टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

रोडवेज को 1000 करोड़ की राहत : बिना एक भी पार्सल ढोए कंपनी ने रोडवेज से मांगे ₹2,970 करोड़, मिला ₹653 करोड़+ब्याज का अवॉर्ड! राजस्थान हाईकोर्ट ने पलटा फैसला

Rajasthan High Court Orders Trial Courts to Pass Orders on Disposal of Seized Property

रोडवेज की 4,000 बसों में पार्सल परिवहन के ठेके से जुड़ा 15 साल पुराना विवाद, कंपनी ने किया था ₹2,970 करोड़ का दावा, ब्याज सहित अवार्ड में चुकाने होते 1000 करोड़ से अधिक

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) यानी राजस्थान रोडवेज को करीब 15 साल पुराने व्यावसायिक विवाद में ₹653.20 करोड़ की बड़ी राहत दी हैं.

राजस्थान हाईकोर्ट ने बिना काम किए ही कंपनी के पक्ष में ₹653.20 करोड़ मुआवजा देने के आर्बिट्रल अवॉर्ड को रद्द करते हुए कंपनी की अपील को खारिज कर दिया हैं.

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि जब किसी कंपनी ने अनुबंध के तहत एक दिन भी काम नहीं किया, एक भी पार्सल नहीं ढोया और अपने कथित नुकसान का विश्वसनीय सबूत तक पेश नहीं किया, तो उसे ₹653 करोड़ रुपये का मुआवजा देना मुआवजा नहीं बल्कि विंडफॉल हैं.

राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने रिपोर्टेबल फैसले के जरिए स्पष्ट किया हैं कि

केवल अनुबंध समाप्त होने या काम शुरू नहीं हो पाने के आधार पर सैकड़ों करोड़ रुपये के अपेक्षित मुनाफे का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता। मुआवजे के लिए नुकसान का विश्वसनीय आधार, अनुबंध के तहत अधिकार और दोनों के बीच उचित अनुपात होना आवश्यक है।

जस्टिस अरुण मोंगा और जस्टिस अशुतोष कुमार की खंडपीठ ने M/s Bhagwati Enterprises की ओर से दायर अपील पर यह फैसला सुनाया हैं.

राजस्थान हाईकोर्ट ने इसके साथ ही जयपुर कॉमर्शियल कोर्ट के 8 नवंबर 2024 के उस आदेश पर मुहर लगा दी हैं जिसमें आर्बिट्रेटर द्वारा पारित ₹653.20 करोड़ का अवॉर्ड निरस्त कर दिया गया था।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि मुआवजे का उद्देश्य वास्तविक नुकसान की भरपाई करना है, न कि किसी पक्ष को अप्रत्याशित आर्थिक लाभ (Windfall) पहुंचाना।

हाईकोर्ट के अनुसार, विवादित अवॉर्ड अनुबंध की शर्तों, भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 73 और सार्वजनिक नीति के सिद्धांतों के विपरीत था।

क्या था पूरा मामला?

मामला वर्ष 2005 का है, जब राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने अपनी लगभग 4,000 बसों के माध्यम से घरेलू सामान, पार्सल और छोटे व्यावसायिक माल के परिवहन के लिए एकमात्र लाइसेंसधारी नियुक्त करने के उद्देश्य से टेंडर जारी किया था।

27 जनवरी 2005 को जारी टेंडर प्रक्रिया में चार कंपनियों ने भाग लिया।

इनमें M/s Bhagwati Enterprises की बोली सबसे अधिक थी, जिसे RSRTC ने 31 जनवरी 2005 को मंजूर करते किया.

कंपनी ने उसके बाद मासिक लाइसेंस फीस: ₹6,66,786, सिक्योरिटी डिपॉजिट: ₹6,66,786 और बैंक गारंटी: ₹40,00,716 की राशि जमा कराई.

जिसके बाद RSRTC ने 22 फरवरी 2005 को वर्क ऑर्डर जारी करते हुए कंपनी को 21 मार्च 2005 से 20 मार्च 2008 तक की अवधि के लिए एकमात्र लाइसेंसधारी नियुक्त किया।

हालांकि, वास्तविक काम शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच औपचारिक अनुबंध की शर्तों को लेकर विवाद पैदा हो गया।

की शर्तों में बदलाव को लेकर शुरू हुआ विवाद

कंपनी ने 19 मार्च 2005 को RSRTC से औपचारिक अनुबंध का प्रारूप मांगा था।

प्रारूप मिलने के बाद कंपनी ने 23 मार्च 2005 को कुछ शर्तों पर आपत्ति जताई।

कंपनी चाहती थी कि अनुबंध के क्लॉज 29 और 30 हटा दिए जाएं।

इन शर्तों के तहत डाक विभाग की डाक, राज्य सरकार के पार्सल, RSRTC की स्टेशनरी और Suvidha Vahan बसों से संबंधित कुछ परिवहन सेवाओं को लाइसेंस के दायरे से बाहर रखा गया था।

इसके अतिरिक्त कंपनी ने माल परिवहन के लिए वैध परमिट से संबंधित शर्त जोड़ने की मांग भी की।

28 मार्च 2005 को कंपनी के प्रतिनिधि ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए, जबकि RSRTC के तत्कालीन चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर ने 29 मार्च 2005 को हस्ताक्षर किए।

हालांकि, दस्तावेज पर कंपनी की ओर से एक हस्तलिखित टिप्पणी भी दर्ज थी, जिसमें क्लॉज 29 और 30 को स्वीकार नहीं करने तथा वैध गुड्स परमिट की आवश्यकता का हवाला दिया गया था.

RSRTC ने इस टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया और कंपनी से निर्धारित प्रारूप में नया अनुबंध हस्ताक्षर करने को कहा। जिसे लेकर रोडवेज ने 1 अप्रैल और 6 अप्रैल 2005 को इस संबंध में पत्र भी जारी किए।

लेकिन कंपनी नए प्रारूप पर सहमत नहीं हुई।

खुद वापस मांगी सिक्योरिटी, फिर 2970 करोड़ का मुआवजा

कंपनी ने RSRTC पर काम शुरू करवाने का दबाव बनाने या पहले के अनुबंध को लागू करवाने के बजाय अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांग ली।

RSRTC ने कंपनी के अनुरोध पर राशि वापस कर दी। इसके बाद 16 अप्रैल 2005 को निगम ने वर्क ऑर्डर रद्द कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम में कंपनी ने RSRTC की किसी भी बस में एक भी पार्सल या सामान का परिवहन नहीं किया और न ही लाइसेंस के तहत कोई व्यावसायिक गतिविधि शुरू की।

इसके बावजूद कंपनी ने बाद में मध्यस्थता की कार्यवाही शुरू करते हुए 10 फरवरी 2010 को कुल ₹2,970.56 करोड़ का दावा पेश कर दिया यह कहते हुए कि उसे भविष्य के लाभ का नुकसान हुआ.

कंपनी सिक्योरिटी एवं अर्नेस्ट मनी की वापसी और उस पर ब्याज के ₹1.47 करोड़, प्रशासनिक एवं अन्य खर्च के पेटे ₹57.38 लाख, कानूनी खर्च ₹32.09 लाख और तीन साल के अनुबंध से कथित लाभ का नुकसान ₹2,968.19 करोड़ बताते हुए कुल ₹2,970.56 करोड़ का दावा किया.

कंपनी ने कथित लाभ के नुकसान की गणना अनुबंध मूल्य के 15 प्रतिशत के आधार पर की थी।

आर्बिट्रेटर ने दिया था ₹653.20 करोड़ का अवॉर्ड

18 सितंबर 2011 को एकल मध्यस्थ ने कंपनी के पक्ष में ₹653,20,86,367 यानी लगभग ₹653.20 करोड़ का अवॉर्ड पारित किया।

इसके साथ 10 जनवरी 2010 से वास्तविक भुगतान होने तक 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का भी आदेश दिया गया था।

मध्यस्थ ने कंपनी के लाभ के नुकसान से जुड़े दावे को स्वीकार किया था, जबकि सिक्योरिटी राशि और प्रशासनिक खर्च से जुड़े दावों को आंशिक रूप से स्वीकार किया। कानूनी खर्च का दावा खारिज कर दिया गया था।

दूसरी ओर, RSRTC की ओर से पेश किया गया काउंटर क्लेम भी पूरी तरह खारिज कर दिया गया।

इसके बाद RSRTC ने मध्यस्थता एवं सुलह अधिनियम, 1996 की धारा 34 के तहत अवॉर्ड को चुनौती दी।

जयपुर मेट्रोपॉलिटन-II की कमर्शियल कोर्ट नंबर-4 ने 8 नवंबर 2024 को निगम की आपत्तियां स्वीकार करते हुए पूरा अवॉर्ड निरस्त कर दिया।

कंपनी ने इस आदेश को धारा 37 के तहत राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

राजस्थान हाईकोर्ट का फैसला

दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट ने कंपनी द्वारा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगकर तीन साल के मुनाफे का दावा करने पर गंभीर सवाल खड़े किए.

हाईकोर्ट ने कहा कि यह मामला केवल इस बात तक सीमित नहीं है कि अनुबंध अस्तित्व में आया था या नहीं। पहले के आदेशों के अनुसार, एक निष्पादित अनुबंध के अस्तित्व का निष्कर्ष अंतिम हो चुका था और खंडपीठ ने इसे दोबारा नहीं खोला।

हालांकि, हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी अनुबंध का अस्तित्व में आना यह नहीं दिखाता कि पक्षकार हर परिस्थिति में उसे जारी रखने के लिए बाध्य हैं।

कोर्ट ने कहा कि भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 62 के तहत पक्षकार आपसी सहमति से अनुबंध को समाप्त या परिवर्तित कर सकते हैं। ऐसी सहमति उनके व्यवहार से भी सामने आ सकती है।

हाईकोर्ट ने कहा कि भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 7 के अनुसार स्वीकृति पूर्ण और बिना किसी शर्त के होनी चाहिए।

कंपनी ने इस कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर करते समय अपनी ओर से अतिरिक्त शर्तें लिख दी थीं। यह मूल प्रस्ताव की बिना शर्त स्वीकृति नहीं, बल्कि एक नया प्रस्ताव था।

RSRTC ने उस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और निर्धारित प्रारूप में नया अनुबंध करने को कहा।

ऐसी स्थिति में कंपनी के पास विकल्प था कि वह RSRTC के प्रस्ताव को स्वीकार कर काम शुरू करती या अपनी सिक्योरिटी राशि बरकरार रखते हुए पहले के अनुबंध के पालन पर जोर देती।

लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और स्वयं सिक्योरिटी राशि वापस मांग ली।

हाईकोर्ट ने कहा

“A licensee who asks for its security back is not a licensee who stands ready and willing to perform.”

अर्थात, जो लाइसेंसधारी स्वयं अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगता है, उसे ऐसा पक्षकार नहीं माना जा सकता जो अनुबंध का पालन करने के लिए तैयार और इच्छुक था।

हाईकोर्ट ने कहा कि सिक्योरिटी राशि लाइसेंस संचालन का आधार थी। इसे वापस मांगकर कंपनी ने स्वयं उस आधार को समाप्त कर दिया, जिसके सहारे वह कारोबार शुरू कर सकती थी।

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के R.N. Gosain v. Yashpal Dhir फैसले का हवाला देते हुए कहा कि कोई पक्ष एक ही समय में दो विपरीत रुख नहीं अपना सकता।

यदि कंपनी ने इस आधार पर पैसा वापस लिया कि व्यवस्था समाप्त हो गई है, तो वह बाद में यह नहीं कह सकती कि अनुबंध तीन साल तक जारी रहा और उसे पूरे तीन साल का मुनाफा मिलना चाहिए।

हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि सिक्योरिटी राशि पहले ही कंपनी के अनुरोध पर वापस की जा चुकी थी। ऐसे में उसी राशि को दोबारा ब्याज सहित देने का अवॉर्ड एक ही रकम का दोहरा भुगतान करने जैसा होता।

तीन साल का अनुबंध कंपनी का अधिकार नहीं

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कंपनी और रोडवेज के बीच हुए अनुबंध की अवधि को लेकर भी महत्वपूर्ण व्याख्या की।

कंपनी का तर्क था कि वर्क ऑर्डर और अनुबंध के क्लॉज 4 में तीन साल की अवधि का उल्लेख था। बैंक गारंटी भी तीन साल के लिए दी गई थी। इसलिए कंपनी का दावा था कि उसे तीन साल तक कारोबार करने और उससे होने वाले लाभ का अधिकार था।

लेकिन हाईकोर्ट ने इस दलील को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि टेंडर की शर्तों के क्लॉज 21 के अनुसार अनुबंध की सुनिश्चित अवधि एक साल थी।

इसके बाद दो और वर्षों के लिए विस्तार दिया जा सकता था, लेकिन यह RSRTC के अधिकार और लाइसेंसधारी के प्रदर्शन पर निर्भर था।

यानी अगले दो साल का विस्तार कंपनी का स्वतः प्राप्त अधिकार नहीं था।

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि वर्क ऑर्डर में 21 मार्च 2005 से 20 मार्च 2008 तक की अवधि का उल्लेख लाइसेंस की अधिकतम संभावित अवधि को दर्शाता था।

इसमें केवल पहला साल सुनिश्चित था, जबकि अगले दो साल के लिए नवीनीकरण आवश्यक था।

हाईकोर्ट ने कहा कि कंपनी स्वयं टेंडर की कुछ शर्तों को हटाने की मांग कर रही थी, लेकिन उसी टेंडर की क्लॉज 21 को नजरअंदाज नहीं कर सकती थी।

हाईकोर्ट के अनुसार, बैंक गारंटी का तीन साल तक वैध रहना भी कंपनी के तीन साल के अधिकार को सुनिश्चित नहीं करता। बैंक गारंटी का उद्देश्य लाइसेंस देने वाले निगम को सुरक्षा प्रदान करना था।

इसके अलावा, कंपनी ने एक दिन भी काम नहीं किया था। ऐसे में उसके प्रदर्शन का मूल्यांकन करने और अगले दो साल का लाइसेंस नवीनीकृत करने का सवाल ही पैदा नहीं होता।

हाईकोर्ट ने कहा कि मध्यस्थ ने तीन साल के लाभ की गणना करते समय क्लॉज 21 और क्लॉज 32 पर उचित विचार नहीं किया। यह मध्यस्थता अधिनियम की धारा 28(3) के विपरीत था, जिसके तहत मध्यस्थ को अनुबंध की शर्तों को ध्यान में रखना आवश्यक है।

धारा 73 के तहत नुकसान साबित करना जरूरी

राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 73 के तहत मुआवजा तभी दिया जा सकता है, जब अनुबंध के उल्लंघन से वास्तविक और कानूनी रूप से मान्य नुकसान हुआ हो।

ऐसा नुकसान या तो सामान्य परिस्थितियों में स्वाभाविक रूप से उत्पन्न होना चाहिए या ऐसा होना चाहिए जिसकी संभावना अनुबंध करते समय दोनों पक्षों को पता थी।

हाईकोर्ट ने कहा कि दूरस्थ और अप्रत्यक्ष नुकसान के लिए मुआवजा नहीं दिया जा सकता।

खंडपीठ ने कहा कि कंपनी ने अपने दावे को साबित करने के लिए अपने वास्तविक कारोबार, खातों, व्यावसायिक योजना या संभावित कमाई का कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं किया।

बोली एक उम्मीद है, मुनाफा नहीं

हाईकोर्ट ने कहा कि कंपनी ने बाद में RSRTC के अन्य टेंडरों में अलग-अलग बोलीदाताओं द्वारा लगाई गई बोलियों और उनके अनुमानित मुनाफे का सहारा लिया था।

इनमें एक बोलीदाता ने ₹402 लाख प्रतिमाह लाइसेंस फीस की पेशकश की थी, जबकि अन्य कंपनियों ने क्रमशः ₹736.14 करोड़ और ₹947.7 करोड़ के वार्षिक मुनाफे का अनुमान पेश किया था।

लेकिन हाईकोर्ट ने कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा टेंडर में लगाई गई बोली से यह साबित नहीं होता कि वर्तमान कंपनी भी उतना ही लाभ कमा सकती थी।

हाईकोर्ट ने कहा कि

“A bid is a hope. It is not a profit.”

यानी, बोली केवल भविष्य में संभावित कमाई की उम्मीद होती है, वास्तविक मुनाफा नहीं।

हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे में केवल दूसरे बोलीदाताओं के अनुमान के आधार पर सैकड़ों करोड़ रुपये का मुआवजा देना उचित नहीं था।

न कारोबार, न नुकसान साबित, फिर भी ₹653 करोड़!

हाईकोर्ट ने कहा कि ₹653.20 करोड़ का अवॉर्ड तीन साल की कुल संभावित लाइसेंस फीस से लगभग 272 गुना और एक साल की फीस से लगभग 816 गुना था। यह गणना ब्याज को शामिल किए बिना थी।

हाईकोर्ट ने कहा कि कोई भी समझदार व्यक्ति लगभग ₹80 लाख सालाना लाइसेंस फीस देकर ऐसा कारोबार लेने की बोली नहीं लगाएगा, जिससे उसे सैकड़ों करोड़ रुपये का सालाना मुनाफा होने की उम्मीद हो।

हाईकोर्ट के अनुसार, यह अंतर केवल सामान्य अनुपातहीनता नहीं, बल्कि पूरी तरह अलग स्तर का असंतुलन था।

हाईकोर्ट ने कहा कि यह अवॉर्ड वास्तविक नुकसान का आकलन नहीं था, बल्कि कंपनी को अप्रत्याशित आर्थिक लाभ पहुंचाने जैसा था।

कंपनी को अप्रत्याशित आर्थिक लाभ पहुंचाने जैसा

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में Jaipur Development Authority v. Rohan Rahdeeo Rajasthan Infra Project Ltd. का हवाला देते हुए कहा कि मुआवजे का उद्देश्य नुकसान की भरपाई करना है, न कि किसी पक्ष को अनुचित आर्थिक लाभ देना।

खंडपीठ ने इसी सिद्धांत को वर्तमान मामले में लागू करते हुए कहा कि ₹653 करोड़ का अवॉर्ड किसी भी तरह उस संभावित नुकसान के अनुपात में नहीं था, जिसे कंपनी साबित कर सकी हो।

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के Kailash Nath Associates v. Delhi Development Authority और Unibros v. All India Radio जैसे फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि जहां नुकसान को साबित करना संभव हो, वहां ठोस प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक है।

सिर्फ किसी फॉर्मूले या अनुमान के आधार पर मुआवजे की राशि तय नहीं की जा सकती।

हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि

जिन मामलों में ठेकेदार ने कुछ काम किया हो और शेष काम पूरा नहीं करने दिया गया हो, वहां अपेक्षित मुनाफे का आकलन अलग परिस्थितियों में किया जा सकता है। लेकिन वर्तमान मामला अलग था, क्योंकि कंपनी ने कोई काम शुरू ही नहीं किया था और उसका लाभ पूरी तरह उस कारोबार पर निर्भर था, जिसे उसने कभी संचालित नहीं किया।

अवॉर्ड के कुछ हिस्से को बचाने की मांग भी खारिज

कंपनी की ओर से वैकल्पिक रूप से यह दलील दी गई कि यदि पूरे अवॉर्ड को बरकरार नहीं रखा जा सकता तो उसके वैध हिस्से को अलग करके बचाया जा सकता है।

जिस पर हाईकोर्ट ने कहा कि जहां किसी अवॉर्ड के वैध और अवैध हिस्से स्पष्ट रूप से अलग किए जा सकते हों, वहां कुछ हिस्से को बचाने की संभावना हो सकती है।

हालांकि, अदालत स्वयं नए सिरे से मुआवजे की राशि की गणना नहीं कर सकती और न ही मध्यस्थ की जगह लेकर नया आंकड़ा तय कर सकती है।

वर्तमान मामले में सिक्योरिटी राशि पहले ही वापस की जा चुकी थी, प्रशासनिक खर्चों के समर्थन में पर्याप्त प्रमाण नहीं थे और मुनाफे का दावा भी बिना ठोस सबूत तथा सुनिश्चित अनुबंध अवधि के आधार पर किया गया था।

ऐसे में अवॉर्ड के किसी हिस्से को अलग करके बचाना संभव नहीं था।

अंत में हाईकोर्ट ने क्या आदेश दिया?

राजस्थान हाईकोर्ट ने निष्कर्ष निकाला कि कंपनी ने स्वयं सिक्योरिटी राशि वापस मांगकर अनुबंध से अलग होने का रास्ता चुना था। इसके बावजूद तीन साल के मुनाफे का दावा करना उचित नहीं था।

हाईकोर्ट ने कहा कि ₹653.20 करोड़ का अवॉर्ड बिना किसी वास्तविक कार्य, बिना नुकसान के ठोस प्रमाण और तीसरे पक्ष की बोलियों पर आधारित था। यह अनुबंध की शर्तों और भारतीय संविदा अधिनियम की धारा 73 के विपरीत था।

इसलिए हाईकोर्ट ने M/s Bhagwati Enterprises की धारा 37 के तहत दायर अपील खारिज करते हुए जयपुर कमर्शियल कोर्ट का 8 नवंबर 2024 का आदेश बरकरार रखा.

इसके साथ ही 18 सितंबर 2011 का ₹653.20 करोड़ का आर्बिट्रल अवॉर्ड पूरी तरह निरस्त कर दिया गया.

वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने की पैरवी

मामले में अपीलकर्ता M/s Bhagwati Enterprises की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. अग्रवाल ने पैरवी की। उनकी सहायता अधिवक्ता अधिराज मोदी, माधव दाधीच और रचित शर्मा ने की।

वहीं, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आर.एन. माथुर ने पक्ष रखा। उनकी सहायता अधिवक्ता प्रतीक माथुर और उत्कर्ष दुबे ने की।

सबसे अधिक लोकप्रिय