RCA चुनाव में करोली की नई कार्यकारिणी को मान्यता, जस्टिस चंद्र प्रकाश श्रीमाली ने हस्तक्षेप से किया इनकार
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के आगामी चुनावों से पहले करौली जिला क्रिकेट संघ को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट में चल रहे विवाद में मंगलवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया।
राजस्थान हाईकोर्ट ने करौली जिला क्रिकेट संघ की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी के RCA चुनाव में मतदान के अधिकार में तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है।
इसके साथ ही शिवचरण माली की ओर से दायर दूसरी स्थगन याचिका भी खारिज कर दी गई।
इस आदेश के बाद करौली जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी की ओर से सचिव राजेश सारस्वत RCA चुनाव में वोट डाल सकेंगे।
जस्टिस चंद्र प्रकाश श्रीमाली की एकलपीठ ने फिलहाल ऐसी कोई परिस्थिति नहीं पाई, जिसके आधार पर RCA की चुनावी प्रक्रिया में इस स्तर पर अंतरिम हस्तक्षेप किया जाए।
नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर था विवाद
मामला करौली जिला क्रिकेट संघ में एडहॉक कमेटी के गठन और उसके माध्यम से कराए गए चुनावों से जुड़ा है। शिवचरण माली की ओर से एडहॉक कमेटी के गठन तथा उसके बाद हुई चुनावी प्रक्रिया को चुनौती दी गई थी।
याचिकाकर्ता की ओर से तर्क दिया गया कि एडहॉक कमेटी का गठन नियमों के अनुरूप नहीं था और उसके द्वारा कराई गई चुनावी प्रक्रिया को वैध नहीं माना जाना चाहिए। इस संबंध में पहले खेल प्राधिकरण और उसके बाद अपीलीय अधिकारी के समक्ष भी मामला उठाया गया था।
अपीलीय अधिकारी ने अधीनस्थ प्राधिकरण के आदेश को उचित मानते हुए एडहॉक कमेटी को आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दी।
इसके बाद करौली जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ, जिसमें राजेश सारस्वत सचिव निर्वाचित हुए।
RCA की अंतिम मतदाता सूची से पहले फिर हाईकोर्ट पहुंचा मामला
RCA चुनाव की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में है। RCA की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव 29 सितंबर 2026 को निर्धारित हैं, जबकि अंतिम मतदाता सूची और नामांकन से जुड़ी प्रक्रिया सितंबर के अंतिम सप्ताह में पूरी होनी है।
इसी बीच शिवचरण माली की ओर से करौली जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी को RCA चुनाव में मतदान का अधिकार दिए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में दूसरी बार स्थगन की मांग की गई।
मामले में मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे तक सुनवाई हुई।
नई कार्यकारिणी की ओर से अधिवक्ता डॉ अभिनव शर्मा ने अदालत के समक्ष दलील दी कि चुनाव संबंधी विवादों के लिए राजस्थान खेल अधिनियम में वैधानिक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध है।
ऐसे में चुनावी प्रक्रिया में सीधे हस्तक्षेप करने के बजाय संबंधित वैधानिक उपाय का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
वैधानिक वैकल्पिक उपाय का दिया हवाला
राजेश सारस्वत की ओर से डॉ अभिनव शर्मा ने राजस्थान खेल अधिनियम, 2005 की संबंधित वैधानिक व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि चुनावी विवादों के लिए अधिनियम में मध्यस्थता सहित वैकल्पिक प्रक्रिया उपलब्ध है।
इसलिए अनुच्छेद 226 के अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल चुनावी विवाद में अपीलीय मंच की तरह नहीं किया जाना चाहिए।
सुनवाई के दौरान पूर्व में सामने आए जिला क्रिकेट संघ के चुनाव संबंधी मामलों का भी हवाला दिया गया, जिनमें चुनावी विवादों को निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से उठाने की व्यवस्था का उल्लेख किया गया था।
हाईकोर्ट ने RCA चुनाव में हस्तक्षेप से किया इनकार
दोनो पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने इस स्तर पर करौली जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी के RCA चुनाव में मतदान अधिकार पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
अब करौली जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी की ओर से राजेश सारस्वत RCA की चुनावी प्रक्रिया में मतदान कर सकेंगे।
अदालत के 10 सितंबर के आदेश में भी यह दर्ज है कि RCA के चुनाव 29 सितंबर 2026 को प्रस्तावित हैं और उस स्तर पर ऐसी परिस्थितियां सामने नहीं आई थीं, जिनसे याचिकाकर्ताओं के कानूनी अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा हो।
नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पक्षकार बनाने की अनुमति
हाईकोर्ट ने मामले में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को भी पक्षकार बनाने की अनुमति दी है।
आदेश में Order 1 Rule 10 CPC के तहत प्रस्तावित पक्षकारों को सुनवाई का अवसर देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे।
इससे मामले की आगे की सुनवाई का रास्ता खुला रहेगा, लेकिन RCA चुनाव की मौजूदा प्रक्रिया में करौली की नई कार्यकारिणी के मतदान अधिकार पर फिलहाल रोक नहीं लगी है।
29 सितंबर को होना है RCA चुनाव
RCA के चुनाव 29 सितंबर 2026 को निर्धारित हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन 23 से 26 सितंबर तक दाखिल किए जाएंगे, इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी।
ऐसे में करौली जिला क्रिकेट संघ से संबंधित हाईकोर्ट का यह घटनाक्रम RCA चुनाव की मतदाता सूची और आगामी मतदान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल अदालत के आदेश के अनुसार करौली से नई कार्यकारिणी के प्रतिनिधि राजेश सारस्वत ही RCA चुनाव में वोट डालने की प्रक्रिया में शामिल होंगे।
