टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

IAS मोहम्मद जुनैद और अनूपगढ़ के पूर्व तहसीलदार को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, कोर्ट आदेश की पालना में कथित चूक पर दर्ज आपराधिक केस रद्द

Rajasthan High Court: Failure to Comply with Civil Court Order Does Not Automatically Make It a Crime; Criminal Case Against Two Officers Quashed

ट्रेनिंग के दौरान आदेश की पालना नहीं करने के आरोप पर हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी—हर प्रशासनिक चूक अपराध नहीं, IPC की धारा 166 के तहत जानबूझकर कानून तोड़ना साबित करना जरूरी

जोधपुर: प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने की सीमा और IPC की धारा 166 के इस्तेमाल को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है।

हाईकोर्ट ने सिविल कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने के आरोप में एक ट्रेनी IAS अधिकारी और तत्कालीन तहसीलदार के खिलाफ आपराधिक मामले में संज्ञान लेने का आदेश रद्द कर दिया है।

जस्टिस फरजंद अली ने सरकारी अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमा चलाने को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि:-

”किसी सिविल कोर्ट के आदेश का पालन करने में चूक होने मात्र से उसे अपराध नहीं माना जा सकता। इसके लिए यह साबित होना जरूरी है कि अधिकारी ने जानबूझकर कानून की अवहेलना की और किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखी या उसे इस बात की जानकारी थी कि ऐसा करने से नुकसान हो सकता है।”

हाईकोर्ट ने ट्रेनी IAS अधिकारी मोहम्मद जुनैद और तत्कालीन तहसीलदार रामपाल मीणा की याचिका पर फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी अधिकारियों के आधिकारिक काम से जुड़े मामलों में कानूनी मंजूरी की जरूरत को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इसी के साथ हाईकोर्ट ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ IPC की धारा 166 और 120-B के तहत शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी है।

हालांकि, कोर्ट ने सिविल कोर्ट के आदेश को लागू कराने के लिए चल रही एग्जीक्यूशन यानी डिक्री के पालन की कार्यवाही जारी रखने का आदेश दिया है।

याचिकाकर्ताओं की ओर से एडवोकेट मनीषा फोफलिया ने पैरवी की।

सिविल कोर्ट के आदेश की पालना नहीं करने का आरोप

यह मामला मोहम्मद जुनैद और रामपाल मीणा से जुड़ा है। जुनैद उस समय ट्रेनिंग पर आए IAS अधिकारी थे।

उन्हें श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में 15 दिन के लिए तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, रामपाल मीणा वहां नियमित तहसीलदार थे।

18 फरवरी 2019 को जमीन से जुड़े एक मामले में सिविल कोर्ट ने फैसला सुनाया था। कोर्ट ने जमीन का नामांतरण करने, संबंधित दस्तावेजों में जरूरी टिप्पणी दर्ज करने और पालन रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया था।

आरोप था कि इन आदेशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद मामला आदेश लागू कराने की प्रक्रिया यानी एग्जीक्यूशन में पहुंचा।

इस दौरान तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गई और तत्कालीन तहसीलदार रामपाल मीणा से स्पष्टीकरण भी लिया गया।

इसके बाद 17 अक्टूबर 2019 को अनूपगढ़ के सेशन कोर्ट के जज ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ IPC की धारा 166 और 120-B के तहत शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया।

उसी दिन मजिस्ट्रेट ने मामले में संज्ञान लेते हुए दोनों अधिकारियों को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी कर दिए।

दोनों अधिकारियों ने हाईकोर्ट में इस कार्रवाई को चुनौती दी।

अधिकारियों ने कहा- जानबूझकर आदेश की अवहेलना नहीं की

दोनों अधिकारियों की ओर से दलील दी गई कि उन्होंने जानबूझकर सिविल कोर्ट के आदेश की अवहेलना नहीं की।

ट्रेनी IAS अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर जवाब देते हुए कहा था कि उन्हें मामले के सभी तथ्यों की जानकारी नहीं थी। उनका कहना था कि उनके खिलाफ कार्रवाई करने से पहले सुनवाई का मौका भी नहीं दिया गया।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि सरकारी कामकाज से जुड़े इस मामले में CrPC की धारा 197 के तहत जरूरी सरकारी मंजूरी के बिना आपराधिक मुकदमा शुरू नहीं किया जा सकता। इसलिए उनके खिलाफ लिया गया संज्ञान रद्द करने की मांग की।

हाईकोर्ट ने कहा- धारा 166 के लिए जानबूझकर कानून तोड़ना जरूरी

हाईकोर्ट ने कहा कि IPC की धारा 166 हर प्रशासनिक गलती या सरकारी कर्मचारी की हर चूक पर लागू नहीं होती। इस धारा के तहत अपराध तभी बनता है, जब अधिकारी ने जानबूझकर कानून के किसी निर्देश की अवहेलना की हो।

इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि अधिकारी का इरादा किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का हो या उसे पता हो कि उसके इस कदम से नुकसान हो सकता है।

इस मामले में ऐसा कोई ठोस आधार सामने नहीं आया, जिससे यह साबित हो कि दोनों अधिकारियों ने जानबूझकर डिक्री का पालन नहीं किया या किसी को नुकसान पहुंचाने के इरादे से काम किया।

‘सिविल विवाद को हर बार आपराधिक मामला नहीं बनाया जा सकता’

जस्टिस फरजंद अली ने कहा कि सिविल कोर्ट के आदेश का पालन होना जरूरी है। लेकिन आदेश का पालन नहीं होने पर हर बार आपराधिक मुकदमा शुरू नहीं किया जा सकता।

हाईकोर्ट ने कहा कि:

सिर्फ यह आरोप कि सिविल कोर्ट के आदेश का पालन नहीं हुआ, अपने आप में आपराधिक मामला चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है। किसी अधिकारी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने के लिए यह भी जरूरी है कि संबंधित कानून के तहत अपराध के सभी जरूरी तत्व मौजूद हों।

‘साजिश के आरोप के लिए भी ठोस सबूत जरूरी’

हाईकोर्ट ने IPC की धारा 120-B यानी आपराधिक साजिश के आरोप पर भी विचार किया। कोर्ट ने पाया कि शिकायत में ऐसा कोई ठोस तथ्य नहीं था, जिससे दोनों अधिकारियों के बीच साजिश होने की बात सामने आए।

सिर्फ यह मान लेना कि दोनों अधिकारियों ने मिलकर आदेश का पालन नहीं किया, आपराधिक साजिश साबित करने के लिए काफी नहीं है। इसके लिए दोनों के बीच किसी योजना या मिलीभगत का आधार होना जरूरी है।

‘सरकारी अधिकारियों पर केस चलाने से पहले मंजूरी जरूरी‘

हाईकोर्ट ने CrPC की धारा 197 के तहत अभियोजन की मंजूरी के मुद्दे पर भी ध्यान दिया।

इस प्रावधान के तहत कुछ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ उनके आधिकारिक काम से जुड़े आरोपों में मुकदमा चलाने से पहले सरकार की मंजूरी जरूरी होती है।

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के Devinder Singh v. State of Punjab (2016) फैसले का भी हवाला दिया।

हाईकोर्ट ने कहा कि यह देखना जरूरी है कि अधिकारी पर जिस काम को लेकर आरोप लगा है, उसका उसके सरकारी काम से कोई संबंध था या नहीं।

हाईकोर्ट ने साफ किया कि

”सरकारी अधिकारियों को हर अपराध में छूट नहीं मिलती। लेकिन अगर आरोप उनके आधिकारिक काम से जुड़ा है, तो उन्हें कानून में मिली सुरक्षा और मुकदमा चलाने से पहले जरूरी सरकारी मंजूरी के प्रावधानों पर भी विचार करना होगा।”

पहले के राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले का भी जिक्र

हाईकोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट की समन्वय पीठ के फैसले Prakash Rajpurohit v. Motor Accident Claims Tribunal का भी जिक्र किया।

इस फैसले में सरकारी कर्मचारी के खिलाफ IPC की धारा 166 के तहत कार्रवाई और CrPC की धारा 197 के तहत सरकारी मंजूरी की जरूरत पर विचार किया गया था।

इसमें कहा गया था कि जहां कानून के तहत अभियोजन चलाने से पहले सरकार की मंजूरी जरूरी है, वहां उसके बिना सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती।

हाईकोर्ट ने मौजूदा मामले में भी इन कानूनी सिद्धांतों पर विचार किया। हालांकि, कोर्ट ने पाया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत में IPC की धारा 166 और 120-B के तहत अपराध के जरूरी तत्व ही मौजूद नहीं थे।

ऐसे में कोर्ट ने माना कि मजिस्ट्रेट की ओर से लिया गया संज्ञान कानूनी रूप से कायम नहीं रखा जा सकता।

दोनों के खिलाफ आपराधिक केस रद्द, सिविल प्रक्रिया जारी रहेगी

इन सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने पाया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ IPC की धारा 166 और 120-B के जरूरी तत्व पहली नजर में सामने नहीं आते।

जस्टिस फरजंद अली ने फैसले में दोनों अधिकारियों की क्रिमिनल रिवीजन याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने 17 अक्टूबर 2019 को दोनों के खिलाफ संज्ञान लेने का आदेश रद्द कर दिया।

हालांकि, हाईकोर्ट ने यह भी साफ किया कि जमीन से जुड़े मूल मामले में एग्जीक्यूशन की कार्यवाही जारी रहेगी।

यानी कोर्ट के पुराने सिविल आदेश को लागू कराने की प्रक्रिया पर इस फैसले का असर नहीं पड़ेगा। राहत सिर्फ दोनों अधिकारियों के खिलाफ शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही में मिली है।

सबसे अधिक लोकप्रिय