टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

जोधपुर हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन को मिली ऐतिहासिक सौगात, आधुनिक एडवोकेट्स चैंबर्स का शिलान्यास; नई आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च

Jodhpur High Court Advocates Association Lays Foundation Stone for Modern Advocates’ Chambers, Launches Official Website

जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी और जस्टिस विनीत माथुर ने किया भूमि पूजन, कहा- मजबूत अधिवक्ता ही मजबूत न्याय व्यवस्था की आधारशिला

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया।

वर्षों से अधिवक्ताओं की बहुप्रतीक्षित मांग को नई दिशा देते हुए हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर, पावटा में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एडवोकेट्स चैंबर्स निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया।

इसी मौके पर एसोसिएशन की नई आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया, जिससे हाईकोर्ट बार अब डिजिटल युग की नई पहचान के साथ आगे बढ़ेगी।

राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी और निरीक्षण जज जस्टिस विनीत कुमार माथुर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में दोनों न्यायाधीशों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन कर चैंबर्स निर्माण की आधारशिला रखी।

इसके बाद दोनों न्यायाधीशों ने लैपटॉप पर क्लिक कर एसोसिएशन की नई वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया, जिस पर अधिवक्ताओं को विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बार एसोसिएशन का महत्वपूर्ण कदम

समारोह को संबोधित करते हुए जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि अधिवक्ताओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं से युवा वकीलों के स्किल डेवलपमेंट में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वहीं जस्टिस विनीत कुमार माथुर ने कहा कि आधुनिक एडवोकेट्स चैंबर्स का निर्माण युवा और वरिष्ठ दोनों अधिवक्ताओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण तैयार करेगा।

उन्होंने एसोसिएशन की नई वेबसाइट को डिजिटल युग में एक दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इससे अधिवक्ताओं को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला का बजट

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के अध्यक्ष रणजीत जोशी ने कहा कि एसोसिएशन सदैव अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके लिए बेहतर सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है।

उन्होंने बताया कि एडवोकेट्स चैंबर्स का निर्माण राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा स्वीकृत बजट से किया जा रहा है, जबकि इसकी कार्यकारी एजेंसी जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) है।

वेबसाईट पर महत्वूपर्ण जानकारी और लिंक

एसोसिएशन के महासचिव विजय चौधरी ने नई वेबसाइट की विशेषताओं, उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं तथा अधिवक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से एसोसिएशन की विभिन्न गतिविधियों, सूचनाओं और आवश्यक सेवाओं तक अधिवक्ताओं की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष बुद्धाराम चौधरी ने प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक समिति के मुख्य संयोजक एडवोकेट पंकज अवस्थी ने किया।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव तक्षेंद्र शर्मा, पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव, कोषाध्यक्ष विजय शर्मा, न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता उपस्थित रहे।

सबसे अधिक लोकप्रिय