टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का ‘ग्रीन मिशन’: न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने लगाया हरियाली का पौधा

Rajasthan High Court Bar Association Leads Green Drive with Plantation Programme in Jaipur
राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत पौधारोपण अभियान, जस्टिस उमाशंकर व्यास और जस्टिस अनिल उपमन ने पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जयपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर की ओर से शनिवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग ने भी सहयोग किया।

बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और अन्य गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस उमाशंकर व्यास और जस्टिस अनिल उपमन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दोनों न्यायाधीशों ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं और समाज के अन्य वर्गों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना भी रहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की गई।

इस अवसर पर अधिवक्ता पुनित सिंघवी, अंशुमान सक्सेना, अनुराग कलवटिया, इन्द्रेश शर्मा और संदीप सिंह शेखावत सहित कई अधिवक्ता और बार एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।

सभी ने पौधारोपण अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में “Lawyers Go Green” और “Plant Today, Breathe Tomorrow” जैसे संदेशों के साथ लोगों को हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

सबसे अधिक लोकप्रिय