टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

जोधपुर में पूर्व जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी की मध्यस्थता सेवा शुरू, मुफ्त में सुलझेंगे तलाक, पारिवारिक और संपत्ति विवाद, कोर्ट की लंबी लड़ाई से मिलेगी राहत

No Need for a Long Court Battle for Every Dispute! Former Rajasthan HC Judge Launches Free Mediation Service

जोधपुर: पारिवारिक और संपत्ति विवादों को लेकर जोधपुर में एक नई पहल हुई है। राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस डॉ. विनीत कोठारी ने इसके लिए निशुल्क मध्यस्थता सेवा शुरू की है।

मध्यस्थता सेवा के जरिए अब तलाक, संपत्ति के बंटवारे और कारोबारी झगड़ों में सालों तक कोर्ट के चक्कर काटने के बजाय बातचीत से समाधान निकालने का विकल्प मिलेगा।

इस पहल के तहत दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विवाद सुलझाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए 7-8 लोगों की टीम बनाई गई है।

इस मध्यस्थता सेवा के लिए सरदारपुरा की 11वीं सी रोड स्थित जेडएमके टावर्स में कार्यालय बनाया गया है।

इस पहल की सबसे खास बात यह भी है कि ये सेवा मुफ्त है यानी पूरी प्रक्रिया के लिए किसी तरह की कोई फीस नहीं ली जाएगी।

मध्यस्थता के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए 22 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जेडएमके टावर्स स्थित कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

इसमें मध्यस्थता के फायदे और विवादों को आपसी बातचीत से सुलझाने के तरीकों पर चर्चा होगी।

लंबे मुकदमों से राहत दिलाने की कोशिश

दरअसल इस पहल के पीछे का मकसद यह कि देश की अदालतों में करीब 5 करोड़ मुकदमे लंबित हैं। दीवानी मामलों में लोगों को फैसला आने के लिए 15 से 20 साल तक इंतजार करना पड़ता है।

डॉ. कोठारी का मानना है कि कई विवाद ऐसे होते हैं, जिन्हें बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है।

लेकिन जब मामला कोर्ट पहुंच जाता है, तो कई बार सालों तक सुनवाई चलती रहती है। इससे दोनों पक्षों का समय और पैसा खर्च होता है और विवाद भी लंबे समय तक बना रहता है।

कई बार पारिवारिक या संपत्ति विवाद इतने लंबे खिंच जाते हैं कि मुकदमा लड़ते-लड़ते परिवारों के रिश्ते और आर्थिक स्थिति दोनों प्रभावित होने लगते हैं।

डॉ. कोठारी की पहल भी इसी सोच पर आधारित है, ताकि छोटे-बड़े विवादों में लोगों को लंबी मुकदमेबाजी से राहत मिल सके और मध्यस्थता के जरिए दोनों पक्षों को अपनी बात रखने और सहमति से समाधान निकालने का मौका मिलेगा।

ऐसे में मध्यस्थता सेवा के जरिए बातचीत से विवादों को जल्दी से जल्दी सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

तलाक, संपत्ति और कारोबारी झगड़ों तक समाधान की कोशिश

इस निशुल्क सेवा के दायरे में कई तरह के विवाद रखे गए हैं। इनमें तलाक और पारिवारिक झगड़े, संपत्ति के बंटवारे से जुड़े मामले और व्यावसायिक विवाद शामिल हैं।

मध्यस्थता टीम दोनों पक्षों की बात सुनेगी। इसके बाद आपसी सहमति से विवाद का हल निकालने की कोशिश होगी। इसमें किसी पक्ष पर फैसला थोपने के बजाय ऐसा रास्ता तलाशने पर जोर रहेगा, जिसे दोनों स्वीकार कर सकें।

समझौते के बाद कोर्ट से मिल सकेगी डिक्री

इस पहल का एक अहम पहलू समझौते को कानूनी रूप देना भी है।

अगर मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति बन जाती है, तो उस समझौते को कोर्ट में पेश कर डिक्री प्राप्त की जा सकेगी। इससे सहमति से निकले समाधान को कानूनी रूप देने का रास्ता मिलेगा।

यानी मध्यस्थता का मकसद सिर्फ बातचीत कराना नहीं है, बल्कि जहां संभव हो, विवाद को ऐसे मुकाम तक पहुंचाना है, जिससे पक्षकारों को आगे कानूनी राहत भी मिल सके।

सरदारपुरा में बना कार्यालय, 7-8 लोगों की टीम संभालेगी जिम्मेदारी

इस सेवा के लिए जोधपुर के सरदारपुरा स्थित 11वीं सी रोड पर जेडएमके टावर्स में कार्यालय बनाया गया है। यहीं मध्यस्थता से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी।

डॉ. कोठारी के साथ 7-8 लोगों की टीम बनाई गई है। विवाद लेकर आने वाले पक्षकारों को इसी टीम के जरिए बातचीत और समाधान की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।

22 नवंबर को संगोष्ठी, लोगों को बताएंगे मध्यस्थता के फायदे

मध्यस्थता सेवा के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए 22 नवंबर को संगोष्ठी रखी गई है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जेडएमके टावर्स में होगा।

इसमें बताया जाएगा कि मध्यस्थता किस तरह काम करती है और किन मामलों में यह लोगों को राहत दे सकती है। साथ ही विवादों को बातचीत से सुलझाने के फायदे भी समझाए जाएंगे।

इस पहल के जरिए लोगों को यह विकल्प देने की कोशिश है कि हर विवाद का अंत लंबी कानूनी लड़ाई में ही हो, यह जरूरी नहीं। कई मामलों में संवाद और आपसी सहमति से भी रास्ता निकल सकता है।

सबसे अधिक लोकप्रिय