टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

चेक बाउंस के तीन अगल-अलग मामलों में सुनाई गई सजा को एक साथ चलाने का आदेश, जेल में बंद दोषी को मिलेगी राहत

Three Cheque Bounce Cases, Three Years' Jail: Rajasthan High Court Grants Relief by Ordering Concurrent Sentences
तीनों मामलों में एक-एक साल की सजा और कुल 31 लाख रुपये मुआवजे का था आदेश; हाईकोर्ट ने कहा- निचली अदालत ने सजाओं को एक साथ चलाने के विकल्प पर विचार नहीं किया, जिससे हो रहा अन्याय

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने चेक बाउंस के तीन अलग-अलग मामलों में दोषी घोषित होने के बाद सजा पाए व्यक्ति को सुनाई गई एक-एक साल की कैद की सजाओं को एक साथ चलाने का महत्वपूर्ण आदेश दिया है।

राजस्थान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब किसी व्यक्ति को पहले से सुनाई गई सजा के दौरान किसी अन्य मामले में भी कारावास की सजा दी जाती है, तो कानून के तहत अदालत को यह विवेकाधिकार है कि वह बाद की सजा को पूर्व की सजा के साथ एक साथ चलाने का आदेश दे सकती है।

जस्टिस अनिल कुमार उपमन की एकलपीठ ने चैक बाउंस के मामले में जेल की सजा काट रहे आरोपी संजीव कुमार गर्ग की ओर से दायर आपराधिक विविध याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला दिया हैं.

याचिकाकर्ता संजीव कुमार गर्ग को परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत तीन अलग-अलग आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया गया था।

तीनों मामलों में अलवर स्थित विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआई एक्ट प्रकरण), संख्या-2 ने 23 फरवरी 2024 को अलग-अलग फैसले सुनाते हुए हुए एक-एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई थी।

इसके साथ ही अलग-अलग मुआवजा राशि जमा कराने के आदेश​ दिए थे।

तीन मामलों में एक-एक साल की सजा, कुल 31 लाख रुपये मुआवजा

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता प्रकाश ठकुरिया के अनुसार तीनों मामले मेसर्स गिटवाको फार्म्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड बनाम संजीव कुमार गर्ग से संबंधित थे।

कंपनी की ओर से उसके निदेशक राजीव सिंह राजावत मामले में प्रतिवादी के रूप में मामला दर्ज कराया था.

तीनों अलग अलग मामले और सजा

  1. क्रिमिनल केस संख्या 23/1704/2018: 23 फरवरी 2024 को दोषी को एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई गई।

इसके साथ 12 लाख रुपये मुआवजा जमा कराने तथा मुआवजा नहीं देने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतने का आदेश दिया गया।

  1. क्रिमिनल केस संख्या 23/1733/2018: इस मामले में भी एक वर्ष के साधारण कारावास के साथ 7 लाख रुपये मुआवजा जमा कराने का आदेश दिया गया। मुआवजा जमा नहीं कराने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना था।
  1. क्रिमिनल केस संख्या 23/1703/2018: इस मामले में एक वर्ष के साधारण कारावास के साथ 12 लाख रुपये मुआवजा जमा कराने तथा भुगतान नहीं करने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतने का आदेश दिया गया।

इस प्रकार तीनों मामलों में कुल 31 लाख रुपये मुआवजा और तीन वर्ष की साधारण कैद की सजा सुनाई गयी थी.

अलवर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 13 नवंबर 2025 को तीनों मामलों में दोषसिद्धि और सजा की पुष्टि करते हुए फैसला सुनाया. याचिकाकर्ता के अनुसार तीनों सजाओं के खिलाफ अपील भी की गई थी।

क्या थी हाईकोर्ट में याचिका?

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रकाश ठाकुरिया ने पैरवी करते हुए अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता तीनों मामलों में दोषसिद्धि के कारण जेल में है।

निचली अदालत ने तीनों मामलों में सजा सुनाते समय यह आदेश नहीं दिया कि सजाएं एक साथ चलेंगी।

अधिवक्ता ने तर्क दिया कि ट्रायल कोर्ट को सजा सुनाते समय सजाओं को एक साथ चलाने के विकल्प पर भी विचार करना चाहिए था।

ऐसा नहीं किए जाने के कारण याचिकाकर्ता को लगातार अलग-अलग सजाएं भुगतनी पड़ रही हैं।

इस संबंध में याचिकाकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट के फैसले गोपाल दास बनाम स्टेट ऑफ दिल्ली और राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले मदन सिंह बनाम स्टेट ऑफ राजस्थान एवं अन्य फैसले का हवाला दिया गया.

सजा को एक साथ नहीं चलाना अन्याय

जस्टिस अनिल कुमार उपमन ने मामले के तथ्यों और कानूनी प्रावधानों पर विचार करते हुए कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 467, जो दंड प्रक्रिया संहिता की पूर्व धारा 427 के अनुरूप है, में पहले से सजा भुगत रहे व्यक्ति को बाद के मामले में सजा सुनाए जाने की स्थिति में सजाओं के चलाने के संबंध में प्रावधान किया गया है।

धारा 467 के सामान्य नियम के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति पहले से कारावास की सजा भुगत रहा है और बाद में किसी अन्य अपराध में उसे कारावास की सजा सुनाई जाती है, तो बाद की सजा सामान्यतः पहले की सजा समाप्त होने के बाद शुरू होती है।

हाईकोर्ट ने कहा कि हालांकि, अदालत अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल करते हुए बाद की सजा को पहले की सजा के साथ एक साथ चलाने का आदेश दे सकती है।

हाईकोर्ट ने विशेष रूप से टिप्पणी की कि इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने सजाओं को एक साथ चलाने के संबंध में अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल नहीं किया।??

इस मुद्दे पर बिल्कुल विचार नहीं किया गया, जिसके कारण याचिकाकर्ता के साथ गंभीर अन्याय हो रहा है।

सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के पुराने फैसलों का भी हवाला

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में जस्थान हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले अर्जुन राम बनाम स्टेट ऑफ राजस्थान का हवाला दिया.

हाईकोर्ट ने कहा कि इस फैसले के अनुसार, यदि ट्रायल कोर्ट, अपीलीय अदालत या पुनरीक्षण अदालत सजाओं को एक साथ चलाने अथवा अलग-अलग चलाने के संबंध में अपने विवेकाधिकार का उचित इस्तेमाल नहीं करती है और इससे न्याय का उद्देश्य प्रभावित होता है, तो उचित स्थिति में अदालत अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकती है।

इसके अलावा, हाईकोर्ट ने मदन सिंह बनाम स्टेट ऑफ राजस्थान के फैसले का भी हवाला देते हुए कहा कि मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले स्टेट ऑफ पंजाब बनाम मदन लाल, 2009 (5) SCC 238 पर भरोसा करते हुए एनआई एक्ट से जुड़े पांच मामलों में सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया था.

जस्टिस अनिल कुमार उपमन ने कहा कि मामले के समग्र तथ्यों और परिस्थितियों तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा मदन लाल मामले में निर्धारित कानूनी सिद्धांतों को देखते हुए याचिकाकर्ता को राहत दिया जाना उचित है।

हाईकोर्ट ने तीनों सजाओं को एक साथ चलाने का दिया आदेश

हाईकोर्ट ने आपराधिक विविध याचिका स्वीकार करते हुए आदेश दिया कि याचिकाकर्ता को तीनों आपराधिक मामलों में सुनाई गई सजाएं एक साथ चलेंगी।

हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता को निर्धारित जुर्माना राशि का भुगतान करना होगा।

यदि वह जुर्माना राशि जमा नहीं करता है तो उसे जुर्माने के बदले निर्धारित अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

आदेश में आगे कहा गया कि यदि याचिकाकर्ता निर्धारित सजा और जुर्माने के बदले दी गई सजा भुगत चुका है, तो उसे तत्काल रिहा किया जाए।

इस आदेश से संजीव कुमार गर्ग को तीनों मामलों में अलग-अलग एक वर्ष की सजा भुगतने के बजाय सजाओं के एक साथ संचालन का लाभ मिलेगा।

हालांकि, मुआवजे और उसके भुगतान में विफल रहने पर निर्धारित अतिरिक्त कारावास संबंधी आदेश अपनी जगह प्रभावी रहेंगे।

सबसे अधिक लोकप्रिय