ट उल्लेख करेगा।
यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि आवेदन दाखिल होने के समय चार्जशीट दाखिल हुई थी या नहीं।
ऐसे आवेदनों को उसी दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाना चाहिए।
हाईकोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को आदेश की प्रति सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को भेजने और इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एक लाख रुपये के मुचलके पर रिहाई का आदेश
सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने आरोपी अशोक कुमार की जमानत याचिका स्वीकार कर ली।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि आरोपी को एक लाख रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें प्रस्तुत करने पर रिहा किया जाए।
इन्होने की पैरवी
- याचिकाकर्ता की ओर से: एडवोकेट कपिल शर्मा
- राज्य सरकार की ओर से: एडवोकेट अमित कुमार गुप्ता, लोक अभियोजक (पीपी)
Case Details
Ashok Kumar v. State of Rajasthan, S.B. Criminal Misc. Bail Application No. 15434/2026, Rajasthan High Court, Jaipur Bench.
Bench : Justice Anil Kumar Upman
Nature of Case: Application for Default Bail under Section 483 of the Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita (BNSS), 2023.