जोधपुर। जैसलमेर के शहीद पूनम सिंह स्टेडियम के पास मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने निर्माण पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका (PIL) खारिज कर दी है।
जस्टिस विनीत कुमार माथुर और जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा की बेंच ने कहा कि इसी निर्माण को लेकर पहले दायर याचिका और अवमानना मामले में हाईकोर्ट की दूसरी खंडपीठ निर्माण गतिविधियों को वैध ठहरा चुकी है।
ऐसे में अब उसके विपरीत कोई आदेश जारी नहीं किया जा सकता।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता एम.एस. राठौड़ ने पैरवी की।
राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आई.आर. चौधरी और पवन भारती पेश हुए। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश पंवार की ओर से आयुष गहलोत ने पैरवी की।
स्टेडियम के पास पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का था विरोध
याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर जैसलमेर के शहीद पूनम सिंह स्टेडियम के पास मल्टीलेवल कार पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण को चुनौती दी थी।
उनका कहना था कि स्टेडियम के आसपास भवन निर्माण होने से खेल गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
याचिकाकर्ताओं ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की थी। साथ ही परियोजना से जुड़े नोटिफिकेशन, टेंडर और निर्माण के लिए जारी वर्क ऑर्डर रद्द करने का आग्रह किया था।
उन्होंने पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को स्टेडियम के बजाय किसी दूसरी जगह विकसित करने का निर्देश देने की भी मांग की।
17 फरवरी 2026 के नोटिफिकेशन और EOI को चुनौती
याचिकाकर्ताओं ने 17 फरवरी 2026 को जारी उस नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग की थी, जिसके तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर DBFOT आधार पर कार पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे।
याचिका में 9 अक्टूबर 2025 को जारी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) को भी रद्द करने की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि स्टेडियम के पास निर्माण होने से खेल गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने परियोजना को किसी दूसरी जगह विकसित करने का निर्देश देने का आग्रह किया।
सरकार का दलील- करीब 400 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी
राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि स्टेडियम के पास पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित चार मंजिला भवन में करीब 400 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। इसमें एक फ्लोर कमर्शियल गतिविधियों के लिए रखा गया है।
सरकार ने ओर से ये भी कहा गया कि कमर्शियल गतिविधियों से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल पार्किंग सुविधा के रखरखाव में किया जाएगा।
जैसलमेर में पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण आसपास की सड़कों पर यातायात और पार्किंग की समस्या रहती है। प्रस्तावित सुविधा से इस समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
2013 में भी निर्माण रोकने के लिए दायर हुई थी PIL
राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता ने याचिका का विरोध करते हुए बताया कि इसी तरह की मांग को लेकर पहले भी हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जा चुकी है।
मांगी लाल सोलंकी और अन्य ने 2012 में DB सिविल रिट याचिका (PIL) संख्या 11713/2012 दायर कर स्टेडियम के पास व्यावसायिक इस्तेमाल वाले निर्माण को रोकने की मांग की थी। हालांकि हाईकोर्ट ने 11 सितंबर 2013 को इस याचिका का निस्तारण कर दिया था।
इसके बाद पुराने आदेश का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए याचिकाकर्ताओं ने अवमानना याचिका भी दायर की थी।
हाईकोर्ट मार्च 2026 में निर्माण को वैध मान चुकी थी
सरकार ने बताया कि हाईकोर्ट की दूसरी डिवीजन बेंच ने 24 मार्च 2026 को आदेश पारित किया था। इस आदेश में प्रस्तावित पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण को वैध माना गया था।
उस समय कोर्ट ने कहा था कि करीब 400 वाहनों की पार्किंग के लिए भवन बनाने से स्टेडियम की प्रकृति नहीं बदलती। कमर्शियल गतिविधियों से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल पार्किंग सुविधा के रखरखाव के लिए किया जाएगा।
हाईकोर्ट ने यह भी माना था कि पार्किंग सुविधा से आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम हो सकता है और स्टेडियम में होने वाले खेल आयोजनों को भी मदद मिलेगी। स्टेडियम की प्रकृति बदलने संबंधी आशंका को निराधार माना गया था।
पहले के फैसले के खिलाफ आदेश नहीं दे सकते: हाईकोर्ट
मौजूदा याचिका पर सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और पुराने आदेशों पर गौर किया।
हाईकोर्ट ने कहा कि 24 मार्च 2026 के आदेश में हाईकोर्ट की समन्वय पीठ इस निर्माण गतिविधि को वैध ठहरा चुकी है। ऐसे में मौजूदा मामले में उस आदेश के विपरीत कोई निर्देश जारी नहीं किया जा सकता।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका में कोई दम नहीं मानते हुए इसे खारिज कर दिया।
इसके साथ ही स्टेडियम के पास प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण रोकने और परियोजना को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग पर राहत देने से इनकार कर दिया।