टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

महिला मजिस्ट्रेट के घर में 22 लाख की चोरी, सुरक्षा में तैनात महिला होमगार्ड ही निकली आरोपी; जेवर और नकदी बरामद

Woman Home Guard Arrested in Theft of ₹22 Lakh Jewellery from Woman Magistrate's Government Quarter in Rajasthan

झुंझुनूं: महिला जज के सरकारी क्वार्टर में ही चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। और चोरी का आरोप भी लगा तो उसी क्वार्टर में तैनात महिला होमगार्ड पर।

नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स कोर्ट (NI Court) की मजिस्ट्रेट पूजा सिंह के घर से करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कैश गायब हो गए।

लेकिन इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी के आरोप में पुलिस ने जिस महिला को गिरफ्तार किया है, वह मजिस्ट्रेट के घर पर ही ड्यूटी करती थी।

यानी जिस होमगार्ड पर घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।

फिलहाल पुलिस ने करीब 13 दिन की जांच के बाद महिला होमगार्ड भंवरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

मजिस्ट्रेट ससुराल गईं, घर से गायब हो गए 22 लाख के जेवर और कैश

मामला झुंझुनूं की NI कोर्ट में तैनात मजिस्ट्रेट पूजा सिंह के सरकारी क्वार्टर का है। जानकारी के मुताबिक 10 नवंबर को पूजा सिंह अपने ससुराल गई हुई थीं। इसी दौरान उनके घर में चोरी की वारदात हुई।

अगले दिन यानी 11 नवंबर को उनके पिता तेज सिंह सरकारी क्वार्टर पहुंचे। घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे की अलमारी खुली मिली।

अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश गायब थे। इसके बाद मजिस्ट्रेट के पति डॉ. संजीव ने करीब 22 लाख रुपये की ज्वेलरी और कैश चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस को होमगार्ड पर शक क्यों हुआ?

पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश शुरू की तो शुरुआती जांच में कुछ बातें सामने आईं।

  • घर के दरवाजों और गेट पर लगे तालों में तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले।
  • घर का दूसरा सामान भी अपनी जगह पर था।
  • केवल अलमारी से जेवर और कैश गायब थे।
  • महिला होमगार्ड भंवरी का मजिस्ट्रेट के घर आना-जाना था।

इन बातों से पुलिस को शक हुआ कि चोरी में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे सरकारी क्वार्टर की पूरी जानकारी थी और वहां आने-जाने का मौका भी मिलता था।

होमगार्ड ही घर आती-जाती थी, इसलिए उसी पर हुआ शक

पुलिस की जांच में सामने आया कि घर के दूसरे सामान को हाथ तक नहीं लगाया गया था। केवल अलमारी से जेवर गायब थे। घर में तोड़फोड़ के भी स्पष्ट निशान नहीं मिले थे।

इन परिस्थितियों में पुलिस को आशंका हुई कि चोरी की वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे सरकारी क्वार्टर की जानकारी हो और वहां तक पहुंचने का मौका भी मिलता हो।

जांच में पता चला कि महिला होमगार्ड भंवरी मजिस्ट्रेट के सरकारी क्वार्टर पर तैनात थी। उसका वहां आना-जाना भी था। इसलिए पुलिस का शक शुरू से ही भंवरी पर था।

रीको एरिया के घर से ज्वेलरी और कैश बरामद

करीब 13 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने होमगार्ड भंवरी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके रीको एरिया स्थित घर की तलाशी ली। डीएसटी इंचार्ज हेमराज की टीम को वहां से चोरी किए गए जेवर और कैश भी बरामद हो गए हैं।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चोरी की इस वारदात में भंवरी अकेली शामिल थी या उसका कोई साथी भी था।

सबसे अधिक लोकप्रिय