जयपुर। अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित स्व. ठाकुर राम प्रकाश सिंह चौहान एडवोकेट वॉलीबॉल प्रीमियर लीग 2026 का शुक्रवार देर रात शानदार समापन हुआ।
एसएमएस स्टेडियम स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में आसपास की आठ टीमों ने हिस्सा लिया।
देर शाम शुरू हुए मुकाबलों के बाद देर रात खेले गए रोमांचक फाइनल में डॉमिनेटर्स की टीम ने स्पेशल टास्क एडवोकेट्स को हराकर खिताब अपने नाम किया।

डॉमिनेटर्स ने दो सेट जीतकर फाइनल पर जमाया कब्जा
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोहित की कप्तानी वाली डॉमिनेटर्स और गोविंद शर्मा की कप्तानी वाली स्पेशल टास्क एडवोकेट्स के बीच खेला गया।
दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला।खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

मुकाबले में डॉमिनेटर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो सेट अपने नाम किए, जबकि स्पेशल टास्क एडवोकेट्स की टीम एक सेट जीतने में सफल रही।
इस तरह डॉमिनेटर्स ने फाइनल मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
देर रात तक चले इस मुकाबले में दर्शकों और अधिवक्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ दर्शकों की लगातार हौसला अफजाई ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।

आयोजन में वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं की रही भागीदारी
प्रतियोगिता का आयोजन अधिवक्ता आशीष चौहान कि ओर से किया गया. प्रतियोगिता के
सफल आयोजन एवं संयोजन में आशीष शर्मा और भानु कुमार भावता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, रोचक शर्मा ने तकनीकी संयोजक के रूप में प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
शुक्रवार देर रात फाइनल मुकाबले के बाद पुररूकार वितरण समारोह का आयोजन किया गया.
जिसमें राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सोगरवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता विरेन्द्र अग्रवाल और जी पी गुप्ता ने विजेता ओर उप वितेजा टीमों को ट्राफी और चेक प्रदान किया.

खेल के मैदान में दिखी अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं, युवा अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।