जोधपुर: बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में अब मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। मतगणना आगे बढ़ने के साथ एक के बाद एक प्रत्याशियों की जीत पक्की होती जा रही है।
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव की मतगणना अब अंतिम दौर में पहुंच गई है।
इसी के साथ अब तक 17 प्रत्याशी निर्धारित मतों का कोटा पूरा कर चुके हैं और उनका निर्वाचन तय हो गया है।
12 अगस्त को हुई मतगणना में एक साथ 3 और प्रत्याशियों ने जीत के लिए जरूरी कोटा हासिल कर लिया।
इनमें जोधपुर से वरिष्ठ अधिवक्ता और बार काउंसिल के पूर्व सदस्य राजेश पंवार, जयपुर से सतीश शर्मा और जयपुर से ही रजनीश गुप्ता शामिल हैं।
प्रथम वरीयता के मतों की गणना के बाद प्रत्येक प्रत्याशी के निर्वाचन के लिए 2614.21 मतों का कोटा तय किया गया है।
अब पुरुष वर्ग की सिर्फ 1 सीट के लिए मतों के स्थानांतरण और गणना की प्रक्रिया चल रही है।
इसके पूरा होने के बाद 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ताओं के नाम आधिकारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में 76 साल में बढ़े सिर्फ 30 जज, 8 से 38 हुई संख्या; जजों की संख्या में दुनिया से कितना पीछे भारत?
एक दिन में 3 और नाम तय
12 अगस्त की मतगणना में राजेश पंवार, सतीश शर्मा और रजनीश गुप्ता ने निर्धारित 2614.21 मतों का आंकड़ा पूरा कर लिया।
इसके साथ ही अब तक कोटा पूरा करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 17 हो गई है।
मतगणना में जो प्रत्याशी तय कोटा हासिल कर लेते हैं, उनका निर्वाचन तय माना जाता है।
इसके बाद बाकी प्रत्याशियों के मतों का स्थानांतरण कर बचे हुए पद के लिए गणना आगे बढ़ाई जाती है।
सबसे पहले नीरज गुर्जर ने पूरा किया कोटा
इस चुनाव में सबसे पहले राजस्थान सरकार के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता और भीलवाड़ा से प्रत्याशी नीरज गुर्जर ने निर्धारित मतों का कोटा हासिल किया था।
इसके बाद जयपुर से हरेंद्र सिंह सिनसिनवार ने यह आंकड़ा पूरा किया। सिनसिनवार वर्ष 2018 से लगातार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इसके बाद अलग-अलग चरणों में अन्य प्रत्याशी भी जरूरी मत हासिल करते गए।
17 प्रत्याशियों ने हासिल किया जरूरी मत
अब तक कोटा पूरा करने वाले 17 प्रत्याशियों में उदयपुर से रतन सिंह राव, जयपुर से राजस्थान सरकार के वर्तमान अतिरिक्त महाधिवक्ता भुवनेश शर्मा, भीलवाड़ा से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष सुरेश चंद्र श्रीमाली और जयपुर से प्रशांत शर्मा शामिल हैं।
इनके अलावा अजमेर से बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के पूर्व उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह शक्तावत, जोधपुर से राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी और जयपुर से बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष रामप्रसाद सिंगारिया भी कोटा पूरा कर चुके हैं।
बीकानेर से कुलदीप कुमार शर्मा, जोधपुर से बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राठौड़, जयपुर से पूर्व अध्यक्ष सैयद शाहिद हसन, जोधपुर से राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया और जोधपुर से देवीलाल रावला भी निर्धारित मतों का आंकड़ा हासिल कर चुके हैं।
अब 3 और प्रत्याशियों के कोटा पूरा करने के बाद अब कुल 17 प्रत्याशियों का निर्वाचन तय हो चुका है।
अब आखिरी सीट पर नजर
मतगणना में अब पुरुष अधिवक्ताओं की 1 सीट बाकी है। इस सीट के लिए प्रत्याशियों के मतों का स्थानांतरण और उनकी गणना जारी रहेगी।
मतों के स्थानांतरण की प्रक्रिया में जिन प्रत्याशियों को मिले मत तय प्रक्रिया के अनुसार दूसरे प्रत्याशियों को ट्रांसफर किए जाते हैं।
इसी आधार पर बचे हुए प्रत्याशियों की स्थिति तय होगी और अंत में आखिरी सीट के लिए जरूरी कोटा पूरा करने वाले प्रत्याशी का निर्वाचन तय होगा।
18 पुरुष और 5 महिला सदस्य होंगे
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में कुल 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ताओं का निर्वाचन होना है।
पुरुष वर्ग की एक सीट का परिणाम आने के बाद सभी 23 निर्वाचित सदस्यों के नाम आधिकारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
इसके बाद पूरी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने पर निर्वाचित सदस्यों की आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की जाएगी।
फिलहाल मतगणना का सबसे अहम चरण आखिरी पुरुष सीट को लेकर है।
17 प्रत्याशियों का कोटा पूरा हो चुका है और अब बचे हुए प्रत्याशियों के मतों के स्थानांतरण के बाद तय होगा कि 18वीं पुरुष सीट किसके खाते में जाती है।