टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

महंगाई के नाम पर हर साल नहीं बढ़ेगा गुजारा भत्ता! राजस्थान हाईकोर्ट ने 5% ऑटोमैटिक बढ़ोतरी का आदेश किया रद्द, पत्नी का 9,000 रुपये मासिक मेंटेनेंस बरकरार

Rajasthan High Court Sets Aside Sessions Court Order Discharging Husband in 498A Case Without Hearing Wife

जोधपुर: पति-पत्नी के बीच मेंटेनेंस यानी गुजारा भत्ते से जुड़े एक मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है।

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पत्नी के गुजारा भत्ते की रकम हर साल अपने आप एक तय प्रतिशत से नहीं बढ़ाई जा सकती। इसके लिए बदली हुई परिस्थितियों का आकलन और कानून में तय प्रक्रिया का पालन जरूरी है।

इस मामले में हाईकोर्ट ने पत्नी का गुजारा भत्ता 4,400 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये महीना करने के फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा।

हालांकि, हर साल इसमें अपने आप 5% बढ़ोतरी करने का आदेश रद्द कर दिया है।

जस्टिस फरजंद अली ने याचिकाकर्ता मुन्नालाल बामनिया की क्रिमिनल रिवीजन याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा कि

”महंगाई और बदली हुई परिस्थितियों को गुजारा भत्ता तय करने में ध्यान में रखा जा सकता है, लेकिन बिना कानूनी प्रक्रिया के हर साल अपने आप बढ़ोतरी का आदेश नहीं दिया जा सकता। इसके लिए बदली हुई परिस्थितियों का आकलन और कानून में तय प्रक्रिया का पालन जरूरी है।”

हाईकोर्ट ने पत्नी के गुजारा भत्ते की बढ़ी हुई रकम लागू होने की तारीख भी बदल दी।

फैमिली कोर्ट ने इसे 27 मई 2022 से लागू किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि 9,000 रुपये महीने का गुजारा भत्ता 13 मार्च 2026 यानी फैमिली कोर्ट के फैसले की तारीख से ही देय होगा।

याचिकाकर्ता की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ, जबकि प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता तुषार मजोका ने पैरवी की।

1979 में हुई शादी, 1985 से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

मामला जोधपुर के रहने वाले 62 वर्षीय मुन्नालाल बामनिया और उनकी पत्नी से जुड़ा है। दोनों की शादी 21 जनवरी 1979 को हुई थी। उनकी एक बेटी भी है।

दोनों 1985 से पहले ही अलग रहने लगे थे। पत्नी ने CrPC की धारा 125 के तहत गुजारा भत्ते की मांग की थी। शुरुआत में उन्हें 180 रुपये और बेटी को 100 रुपये महीना देने का आदेश हुआ।

समय के साथ अलग-अलग आवेदनों पर यह रकम बढ़ती रही। साल 2010 में पत्नी का गुजारा भत्ता 3,000 रुपये और 1 जनवरी 2016 से 4,400 रुपये महीना तय किया गया।

बीमारी और बढ़ते खर्च का हवाला देकर मांगा ज्यादा गुजारा भत्ता

समय के साथ महंगाई, रोजमर्रा की जरूरतों और इलाज के खर्च में बढ़ोतरी हुई तो पत्नी ने फिर से गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग की।

मोहिनी देवी ने बाद में CrPC की धारा 127 के तहत गुजारा भत्ता बढ़ाने के लिए आवेदन किया। उन्होंने बढ़ते घरेलू खर्च, अपनी बीमारी और पति की पेंशन आय का हवाला दिया।

पत्नी को गंभीर एनीमिया, AIIMS में चल रहा इलाज

पत्नी की ओर से गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग के पीछे बढ़ती उम्र, बीमारी और रोजमर्रा के खर्च को आधार बनाया गया। रिकॉर्ड के मुताबिक, पत्नी गंभीर एनीमिया से पीड़ित हैं और AIIMS अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

दूसरी ओर, मुन्नालाल अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर में सीनियर इंजीनियर के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके हैं। उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उन्हें ₹48,000 प्रतिमाह पेंशन मिलती है।

पति की ओर से शादी खत्म करने के लिए दायर याचिका भी सफल नहीं हुई थी

फैमिली कोर्ट ने 4,400 से बढ़ाकर 9,000 रुपये किया मेंटेनेंस

जोधपुर की फैमिली कोर्ट नंबर-2 ने 13 मार्च 2026 को पत्नी का गुजारा भत्ता 4,400 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये महीना कर दिया था।

फैमिली कोर्ट ने यह बढ़ोतरी 27 मई 2022 से लागू मानी और बकाया रकम 2 महीने में चुकाने का आदेश दिया। इसके साथ ही कोर्ट ने गुजारा भत्ते में हर साल अपने आप 5% बढ़ोतरी करने का आदेश भी दिया।

मुन्नालाल ने इस फैसले को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी।

हाईकोर्ट ने माना- 9,000 रुपये का गुजारा भत्ता ज्यादा नहीं

जस्टिस फरजंद अली ने रिकॉर्ड और मामले की परिस्थितियों पर विचार किया। कोर्ट ने पाया कि पत्नी बुजुर्ग हैं और उन्हें नियमित इलाज की जरूरत है।

उनका पिछला गुजारा भत्ता साल 2016 में 4,400 रुपये तय हुआ था। इसके बाद रोजमर्रा की जरूरतों, जरूरी सामान और इलाज का खर्च काफी बढ़ चुका है।

दूसरी तरफ, पति को हर महीने करीब 48,000 रुपये पेंशन मिल रही है। ऐसे में हाईकोर्ट ने 9,000 रुपये महीने के गुजारा भत्ते को ज्यादा या अनुचित नहीं माना।

कोर्ट ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह रकम उचित है। इसलिए इसमें दखल देने की जरूरत नहीं है।

‘हर साल 5% बढ़ोतरी का आदेश कानून के तहत जरूरी प्रक्रिया के बिना नहीं‘

फैमिली कोर्ट ने 9,000 रुपये के मासिक गुजारा भत्ते में हर साल अपने आप 5% बढ़ोतरी करने का निर्देश भी दिया था। हाईकोर्ट ने इस हिस्से को सही नहीं माना।

कोर्ट ने कहा कि महंगाई के हिसाब से हर साल रकम बढ़ाने की व्यवस्था व्यावहारिक लग सकती है, लेकिन इसके लिए कानून में जरूरी प्रावधान होना चाहिए।

गुजारा भत्ते की रकम में बदलाव करते समय बदली हुई परिस्थितियों पर विचार करना जरूरी है। साथ ही दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का मौका भी मिलना चाहिए।

बिना इस प्रक्रिया के हर साल अपने आप 5% बढ़ोतरी लागू नहीं की जा सकती। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का यह निर्देश रद्द कर दिया।

27 मई 2022 से नहीं, आदेश की तारीख से मिलेगा बढ़ा हुआ भत्ता

हाईकोर्ट ने गुजारा भत्ते की रकम तो बरकरार रखी, लेकिन इसे लागू करने की तारीख बदल दी।

फैमिली कोर्ट ने 9,000 रुपये का बढ़ा हुआ गुजारा भत्ता 27 मई 2022 से देने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट ने इसे बदलते हुए कहा कि बढ़ी हुई रकम 13 मार्च 2026 से ही देय होगी।

यानी पत्नी को 9,000 रुपये महीने का गुजारा भत्ता उसी तारीख से मिलेगा, जिस दिन फैमिली कोर्ट ने इसे बढ़ाने का आदेश दिया था। इस बदलाव से पति को बकाया भुगतान की अवधि के मामले में राहत मिली है।

क्रिमिनल रिवीजन आंशिक रूप से मंजूर, बाकी आदेश बरकरार

जस्टिस फरजंद अली की एकलपीठ ने 18 नवंबर 2026 को सुनाए रिपोर्टेबल फैसले में मुन्नालाल बामनिया की क्रिमिनल रिवीजन याचिका आंशिक रूप से मंजूर कर ली।

हाईकोर्ट ने पत्नी को 9,000 रुपये महीने गुजारा भत्ता देने का आदेश बरकरार रखा, लेकिन इसे 13 मार्च 2026 से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही हर साल अपने आप 5% बढ़ोतरी करने वाला आदेश रद्द कर दिया।

फैमिली कोर्ट के आदेश के बाकी हिस्से बरकरार रहेंगे। यानी पत्नी को 9,000 रुपये महीने गुजारा भत्ता मिलता रहेगा, लेकिन भविष्य में इसमें बढ़ोतरी के लिए कानून के मुताबिक प्रक्रिया अपनानी होगी।

सबसे अधिक लोकप्रिय