टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

ब्रेकिंग: जोधपुर के अधिवक्ताओं की थोड़ी देर में अहम बैठक, हड़ताल पर हो सकता है बड़ा फैसला

Jodhpur Lawyers to Hold Crucial Meeting Today, Big Decision on High Court Strike Expected
नए मुख्य न्यायाधीश के शपथग्रहण और जस्टिस पी.एस. भाटी के विदाई संदर्भ से पहले बार एसोसिएशनों की आपात बैठक, हड़ताल जारी रखने या स्थगित करने पर होगा फैसला

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को लेकर शुरू हुआ अधिवक्ताओं का आंदोलन और हड़ताल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।

रविवार शाम दोनों बार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की एक अहम आपात बैठक होने जा रही है, जिसमें हड़ताल को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह रहेगा कि सोमवार को हड़ताल जारी रखी जाएगी या फिर उसे स्थगित अथवा समाप्त किया जाएगा।

इसके साथ ही अधिवक्ताओं के आंदोलन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

कई मांगें मानी गईं, आदेश भी वापस हुए

अधिवक्ताओं के आंदोलन के दौरान उठाई गई प्रमुख मांगों में राजस्थान हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति और टार्गेटेड केसों के निस्तारण को लेकर जारी आदेशों का मुद्दा प्रमुख रहा।

अधिवक्ताओं की मांगों के बाद टार्गेटेड केसों के संबंध में जारी कई आदेश वापस लिए जा चुके हैं।

वहीं राजस्थान हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति हो चुकी हैं। ऐसे में अब आंदोलन को लेकर बार एसोसिएशनों के सामने नई परिस्थितियां बन गई हैं।

सोमवार को शपथग्रहण, जस्टिस भाटी का विदाई संदर्भ भी

मामले को और महत्वपूर्ण इसलिए माना जा रहा है क्योंकि सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश का शपथग्रहण समारोह आयोजित होना है।

इसी दिन राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी का विदाई रेफरेंस समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

जस्टिस भाटी जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

ऐसे में सोमवार का दिन राजस्थान हाईकोर्ट और न्यायिक जगत के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बार एसोसिएशनों पर बढ़ा आंदोलन समाप्त करने का दबाव

सोमवार के महत्वपूर्ण न्यायिक कार्यक्रमों से पहले दोनों बार एसोसिएशनों पर हड़ताल समाप्त करने का दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

अधिवक्ता समुदाय के भीतर भी इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि जिन प्रमुख मुद्दों को लेकर आंदोलन शुरू किया गया था, उनमें कई पर सकारात्मक निर्णय हो चुके हैं।

हालांकि, हड़ताल को लेकर अधिवक्ताओं के बीच अभी पूरी तरह एकराय नहीं बन पाई है।

हड़ताल समाप्त नहीं, केवल स्थगित करने की मांग

सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ताओं का एक गुट कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के बहिष्कार के मुद्दे को लेकर हड़ताल को पूरी तरह समाप्त करने के बजाय केवल स्थगित करने के पक्ष में है।

इस गुट का मानना है कि आंदोलन के मूल मुद्दों और आगे की परिस्थितियों को देखते हुए हड़ताल समाप्त करने के बजाय उसे फिलहाल स्थगित रखा जाना चाहिए।

आज की बैठक पर टिकी सबकी निगाहें

रविवार शाम होने वाली आपात बैठक में दोनों बार एसोसिएशनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हो सकते हैं।

बैठक में सोमवार की हड़ताल, शपथग्रहण समारोह में भागीदारी और आंदोलन की आगामी दिशा पर महत्वपूर्ण निर्णय होने की संभावना है।

अब सबकी निगाहें जोधपुर में होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ इतना है—क्या अधिवक्ता सोमवार को हड़ताल जारी रखेंगे, या फिर महत्वपूर्ण शपथग्रहण और विदाई समारोह से पहले आंदोलन को स्थगित कर कोई बड़ा फैसला लेंगे?

थोड़ी देर में होने वाली बैठक से राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के आंदोलन की नई दिशा तय हो सकती है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जयपुर में करेंगे सुनवाई

दूसरी तरफ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा कल यानी सोमवार को शपथग्रहण समारोह के पश्चात जयपुर पीठ में सुनवाई करेंगे.

अधिवक्ताओं के विरोध के चलते विगत सोमवार को उन्हे सुनवाई से अलग होना पड़ा था.

एक सप्ताह बाद अब वे सोमवार को जयपुर पीठ में सुनवाई करेगे.

सबसे अधिक लोकप्रिय