टॉप स्टोरी

दूसरे राज्य की नर्सों को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत : राजस्थान में नौकरी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख तक नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं! 3 महीने में रजिस्ट्रेशन का मौका

चर्चित खबरें

दूसरे राज्य की नर्सों को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत : राजस्थान में नौकरी के लिए आवेदन की अंतिम तारीख तक नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन जरूरी नहीं! 3 महीने में रजिस्ट्रेशन का मौका

Rajasthan High Court: Nurses Can Get Nursing Council Registration Within 3 Months of Joining Service

हाईकोर्ट ने कहा—दूसरे राज्य से आने वाली नर्सों को सेवा जॉइन करने के बाद राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण के लिए मिलता है 3 महीने का समय; नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में अभ्यर्थी को बाहर करने के राज्य सरकार के फैसले को ठहराया गलत।

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि दूसरे राज्य की नर्सिंग काउंसिल में पहले से पंजीकृत नर्स को केवल इस आधार पर भर्ती प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जा सकता कि आवेदन की अंतिम तिथि तक उसका राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण नहीं हुआ था।

राजस्थान नर्सिंग काउंसिल के विनियमों के अनुसार दूसरे राज्य से राजस्थान में सेवा ग्रहण करने वाली नर्स को नौकरी जॉइन करने के तीन महीने के भीतर राजस्थान में पंजीकरण कराने का प्रावधान है।

हाईकोर्ट ने कहा कि भर्ती नियमों में राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण की अनिवार्यता को संबंधित अधिनियम और विनियमों के साथ पढ़ना होगा। इन प्रावधानों की ऐसी व्याख्या नहीं की जा सकती, जिससे किसी एक प्रावधान का प्रभाव समाप्त हो जाए।

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस बलजिंदर सिंह संधू की खंडपीठ ने राजस्थान सरकार की विशेष अपील खारिज करते हुए एकलपीठ के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें अभ्यर्थी की उम्मीदवारी पर विचार कर पात्रता और मेरिट के आधार पर नियुक्ति देने के आदेश दिए गए थे।

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को एकलपीठ के आदेशों की पालना करने को कहा।

क्या था पूरा मामला?

मामला श्रीगंगानगर जिले की निवासी सिमरजीत कौर से जुड़ा है। अभ्यर्थी के पास तीन वर्षीय नर्सिंग डिप्लोमा था और वह 10 अगस्त 2022 से पंजाब नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल में पंजीकृत थी।

राजस्थान सरकार ने 5 मई 2023 को नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था।

आवेदन की अंतिम तिथि 4 जून 2023 निर्धारित की गई थी।

अभ्यर्थी ने निर्धारित समय में आवेदन किया, लेकिन उस समय उसके पास राजस्थान नर्सिंग काउंसिल का पंजीकरण प्रमाणपत्र नहीं था।

2 सितंबर से 11 सितंबर 2023 तक आयोजित दस्तावेज सत्यापन के दौरान उसकी उम्मीदवारी को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण नहीं होने के आधार पर चयन सूची में शामिल नहीं किया गया।

इसके बाद अभ्यर्थी ने 25 सितंबर 2023 को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण के लिए आवेदन किया और 13 जनवरी 2024 को उसे राजस्थान नर्सिंग काउंसिल से पंजीकरण मिल गया। गौरतलब है कि अंतिम चयन सूची 6 दिसंबर 2024 को जारी हुई थी।

अभ्यर्थी ने ओबीसी महिला वर्ग में 71.140 अंक प्राप्त किए थे, जबकि इस वर्ग की कटऑफ 66.922 अंक थी। इसके बावजूद उसकी उम्मीदवारी खारिज कर दी गई। इसके बाद उसने राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

एकलपीठ ने 16 जनवरी 2025 को याचिका स्वीकार करते हुए आदेश दिया कि अभ्यर्थी की उम्मीदवारी पर उसके संबंधित वर्ग में विचार किया जाए और यदि वह अन्यथा पात्र एवं मेरिट में है तो उसे उसी तारीख से नियुक्ति दी जाए, जिस तारीख को इस भर्ती के अन्य सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई थी।

राज्य सरकार ने इसी आदेश को खंडपीठ में चुनौती दी थी।

राज्य सरकार की दलील-आवेदन की अंतिम तिथि तक राजस्थान में पंजीकरण जरूरी

राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता नरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने अधिवक्ता अदिति शर्मा के साथ पैरवी करते हुए कहा कि भर्ती में पात्रता निर्धारित करने की तारीख आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि यानी 4 जून 2023 थी।

राज्य सरकार का तर्क था कि राजस्थान मेडिकल एंड हेल्थ सबऑर्डिनेट सर्विस रूल्स, 1965 के तहत नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण अनिवार्य है।

ऐसे में अंतिम तिथि तक राजस्थान में पंजीकरण नहीं होने के कारण अभ्यर्थी की उम्मीदवारी स्वीकार नहीं की जा सकती थी।

वहीं, अभ्यर्थी की ओर से अधिवक्ता यशपाल खिलेरी ने दलील दी कि वह भर्ती विज्ञापन से पहले ही पंजाब नर्सिंग काउंसिल में पंजीकृत थी।

राजस्थान नर्सिंग रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1964 की धारा 13(ii) और राजस्थान नर्सिंग काउंसिल रेगुलेशंस, 1964 के विनियम 46(2) के अनुसार दूसरे राज्यों से राजस्थान आने वाले नर्सिंग पेशेवरों को सेवा जॉइन करने के बाद तीन महीने के भीतर राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण कराने की अनुमति है।

इसलिए केवल आवेदन की अंतिम तिथि तक राजस्थान में पंजीकरण नहीं होने के आधार पर उसकी उम्मीदवारी खारिज करना उचित नहीं था।

हाईकोर्ट ने धारा 13(ii) और विनियम 46(2) की व्याख्या की

खंडपीठ ने राजस्थान नर्सिंग रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1964 की धारा 2(h), धारा 13(ii) और राजस्थान नर्सिंग काउंसिल रेगुलेशंस, 1964 के विनियम 46(2) का विस्तार से विश्लेषण किया।

हाईकोर्ट ने बताया कि अधिनियम की धारा 13(ii) दूसरे राज्यों की सक्षम प्राधिकरणों द्वारा जारी समकक्ष नर्सिंग प्रमाणपत्र रखने वाले ऐसे पेशेवरों को राजस्थान में पंजीकरण का पात्र मानती है, जिनके प्रमाणपत्र इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मान्यता प्राप्त हैं।

वहीं, विनियम 46(2) में स्पष्ट प्रावधान है कि दूसरे राज्य से राजस्थान में सेवा ग्रहण करने वाले नर्सों, मिडवाइव्स और लेडी हेल्थ विजिटर्स को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में तीन महीने के भीतर पंजीकरण कराना होगा।

हाईकोर्ट ने कहा कि भर्ती नियमों में राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण की योग्यता निर्धारित है, जबकि विनियम 46(2) दूसरे राज्यों से आने वाले नर्सिंग पेशेवरों के लिए पंजीकरण की समय-सीमा निर्धारित करता है।

दोनों प्रावधान एक ही विषय के अलग-अलग पहलुओं से संबंधित हैं और इनकी सामंजस्यपूर्ण व्याख्या होनी चाहिए।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दूसरे राज्य की नर्सिंग काउंसिल में पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों के मामले में आवेदन की अंतिम तिथि तक राजस्थान नर्सिंग काउंसिल का प्रमाणपत्र होना एक कठोर और अपरिवर्तनीय शर्त नहीं माना जा सकता।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी की महत्वपूर्ण टिप्पणी

राज्य सरकार ने अपनी दलील के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के फैसले Sakshi Arha v. The Rajasthan High Court & Others, 2025 INSC 463 का हवाला दिया था।

इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि भर्ती में पात्रता निर्धारित करने की तारीख संबंधित सेवा नियमों के अनुसार तय होगी।

यदि नियमों में इसका उल्लेख नहीं है तो भर्ती विज्ञापन और आवेदन की अंतिम तिथि को आधार बनाया जा सकता है।

हालांकि, राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि सामान्य कटऑफ तारीख के सिद्धांत को लागू करने से पहले इस मामले में लागू विशेष वैधानिक प्रावधानों पर विचार करना जरूरी है।

वर्तमान मामले में विनियम 46(2) दूसरे राज्य से आने वाले नर्सिंग पेशेवरों को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण के लिए नौकरी जॉइन करने के बाद तीन महीने का समय देता है। इसलिए इस प्रावधान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

प्रकाशवती मामले का भी किया हवाला

खंडपीठ ने Prakashwati v. State of Rajasthan & Others, 17 जनवरी 2018 के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इस मामले में भी दूसरे राज्यों की नर्सिंग काउंसिल में पंजीकृत अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण नहीं होने के आधार पर खारिज की गई थी।

उस समय भी हाईकोर्ट ने राजस्थान नर्सिंग रजिस्ट्रेशन एक्ट और विनियम 46 के प्रावधानों को भर्ती नियमों के साथ पढ़ने की आवश्यकता पर विचार किया था।

कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की सात न्यायाधीशों की संविधान पीठ के फैसले In Re: Interplay Between Arbitration Agreements under the Arbitration and Conciliation Act, 1996 and the Indian Stamp Act, 1899, 2023 INSC 1066 का भी हवाला दिया। इसमें विभिन्न कानूनों के प्रावधानों की सामंजस्यपूर्ण व्याख्या करने के सिद्धांत को स्पष्ट किया गया था।

71.14 अंक के बावजूद नहीं मिला था चयन में मौका

खंडपीठ ने पाया कि अभ्यर्थी पंजाब नर्सेज रजिस्ट्रेशन काउंसिल में भर्ती विज्ञापन से पहले ही पंजीकृत थी।

उसने राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में भी 13 जनवरी 2024 को पंजीकरण प्राप्त कर लिया था, जो अंतिम चयन सूची जारी होने की तारीख 6 दिसंबर 2024 से काफी पहले था।

अभ्यर्थी ने ओबीसी महिला वर्ग की निर्धारित कटऑफ 66.922 के मुकाबले 71.140 अंक प्राप्त किए थे।

ऐसे में हाईकोर्ट ने माना कि उसकी उम्मीदवारी को केवल इस आधार पर खारिज करना उचित नहीं था कि 4 जून 2023 को आवेदन की अंतिम तिथि तक उसके पास राजस्थान नर्सिंग काउंसिल का अलग पंजीकरण प्रमाणपत्र नहीं था।

राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज

खंडपीठ ने कहा कि एकलपीठ ने अभ्यर्थी की उम्मीदवारी पर विचार करने और अन्यथा पात्र एवं मेरिट में होने पर नियुक्ति देने का आदेश देकर कोई गलती नहीं की थी।

इसके साथ ही हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज कर दी और एकलपीठ के आदेश को बरकरार रखा।

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया गया कि वह एकलपीठ द्वारा जारी आदेशों की पालना करे। मामले में कोई कॉस्ट नहीं लगाई गई।

सबसे अधिक लोकप्रिय