टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

राजस्थान की महिला न्यायिक अधिकारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, हाईकोर्ट की प्रतिकूल टिप्पणियां निरस्त; एसीआर में टिप्पणी दर्ज करने का आदेश भी रद्द

Supreme Court Denies One-Year Practice Exemption to 2026 Law Graduates for Judicial Services Exams

नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान न्यायिक सेवा की जिला न्यायाधीश संवर्ग की एक महिला न्यायिक अधिकारी को बड़ी राहत देते हुए राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से की गई प्रतिकूल टिप्पणियों और उनके ACR में टिप्पणी दर्ज करने के आदेश को निरस्त कर दिया है।

जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय की बेंच ने स्पष्ट किया कि किसी न्यायिक अधिकारी के फैसले में त्रुटि या टाइपिंग संबंधी गलती होने मात्र से उसके व्यक्तिगत आचरण, कार्यक्षमता और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रतिकूल टिप्पणी करना उचित नहीं है।

विशेष रूप से तब, जब संबंधित अधिकारी को अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं दिया गया हो।

क्या हैं पूरा मामला?

मामला झुंझुनूं जिले के मलसीसर थाने में वर्ष 2019 में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है।

इस मामले में पीड़िता के पिता, एक बाल अपचारी और देव कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 376-D तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज हुआ था।

बाल अपचारी की उम्र घटना के समय 16 वर्ष 9 महीने 28 दिन थी।

किशोर न्याय बोर्ड ने प्रारंभिक आकलन के बाद उसे वयस्क की तरह मुकदमे का सामना करने योग्य मानते हुए मामला पॉक्सो विशेष अदालत को सौंप दिया था।

किशोर न्याय अधिनियम की धारा 23 के तहत बाल अपचारी और वयस्क आरोपी का संयुक्त ट्रायल नहीं हो सकता था। इसलिए दोनों के अलग-अलग मुकदमे चले।

दोनों मामलों में सुनवाई के बाद संबंधित महिला जिला न्यायाधीश ने 20 जनवरी 2024 को अलग-अलग फैसले सुनाए और दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

फैसलों में कुछ तथ्य दोहराए जाने पर हाईकोर्ट ने की थी टिप्पणी

दोनों मुकदमों के फैसले तैयार करते समय एक मामले के साक्ष्यों और गवाहों के कुछ विवरण अनजाने में दूसरे मामले के फैसले में भी शामिल हो गए थे।

बाल अपचारी ने सजा के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में अपील दायर कर सजा निलंबित करने की मांग की थी।

1 मई 2025 को हाईकोर्ट के एकलपीठ ने सजा निलंबन की अर्जी खारिज करते हुए संबंधित न्यायिक अधिकारी के कामकाज पर गंभीर टिप्पणियां की।

हाईकोर्ट ने कहा था कि न्यायिक अधिकारी ने फैसला स्वयं लिखने के बजाय ‘कट, कॉपी और पेस्ट’ की पद्धति अपनाई और संभवतः फैसला स्टेनोग्राफर या क्लर्क ने तैयार किया था।

यहां तक कहा गया कि न्यायिक अधिकारी ने फैसले को पढ़कर ठीक करने की जिम्मेदारी भी नहीं निभाई।

हाईकोर्ट ने राजस्थान न्यायिक अकादमी को संबंधित अधिकारी को फैसला लिखने का प्रशिक्षण देने और आदेश की प्रति उनकी वर्ष 2024 की एसीआर में शामिल करने का आदेश भी दिया था।

सुप्रीम कोर्ट में न्यायिक अधिकारी ने क्या सफाई दी?

न्यायिक अधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि दोनों मुकदमों के तथ्य और साक्ष्य आपस में काफी हद तक जुड़े हुए थे। दोनों मामलों में गवाह और मूल साक्ष्य लगभग समान थे।

उन्होंने यह भी बताया कि पॉक्सो विशेष न्यायालय में संसाधनों की कमी थी।

न्यायालय में नियुक्त एकमात्र स्टेनोग्राफर अवकाश पर चले गए थे।

ऐसे में फैसले का कुछ हिस्सा उन्हें सीधे एलडीसी से कंप्यूटर पर टाइप करवाना पड़ा, जबकि शेष हिस्सा स्टेनोग्राफर के लौटने के बाद लिखवाया गया।

फैसले में गवाहों के क्रमांक और अन्य विवरणों की गलतियों को उन्होंने मानवीय और टाइपिंग संबंधी त्रुटियां बताया, जिनका फैसले के निष्कर्ष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट की ओर से न्यायिक अधिकारी के खिलाफ की गई प्रतिकूल टिप्पणियां अनावश्यक थीं और उनसे बचा जा सकता था।

पीठ ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत हाईकोर्ट को अधीनस्थ न्यायपालिका पर पर्यवेक्षण का अधिकार प्राप्त है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल जिला न्यायपालिका को मार्गदर्शन देने, मजबूत बनाने और प्रोत्साहित करने के लिए किया जाना चाहिए।

न्यायिक अधिकारियों के प्रति क्षमाशीलता और उदारता का दृष्टिकोण अपनाना भी हाईकोर्ट की भूमिका का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अदालत ने कहा कि किसी न्यायिक अधिकारी के खिलाफ व्यक्तिगत आचरण या कार्यक्षमता पर प्रतिकूल टिप्पणी करने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का अवसर देना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के तहत अनिवार्य है।

पीठ ने Audi Alteram Partem यानी दूसरे पक्ष को भी सुनने के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना स्पष्टीकरण का अवसर दिए ऐसी टिप्पणियां करना उचित नहीं है।

न्यायिक अधिकारियों के खिलाफ टिप्पणी करने की प्रक्रिया भी बताई

सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि न्यायिक आदेश की त्रुटियों की आलोचना और संबंधित न्यायिक अधिकारी के व्यक्तिगत आचरण या क्षमता पर टिप्पणी करना दोनों अलग-अलग बातें हैं।

यदि किसी न्यायिक अधिकारी के कामकाज या फैसले की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता है, तो हाईकोर्ट उचित स्थिति में रिमार्क स्लिप तैयार कर उसे प्रशासनिक न्यायाधीश या मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रख सकता है।

इससे संबंधित अधिकारी को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा और आवश्यक कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर की जा सकेगी।

अदालत ने आगाह किया कि न्यायिक अधिकारी के खिलाफ की गई प्रतिकूल टिप्पणियां उसके पूरे करियर को नुकसान पहुंचा सकती हैं और जिला न्यायपालिका के अन्य अधिकारियों पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं।

हाईकोर्ट की सभी प्रतिकूल टिप्पणियां निरस्त

सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि महिला न्यायिक अधिकारी के खिलाफ की गई टिप्पणियां प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं थीं और कानून की नजर में टिकाऊ नहीं हैं।

पीठ ने हाईकोर्ट के 1 मई 2025 के आदेश के पैरा 9, 10 और 11 में दर्ज प्रतिकूल टिप्पणियों को रद्द कर दिया।

इसके साथ ही पैरा 17 में राजस्थान न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण देने और पैरा 18 में आदेश को वर्ष 2024 की एसीआर में शामिल करने के आदेश को भी रद्द कर दिए।

सुप्रीम कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए अपने आदेश की प्रति राजस्थान हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने के लिए भेजने का आदेश दिया।

सबसे अधिक लोकप्रिय