जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट ने हत्या से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि सिर्फ लंबे समय से मानसिक बीमारी रहने के कारण हत्या का मुकदमा हमेशा के लिए खत्म नहीं किया जा सकता।
इसी के साथ हाईकोर्ट ने मानसिक रूप से अस्वस्थ आरोपी का मुकदमा खत्म करने की मांग खारिज कर दी। हालांकि, आरोपी को राहत देते हुए हर 3 महीने में मेडिकल जांच कराने की शर्त में बदलाव किया है।
जस्टिस अनूप कुमार ढंड ने कहा कि सिजोफ्रेनिया हर मामले में लाइलाज नहीं है। आरोपी के ठीक होने की संभावना को देखते हुए हत्या का मुकदमा हमेशा के लिए बंद करना उचित नहीं होगा।
हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के पुराने आदेश में बदलाव करते हुए मेडिकल जांच की अवधि 3 महीने से बढ़ाकर 18 महीने कर दी है।
अब मेडिकल बोर्ड हर 18 महीने में आरोपी की जांच करेगा और उसकी रिपोर्ट ट्रायल कोर्ट में पेश करनी होगी।
हाईकोर्ट ने कहा कि:-
”यदि आरोपी की मानसिक स्थिति ऐसी है कि वह कोर्ट की कार्यवाही समझने और अपना बचाव करने में सक्षम नहीं है, तो उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। ऐसा करना निष्पक्ष सुनवाई के मौलिक अधिकार का उल्लंघन होगा। हालांकि, पीड़ित और समाज को भी अपराध की सुनवाई और न्याय पाने का पूरा हक है इसलिए आरोपी की बीमारी के आधार पर गंभीर अपराध का मुकदमा हमेशा के लिए बंद भी नहीं किया जा सकता।”
याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट गोविंद प्रसाद कौशिक ने पैरवी की, जबकि राज्य सरकार की ओर से पब्लिक प्रॉसिक्यूटर राजेंद्र सिंह शेखावत ने पक्ष रखा।
2006 में हत्या का केस, ट्रायल के दौरान सामने आई बीमारी
मामला भरतपुर के तत्कालीन डीग जिले के पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR से जुड़ा है। 11 अक्टूबर 2006 को चंद्रकांत और अन्य आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोप था कि चंद्रकांत और उसके साथियों ने कुंवरपाल को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। जांच के बाद 1 दिसंबर 2006 को चंद्रकांत के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई।
मामले की सुनवाई के दौरान सामने आया कि चंद्रकांत सिजोफ्रेनिया नाम की मानसिक बीमारी से पीड़ित है।
मेडिकल बोर्ड ने भी अपनी रिपोर्ट में कहा कि वह कोर्ट की कार्यवाही समझने की मानसिक स्थिति में नहीं है। इसी वजह से उसके खिलाफ ट्रायल आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
अगस्त 2009 से हर 3 महीने में हो रही थी मेडिकल जांच
ट्रायल कोर्ट ने आरोपी की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए मेडिकल बोर्ड की राय ली थी। डॉक्टर जेएस शर्मा और डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता ने भी अपनी गवाही में कहा था कि आरोपी कोर्ट की कार्यवाही समझने की स्थिति में नहीं है।
इसके बाद 28 अगस्त 2009 को ट्रायल कोर्ट ने मुकदमे की सुनवाई अस्थायी रूप से रोक दी। साथ ही आदेश दिया कि आरोपी की हर 3 महीने में मेडिकल जांच कराई जाए और रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए।
करीब 17 साल में भी आरोपी की स्थिति में सुधार नहीं
इस तरह 2009 से लगातार मेडिकल जांच और रिपोर्ट का सिलसिला चलता रहा। आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच हर 3 महीने में कराई जा रही थी। करीब 17 साल बीत गए, लेकिन आरोपी की स्थिति में सुधार नहीं बताया गया।
मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट कोर्ट में जमा होती थी। रिपोर्ट में बार-बार यही बताया गया कि आरोपी की मानसिक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है और वह मुकदमे का सामना करने की हालत में नहीं है।
आरोपी के परिवार ने भी हर 3 महीने में उसे अस्पताल ले जाने में होने वाली परेशानी का हवाला दिया।
आरोपी ने हमेशा के लिए केस बंद करने की मांग की
आरोपी की ओर से हाईकोर्ट में दलील दी गई कि सिजोफ्रेनिया से पीड़ित होने के कारण वह मुकदमे की कार्यवाही समझने और अपना बचाव करने में सक्षम नहीं है।
आरोपी की ओर से यह भी कहा गया कि सिजोफ्रेनिया जीवनभर रहने वाली बीमारी है और इसके ठीक होने की संभावना नहीं है।
लंबे समय से भी उसकी मानसिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में उसके खिलाफ चल रहा मुकदमा हमेशा के लिए बंद कर दिया जाना चाहिए।
इसके लिए BNSS, 2023 की धारा 369(3) के प्रावधान का हवाला दिया गया।
सरकार ने किया मुकदमा बंद करने का विरोध
राज्य सरकार की ओर से याचिका का विरोध किया गया। सरकार के वकील ने कहा कि सिजोफ्रेनिया को ऐसी बीमारी नहीं माना जा सकता, जिसका इलाज संभव ही न हो।
बीमारी का असर हर मरीज में अलग-अलग हो सकता है और कुछ मामलों में समय के साथ मरीज की स्थिति में सुधार भी हो सकता है।
सरकार की ओर से दलील दी गई कि आरोपी पर हत्या जैसे गंभीर अपराध का आरोप है। अगर भविष्य में उसकी मानसिक स्थिति में सुधार की संभावना है, तो केवल मौजूदा मेडिकल स्थिति के आधार पर उसे आरोपों से हमेशा के लिए राहत नहीं दी जा सकती।
‘आरोपी को अनुच्छेद 21 के तहत निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार’
जस्टिस अनूप कुमार ढंड ने कहा कि किसी भी आरोपी को निष्पक्ष सुनवाई का मौलिक अधिकार है। और यह अधिकार उसे संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिला है।
किसी व्यक्ति को बिना उसकी बात सुने दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इसलिए आपराधिक मुकदमे में आरोपी को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलना जरूरी है।
कोर्ट ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए आरोपी की मानसिक क्षमता का आकलन जरूरी है।
हाईकोर्ट ने कहा कि निष्पक्ष सुनवाई के लिए यह जरूर है कि आरोपी मुकदमे की कार्यवाही समझ सके। उसे पता होना चाहिए कि उस पर क्या आरोप हैं और वह अपना बचाव कैसे कर सकता है।
‘मानसिक रूप से अस्वस्थ आरोपी का ट्रायल चलाना निष्पक्ष सुनवाई के खिलाफ‘
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी आरोपी को तब तक मुकदमे का सामना करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, जब तक वह मानसिक रूप से कोर्ट की कार्यवाही समझने की स्थिति में न हो।
आरोपी में इतनी मानसिक क्षमता होनी चाहिए कि वह अपने ऊपर लगे आरोपों को समझ सके, कोर्ट में चल रही कार्यवाही का अनुसरण कर सके और अपना बचाव कर सके।
लेकिन अगर आरोपी मानसिक रूप से इतना अस्वस्थ है कि वह अपने ऊपर लगे आरोप समझ ही नहीं सकता और अपना बचाव नहीं कर सकता, तो उसका ट्रायल चलाना निष्पक्ष सुनवाई के सिद्धांत के खिलाफ होगा।
सिजोफ्रेनिया हर मामले में लाइलाज नहीं–हाइकोर्ट
हाईकोर्ट ने पाया कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार अगस्त 2009 से अब तक आरोपी की मानसिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में हर 3 महीने में मेडिकल जांच कराने पर जोर देना जरूरी नहीं है।
हालांकि, कोर्ट ने आरोपी की इस दलील को स्वीकार नहीं किया कि सिजोफ्रेनिया के कारण मुकदमा हमेशा के लिए बंद कर दिया जाए।
कोर्ट ने यह भी कहा कि सिजोफ्रेनिया को हर मामले में लाइलाज बीमारी नहीं माना जा सकता। कुछ मामलों में मरीज की स्थिति में सुधार हो सकता है। इसलिए केवल इस बीमारी के आधार पर हत्या का मुकदमा हमेशा के लिए खत्म करना उचित नहीं होगा।
‘पीड़ित और समाज को भी अपराध की सुनवाई का हक’
हाईकोर्ट ने कहा कि कानून के सामने इस मामले में दो अधिकारों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। एक तरफ आरोपी का निष्पक्ष सुनवाई और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार है, तो दूसरी तरफ पीड़ित और समाज का यह अधिकार भी है कि अपराध के आरोपों का ट्रायल हो।
कोर्ट के मुताबिक, इस मामले में मेडिकल जांच की अवधि बढ़ाकर और मुकदमे को जारी रखते हुए दोनों पक्षों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।
हाईकोर्ट ने कहा कि
”आरोपी को निष्पक्ष सुनवाई का हक है और उसे पूरा मौका मिलना चाहिए, लेकिन हत्या जैसे गंभीर मामले में पीड़ित और समाज को भी अपराध की सुनवाई का हक है और उन्हें भी न्याय मिलना जरूरी है। इसलिए आरोपी के निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार और पीड़ित व समाज के न्याय पाने के अधिकार के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।”
हर 3 महीने के बजाय अब 18 महीने में होगी जांच
इन परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के आदेश में बदलाव कर दिया।
हाईकोर्ट ने कहा कि इतने लंबे समय तक हर 3 महीने में जांच कराने पर जोर देना अब उचित नहीं है, खासकर जब लगातार रिपोर्ट में उसकी स्थिति पहले जैसी ही बताई गई है।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि अब उसकी मानसिक स्थिति की मेडिकल जांच हर 18 महीने में कराई जाएगी और मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी।
मानसिक स्थिति सुधरी तो दोबारा शुरू हो सकता है ट्रायल
हाईकोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि अगर भविष्य में मेडिकल बोर्ड आरोपी को कोर्ट की कार्यवाही समझने के योग्य पाता है, तो उसकी रिपोर्ट ट्रायल कोर्ट में पेश की जाए।
इसके बाद ट्रायल कोर्ट रिपोर्ट पर विचार कर यह तय करेगा कि आरोपी मुकदमे का सामना करने की स्थिति में है या नहीं।
अगर ट्रायल कोर्ट उसे मानसिक रूप से सक्षम पाता है, तो BNSS की धारा 370 के तहत लागू प्रावधानों के अनुसार मुकदमे की सुनवाई दोबारा शुरू की जा सकती है और कानून के मुताबिक पूरी की जाएगी।
हाईकोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि मेडिकल जांच के लिए जरूरी होने या किसी विशेष कारण के अलावा आरोपी की व्यक्तिगत पेशी पर जोर नहीं दिया जाए।
यानी हाईकोर्ट ने आरोपी को बार-बार मेडिकल जांच कराने से राहत मिली दी, लेकिन हत्या का मुकदमा खत्म नहीं हुआ है।
