राजस्थान से जम्मू-कश्मीर तक जस्टिस भाटी के सम्मान में जुटे विधि जगत के दिग्गज, शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे देशभर से न्यायिक और कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोग
श्रीनगर। राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेन्द्रसिंह भाटी मंगलवार सुबह श्रीनगर पहुंच गए।
जस्टिस भाटी नई दिल्ली से फ्लाइट के जरिए श्रीनगर पहुंचे, जहां पहुंचने पर जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
जस्टिस पुष्पेन्द्रसिंह भाटी बुधवार को श्रीनगर में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। उनके शपथग्रहण को लेकर न्यायिक और विधि जगत में खास उत्साह है।

राजस्थान से बड़ी संख्या में अधिवक्ता पहुंचे श्रीनगर
जस्टिस भाटी के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान सहित कई राज्यों से न्यायिक एवं विधि जगत से जुड़ी हस्तियां श्रीनगर पहुंच रही हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर और जयपुर से जुड़े बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मंगलवार को श्रीनगर पहुंचे।

जस्टिस भाटी के राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर जाने को लेकर राजस्थान के अधिवक्ताओं में विशेष भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिल रहा है।
यही वजह है कि उनके शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजस्थान से बड़ी संख्या में अधिवक्ता श्रीनगर पहुंच रहे हैं।

बुधवार को होगा शपथग्रहण
श्रीनगर में बुधवार को होने वाले शपथग्रहण समारोह में जस्टिस पुष्पेन्द्रसिंह भाटी मुख्य न्यायाधीश पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
इसके साथ ही वह जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेंगे।

जस्टिस भाटी के शपथग्रहण समारोह को लेकर जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके श्रीनगर पहुंचने के साथ ही समारोह को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट में अपने लंबे कार्यकाल और अधिवक्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव के बाद जस्टिस भाटी की जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी को न्यायिक जगत में महत्वपूर्ण नियुक्ति के तौर पर देखा जा रहा है।