तीन माह से जारी मतगणना में सोमवार को तीन और उम्मीदवारों ने हासिल किया निर्वाचन का आंकड़ा
जोधपुर। राजस्थान बार काउंसिल सदस्यों के चुनाव के लिए पिछले तीन माह से जारी मतगणना अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है।
अब तक 13 प्रत्याशी निर्धारित मतों का कोटा हासिल कर निर्वाचित होने की स्थिति तक पहुंच चुके हैं।
सोमवार को हुई मतगणना में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व अध्यक्ष सैयद शाहिद हसन और राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के पूर्व अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया ने भी निर्धारित मतों का कोटा पूरा कर लिया।
प्रथम वरीयता मतों की गणना के बाद प्रत्येक प्रत्याशी के निर्वाचन के लिए 2614.21 मतों का कोटा निर्धारित किया गया है।
चुनाव में एक प्रत्याशी के निर्धारित कोटे तक पहुंचने के बाद उसके अतिरिक्त मतों तथा अन्य उम्मीदवारों के मतों का नियमानुसार स्थानांतरण किया जा रहा है।
इसके साथ ही मतों की पुनर्गणना और स्थानांतरण की प्रक्रिया लगातार जारी है।
नीरज गुर्जर ने सबसे पहले हासिल किया था कोटा
मतगणना के दौरान सबसे पहले राजस्थान सरकार के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता नीरज गुर्जर ने निर्धारित मतों का आंकड़ा हासिल किया था।
इसके बाद वर्ष 2018 से लगातार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हरेंद्र सिंह सिनसिनवार ने भी निर्वाचन के लिए निर्धारित कोटा पूरा किया।
इसके बाद उदयपुर के रतन सिंह राव, राजस्थान सरकार के वर्तमान अतिरिक्त महाधिवक्ता भुवनेश शर्मा, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष सुरेश चंद्र श्रीमाली, प्रशांत शर्मा, बीसीआर के पूर्व उपाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह शक्तावत, राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के अध्यक्ष रणजीत जोशी, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष रामप्रसाद सिंगारिया और कुलदीप कुमार शर्मा भी निर्धारित कोटा हासिल कर चुके हैं।
सोमवार की मतगणना के बाद देवेन्द्र सिंह राठौड़, सैयद शाहिद हसन और रतनाराम ठोलिया के कोटा पूरा करने के साथ ही यह संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
अभी जारी रहेगा मतों का स्थानांतरण
निर्वाचन प्रक्रिया में अभी शेष प्रत्याशियों के मतों का स्थानांतरण और उनकी गणना जारी रहेगी।
निर्धारित कोटा हासिल करने वाले प्रत्याशियों के बाद शेष उम्मीदवारों में से कौन-कौन निर्वाचन के लिए आवश्यक मत प्राप्त करता है, यह आगे होने वाली मतगणना और मतों के स्थानांतरण पर निर्भर करेगा।
राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मतदान किया है और एकल संक्रमणीय मत (Single Transferable Vote) प्रणाली के तहत मतों की वरीयता के आधार पर गणना की जा रही है।
इसी कारण मतगणना की प्रक्रिया लंबी चल रही है और प्रत्येक चरण में मतों के स्थानांतरण के बाद नए समीकरण बन रहे हैं।
गजट अधिसूचना के बाद घोषित होंगे परिणाम
पूरी निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने और सभी निर्वाचित सदस्यों का निर्धारण हो जाने के बाद निर्वाचित सदस्यों की आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की जाएगी।
इसके साथ ही बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के नए निर्वाचित सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूर्ण मानी जाएगी।