जयपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा के घोषित परिणामों में मालपुरा के आदर्श नगर निवासी छात्रा धरा शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
धरा शर्मा राजधानी जयपुर स्थित Cambridge Court High School की छात्रा हैं।
धरा शर्मा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
धरा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा सेवानिवृत्त शिक्षक हनुमान सहाय शर्मा, माता-पिता तथा गुरुजनों को दिया।
धरा ने अपनी सफलता के पीछे परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सबसे बड़ा आधार बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
धरा के अनुसार, वह प्रतिदिन लगभग 8 घंटे नियमित अध्ययन करती थीं और सोशल मीडिया व पारिवारिक कार्यक्रमों से दूरी बनाकर केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करती थीं।
NLU जोधपुर में हो चुका है चयन
धरा शर्मा ने केवल बोर्ड परीक्षा में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि देश की प्रतिष्ठित विधि प्रवेश परीक्षा CLAT 2026 में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
धरा ने ऑल इंडिया स्तर पर 604वीं रैंक तथा महिला वर्ग में 182वीं रैंक प्राप्त की।
हाल ही में हुई काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद धरा को National Law University Jodhpur में प्रवेश मिला है।
अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में बात करते हुए धरा ने कहा कि वह आगे चलकर न्यायिक सेवा में जाना चाहती हैं या अपने पिता अधिवक्ता लक्ष्मीकांत शर्मा के साथ वकालत के क्षेत्र में कार्य करेंगी।
उनका उद्देश्य समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने और उनकी सहायता करने का है।
धरा की इस शानदार उपलब्धि पर परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उनकी सफलता आज के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
