कंपनी का मालिक बदलने के बाद कौन होगा पुराने बकाये के लिए जिम्मेदार? ₹2.73 करोड़ के विवाद में हाईकोर्ट ने उठाए 3 सवाल
जयपुर। करीब ₹2.73 करोड़ के बकाया भुगतान विवाद में राजस्थान हाईकोर्ट ने आगरा के कारोबारी सुधीर कुमार अग्रवाल को राहत दी है।
जस्टिस आनंद शर्मा ने MSME फैसिलिटेशन काउंसिल की 25 मई 2026 की उस कार्यवाही को रद्द कर दिया है, जिसमें कारोबारी की कानूनी आपत्तियों पर स्पष्ट फैसला किए बिना ही बकाया वसूली की कार्यवाही आगे बढ़ा दी गई थी।
दरअसल, इस मामले में अहम सवाल यह था कि क्या किसी इंडस्ट्री का नया मालिक, पुराने मालिक के समय हुए कारोबार के बकाये की वसूली के लिए अपनी नई MSME रजिस्ट्रेशन के आधार पर कार्यवाही शुरू कर सकता है?
कारोबारी सुधीर कुमार ने बकाया वसूली के दावे को समय-सीमा के बाहर बताते हुए भी हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
फिलहाल हाईकोर्ट ने मामला वापस काउंसिल को भेजते हुए 3 सवालों पर नए सिरे से फैसला करने को कहा है।
इनमें नए मालिक का दावा पेश करने का अधिकार, दावे की समय सीमा और आर्बिट्रेशन की तय अवधि खत्म होने के बाद भी कार्यवाही जारी रखने का सवाल शामिल है। काउंसिल को दोनों पक्षों को सुनकर इन सवालों पर कारण सहित नया आदेश देने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, हाईकोर्ट ने ₹2.73 करोड़ के बकाये पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। यानी सुधीर अग्रवाल को यह रकम चुकानी होगी या नहीं, इस पर अभी फैसला होना बाकी है।
इस मामले में सुधीर अग्रवाल की ओर से सीनियर एडवोकेट आर.बी. माथुर ने पैरवी की। उनके साथ एडवोकेट नावेद रफीक, फलक माथुर, युग सिंह, मनीष भोडीवाल और उत्सव वर्मा पेश हुए। वहीं, करण इंडस्ट्रीज की ओर से सीनियर एडवोकेट अशोक मेहता ने एडवोकेट मुदित सिंघवी के साथ पक्ष रखा।
2014 से 2018 के बीच हुई केमिकल की सप्लाई पर विवाद
यह विवाद भीलवाड़ा की करण इंडस्ट्रीज और आगरा के कारोबारी सुधीर कुमार अग्रवाल के बीच पुराने कारोबारी लेन-देन से जुड़ा है।
करण इंडस्ट्रीज की ओर से काउंसिल में दावा किया गया कि वर्ष 2014 से सुधीर अग्रवाल की फर्म को केमिकल की सप्लाई की जा रही थी।
इस दौरान करीब ₹7.55 करोड़ के केमिकल सप्लाई किए गए, जबकि इसके बदले करीब ₹4.81 करोड़ का भुगतान हुआ। करण इंडस्ट्रीज ने लगभग ₹2.73 करोड़ बकाया होने का दावा किया।
बकाया भुगतान के लिए 11 नवंबर 2019 को सुधीर अग्रवाल को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था। करण इंडस्ट्रीज ने यह भी दावा किया कि नोटिस के जवाब में सुधीर अग्रवाल ने करीब ₹2.73 करोड़ की देनदारी स्वीकार की थी।
मालिक की मौत के बाद शुरू हुआ कानूनी विवाद
दरअसल, करण इंडस्ट्रीज के तत्कालीन मालिक रंजीत सिंह गोखरू ने 18 जनवरी 2022 को वसीयत बनाई थी।
इसमें उन्होंने अपने दो पोतों ऋषभ गोखरू और भाविक गोखरू को अपना उत्तराधिकारी बनाया था। हालांकि, वसीयत बनाने के महज 6 दिन बाद ही उनकी मौत हो गई।
रंजीत सिंह की मौत के बाद उनके नाम से पहले दाखिल वसूली आवेदन को काउंसिल ने 30 नवंबर 2022 को बंद कर दिया।
इसके बाद उनके पोते ऋषभ गोखरू ने बकाया रकम की वसूली के लिए काउंसिल में दोबारा कार्यवाही शुरू करने की कोशिश की।
काउंसिल ने ऋषभ को नए सिरे से आवेदन दाखिल करने की छूट दी। साथ ही, यह भी कहा कि नए आवेदन को समय सीमा के भीतर दाखिल माना जाएगा।
नए मालिक ने 2023 में कराया MSME रजिस्ट्रेशन
इसके बाद ऋषभ गोखरू ने 10 जनवरी 2023 को करण इंडस्ट्रीज के नाम से नया MSME रजिस्ट्रेशन कराया। दो दिन बाद यानी 12 जनवरी 2023 को उन्होंने सुधीर अग्रवाल के खिलाफ काउंसिल में नया आवेदन दाखिल कर दिया।
यानी ऋषभ गोखरू ने बाद में नई MSME रजिस्ट्रेशन के आधार पर बकाया वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
मामले में पहले सुलह की कोशिश हुई, लेकिन 19 जनवरी 2023 को यह प्रक्रिया विफल हो गई। इसके बाद विवाद को आर्बिट्रेशन के लिए भेज दिया गया।
नए रजिस्ट्रेशन के बाद पुराने लेन-देन पर उठाए सवाल
सुधीर अग्रवाल की ओर से हाईकोर्ट में दलील दी गई कि ऋषभ गोखरू ने जनवरी 2023 में नया MSME रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि विवाद से जुड़े लेन-देन 2017 और 2018 के हैं।
ऐसे में नए रजिस्ट्रेशन के आधार पर पुराने कारोबारी लेन-देन की वसूली के लिए MSME कानून के तहत कार्यवाही शुरू करने का अधिकार कैसे मिल सकता है?
सुधीर अग्रवाल का यह भी कहना था कि रंजीत सिंह की वसीयत में जमीन और संपत्ति का जिक्र था, लेकिन करण इंडस्ट्रीज का कारोबार ऋषभ को सौंपने की बात स्पष्ट नहीं थी।
दूसरी ओर, ऋषभ की तरफ से कहा गया कि पुराने मालिक की मौत के बाद नया रजिस्ट्रेशन कराना प्रक्रिया की जरूरत थी। इससे पुराने कारोबारी लेन-देन और बकाया रकम पर दावा करने का अधिकार खत्म नहीं हो जाता।
90 दिन और एक साल की सीमा खत्म होने का भी आपत्ति
सुधीर अग्रवाल ने काउंसिल के सामने दावे की समय सीमा को लेकर भी आपत्ति उठाई।
उनका कहना था कि पुराने मालिक के साथ आखिरी कारोबारी लेन-देन 2018 में हुआ था। ऐसे में 3 साल की निर्धारित समय सीमा के बाद दाखिल किया गया दावा कानूनन समय सीमा से बाहर है।
उन्होंने MSME डेवलपमेंट एक्ट की धारा 18(5) का भी हवाला दिया। इसके तहत काउंसिल को किसी रेफरेंस का निपटारा 90 दिन में करना होता है।
इसके अलावा, आर्बिट्रेशन एंड कन्सिलिएशन एक्ट की धारा 29A के तहत आर्बिट्रल अवॉर्ड देने की समय सीमा का सवाल भी उठाया गया।
उनका कहना था कि निर्धारित अवधि बीत चुकी है, इसलिए यह भी तय होना चाहिए कि कार्यवाही आगे जारी रखी जा सकती है या नहीं।
काउंसिल ने आपत्तियों पर क्या किया?
इससे पहले सुधीर अग्रवाल ने 2025 में भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
19 सितंबर 2025 को हाईकोर्ट ने उन्हें कार्यवाही की अवधि, ऋषभ के अधिकार और मामले की वैधता से जुड़ी आपत्तियां उठाने की छूट दी थी। साथ ही काउंसिल को इन पर कारण सहित आदेश देने के निर्देश दिए थे।
सुधीर अग्रवाल का कहना था कि इसके बावजूद काउंसिल ने उनकी आपत्तियों पर सही तरीके से विचार नहीं किया।
25 मई 2026 की कार्यवाही में काउंसिल ने अपने पहले के आदेशों का हवाला देते हुए नए मालिक के अधिकार और दावे की समय सीमा को सही मान लिया।
हालांकि, इन दोनों सवालों पर पर्याप्त कारण नहीं बताए। इसके बजाय काउंसिल ने कथित बकाया रकम पर ब्याज की गणना आगे बढ़ा दी।
हाईकोर्ट ने भी माना कि काउंसिल ने पहले उठाई गई आपत्तियों पर साफ तौर पर और स्पष्ट वजह बताते हुए फैसला नहीं दिया था।
करण इंडस्ट्रीज ने क्या दलील दी?
वहीं करण इंडस्ट्रीज का कहना था कि पुराने मालिक की मौत से कारोबारी लेन-देन और बकाया रकम खत्म नहीं हो जाती। ऋषभ गोखरू को वसीयत के जरिए पुराने मालिक के अधिकार मिले हैं।
नया MSME रजिस्ट्रेशन कराना कारोबारी प्रक्रिया की जरूरत थी। इससे पुराने लेन-देन के आधार पर बकाया वसूलने का अधिकार खत्म नहीं होता।
साथ ही यह भी दलील दी कि आर्बिट्रेशन की कार्यवाही के बीच हाईकोर्ट को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। अगर सुधीर अग्रवाल को किसी आदेश या कार्यवाही पर आपत्ति है, तो अंतिम अवॉर्ड के बाद कानून के तहत उसे चुनौती देने का रास्ता खुला है।
हाईकोर्ट ने क्यों रद्द की काउंसिल की कार्यवाही?
जस्टिस आनंद शर्मा ने कहा कि आर्बिट्रेशन की कार्यवाही में हाईकोर्ट का हस्तक्षेप सामान्य तौर पर सीमित रहता है। पक्षकारों को आमतौर पर अंतिम अवॉर्ड आने तक इंतजार करना चाहिए।
हालांकि, कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि असाधारण मामलों में हाईकोर्ट हस्तक्षेप कर सकता है। खासकर तब, जब किसी संस्था के अधिकार क्षेत्र पर ही गंभीर सवाल हो या कार्यवाही में कानूनी खामी दिखाई दे।
हाईकोर्ट ने माना कि इस मामले में सुधीर अग्रवाल की आपत्तियां सिर्फ बकाया रकम या लेन-देन से जुड़े तथ्यों तक सीमित नहीं थीं। असल सवाल यह था कि क्या काउंसिल को इस विवाद की सुनवाई करने और आर्बिट्रेशन की कार्यवाही आगे बढ़ाने का अधिकार है।
अधिकार क्षेत्र का सवाल पहले तय होना चाहिए– हाईकोर्ट
हाईकोर्ट ने कहा कि किसी संस्था के अधिकार क्षेत्र से जुड़ी आपत्तियों का फैसला शुरुआती स्तर पर होना जरूरी है। ऐसा इसलिए ताकि पक्षकार ऐसी कार्यवाही में उलझे न रहें, जिसे आगे चलाने का कानूनी अधिकार ही न हो।
हाईकोर्ट ने पाया कि काउंसिल ने 19 सितंबर 2025 के अपने पहले के आदेश का भी पूरी तरह पालन नहीं किया। उसे सुधीर अग्रवाल की सभी आपत्तियों पर स्पष्ट कारणों के साथ फैसला करना था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
कोर्ट ने माना कि काउंसिल ने अधिकार क्षेत्र से जुड़े बुनियादी सवालों पर फैसला करने के बजाय सीधे बकाया रकम और ब्याज की गणना आगे बढ़ा दी।
ऐसे में 25 मई 2026 की कार्यवाही को सही नहीं ठहराया जा सकता।
अब काउंसिल को इन 3 सवालों पर देना होगा फैसला
हाईकोर्ट ने 25 मई 2026 की कार्यवाही रद्द करते हुए मामला MSME काउंसिल को वापस भेज दिया है।
अब काउंसिल को दोनों पक्षों को नए सिरे से सुनकर इन 3 सवालों पर कारण सहित आदेश देना होगा।
- क्या आर्बिट्रेशन की निर्धारित अवधि खत्म होने के बाद भी कार्यवाही जारी रखी जा सकती है?
- क्या ऋषभ गोखरू को पुराने कारोबारी लेन-देन के आधार पर MSME एक्ट के तहत दावा दाखिल करने का अधिकार है?
- क्या करीब ₹2.73 करोड़ की वसूली का दावा कानून में तय समय सीमा के भीतर दाखिल किया गया है?
हालांकि, हाईकोर्ट ने बकाया रकम पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है। यानी सुधीर अग्रवाल को ₹2.73 करोड़ का भुगतान करना होगा या नहीं, यह अभी तय होना बाकी है।
हाईकोर्ट ने न तो यह रकम माफ की है और न ही सुधीर अग्रवाल को भुगतान से छूट दी है।
हाईकोर्ट ने सिर्फ काउंसिल की पिछली कार्यवाही रद्द की है और उसे पहले तीन कानूनी सवालों पर फैसला करने को कहा है। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्यवाही बढ़ाई जाए।