टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

राजस्थान हाईकोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: विजिलेंस रजिस्ट्रार सहित 18 न्यायिक अधिकारियों के तबादले, कई को मिली नई जिम्मेदारियां

Rajasthan High Court Transfers 18 Judicial Officers in Major Administrative Reshuffle

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन में शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया।

हाईकोर्ट प्रशासन ने 18 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों के आदेश जारी किए हैं।

इस तबादला सूची में हाईकोर्ट रजिस्ट्री के महत्वपूर्ण पदों के साथ-साथ जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर पर भी बदलाव किया गया है।

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल के कार्यभार संभालने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से एक ही दिन में शनिवार को दो बड़े प्रशासनिक फैसले सामने आए।

पहले नए रोस्टर के तहत राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के पूर्व में किए गए तबादलों को निरस्त किया गया, वहीं देर शाम तक न्यायिक अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर हाईकोर्ट रजिस्ट्री और लोअर ज्यूडिशरी में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से जारी आदेश के बाद कई न्यायिक अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है।

दोनों पीठों के विजिलेंस रजिस्ट्रार बदले

शनिवार देर शाम जारी पहली तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव विजिलेंस रजिस्ट्रार के पदों पर किया गया है। राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ—दोनों के विजिलेंस रजिस्ट्रार बदल दिए गए हैं।

आदेश के अनुसार डीजे सुनील कुमार पंचोली को राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर में रजिस्ट्रार विजिलेंस नियुक्त किया गया है। हाईकोर्ट रजिस्ट्री में विजिलेंस से जुड़ी जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व माना जाता है।

वहीं भरतपुर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलजीत सिंह का तबादला करते हुए उन्हें एक बार फिर राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में रजिस्ट्रार विजिलेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जयपुर पीठ में अब तक रजिस्ट्रार विजिलेंस के पद पर कार्यरत डीजे अनिल बेनीवाल का तबादला कर उन्हें अजमेर पॉक्सो एक्ट संख्या-1 के न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है।

हेमंत सिंह बघेला की फिर हाईकोर्ट रजिस्ट्री में वापसी

तबादला सूची में एक और महत्वपूर्ण बदलाव डीजे हेमंत सिंह बघेला को लेकर किया गया है। उन्हें एक बार फिर राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में रजिस्ट्रार प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हेमंत सिंह बघेला इससे पहले भी रजिस्ट्रार प्रशासन के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। बाद में उनका तबादला अजमेर किया गया था। अब नए प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें वापस हाईकोर्ट जयपुर पीठ की रजिस्ट्री में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

दो जिलों को मिले नए जिला एवं सत्र न्यायाधीश

हाईकोर्ट की ओर से जारी तबादला आदेश में प्रदेश के दो जिलों में नए जिला एवं सत्र न्यायाधीश भी नियुक्त किए गए हैं।

डीजे शिवानी सिंह, जो राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ में ओएसडी रजिस्ट्रार प्रशासन के पद पर कार्यरत थीं, का तबादला करते हुए उन्हें जोधपुर जिले का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार डीजे मीनाक्षी शर्मा का राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ से तबादला करते हुए उन्हें टोंक का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

टोंक में अब तक जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत डीजे सीमा अग्रवाल का तबादला किया गया है। उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर में रजिस्ट्रार रूल्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई महत्वपूर्ण पद अभी भी खाली

शनिवार देर शाम 18 न्यायिक अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने के बावजूद प्रदेश में जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर के कई महत्वपूर्ण पद अभी भी रिक्त हैं।

हाईकोर्ट प्रशासन के इस फेरबदल से साफ है कि न्यायिक अधिकारियों की पोस्टिंग और हाईकोर्ट रजिस्ट्री की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

क्या आने वाली हैं और तबादला सूचियां?

राजस्थान की न्यायपालिका में पिछले कुछ समय से प्रशासनिक स्तर पर लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में शनिवार देर शाम जारी हुई यह तबादला सूची बड़े प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है।

आने वाले दिनों में लोअर ज्यूडिशरी में जिला एवं सत्र न्यायाधीश समेत अन्य महत्वपूर्ण न्यायिक पदों पर भी तबादले और नई नियुक्तियां होने की संभावना है। इसके साथ ही हाईकोर्ट रजिस्ट्री में भी कुछ और महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए जाने की संभावना बनी हुई है।

18 न्यायिक अधिकारियों की यह सूची ऐसे समय जारी हुई है, जब मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल के कार्यभार संभालने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन में कई स्तरों पर बदलाव की प्रक्रिया तेज हुई है।

सबसे अधिक लोकप्रिय