नई दिल्ली: 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाड़ा को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है।
सुप्रीम कोर्ट ने 18 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके पाड़ा की उम्रकैद की सजा मेडिकल आधार पर निलंबित कर दी है। वो कई बीमारियों से जूझ रहा है।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि पाड़ा 18 साल से अधिक समय से जेल में बंद है और कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने माना कि उसकी खराब सेहत और लंबे समय से जेल में रहने को देखते हुए उम्रकैद की सजा पर रोक लगाने का आधार बनता है।
सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने मामले को बेहद गंभीर बताया, लेकिन पाड़ा की मेडिकल स्थिति को सही मानते हुए मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने का विरोध नहीं किया।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि गोधरा ट्रेन अग्निकांड का दोषी बरी हो गया है। उसकी दोषसिद्धि बरकरार है।
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल सिर्फ उम्रकैद की सजा निलंबित की है। यानी यह राहत मेडिकल आधार पर मिली है, न कि मामले में दोषमुक्त होने के कारण।
18 साल से ज्यादा जेल में, बीमारी बनी राहत की वजह
सुप्रीम कोर्ट में इरफान सिराज पाड़ा की ओर से मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने उसकी स्वास्थ्य स्थिति और जेल में बिताए गए लंबे समय का हवाला दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने गौर किया कि पाड़ा 18 साल से ज्यादा समय जेल में रह चुका हैं और मेडिकल समस्याओं से परेशान हैं। कोर्ट ने कहा कि उनकी अर्जी मुख्य रूप से मेडिकल आधार पर दाखिल की गई है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने माना कि मौजूदा परिस्थितियों में मेडिकल आधार पर सजा पर रोक देने का मामला बनता है।
इसी आधार पर कोर्ट ने उसकी उम्रकैद की सजा को सस्पेंड करने का आदेश दिया।
गुजरात सरकार ने नहीं किया विरोध
सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार की ओर से पेश वकील स्वाति घिल्डियाल ने मामले की गंभीरता का जिक्र किया।
हालांकि, उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता की मेडिकल स्थिति के आधार पर सजा पर रोक लगाने पर राज्य सरकार को कोई आपत्ति नहीं है।
सरकार की ओर से याचिकाकर्ता की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को सही बताए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर राहत देने का फैसला किया।
क्या है 2002 का गोधरा ट्रेन अग्निकांड?
यह मामला 27 फरवरी 2002 का है। गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के S-6 कोच में आग लगा दी गई थी।
ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी।
इस घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच के बाद कई लोगों को आरोपी बनाया गया और लंबी सुनवाई चली।
2011 में 31 दोषियों को हुई थी सजा
गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में मार्च 2011 में विशेष कोर्ट ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 लोगों को मौत की सजा और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वहीं, 63 आरोपियों को बरी कर दिया गया था।
इसके बाद मामला गुजरात हाईकोर्ट पहुंचा। अक्टूबर 2017 में हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी।
इसके बाद दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। इन अपीलों पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।
इरफान पाड़ा पर क्या आरोप था?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इरफान सिराज पाड़ा पर साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच पर पथराव करने और आग लगाने वाली भीड़ का हिस्सा होने का आरोप था।
इस मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया और उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
उसकी अपील सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। उसने मेडिकल आधार पर सजा निलंबित करने की मांग की थी। जानकारी के मुताबिक, उसे गंभीर हृदय संबंधी बीमारी है। गुजरात सरकार ने भी उनकी मेडिकल स्थिति पर विवाद नहीं किया।
पहले भी कुछ दोषियों को मिल चुकी है जमानत
गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में इससे पहले भी कुछ दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है। दिसंबर 2022 में फारूक नाम के दोषी को 17 साल से ज्यादा जेल में रहने और मामले में उसकी भूमिका को देखते हुए जमानत दी गई थी।
अप्रैल 2023 में भी सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के 8 अन्य दोषियों को जमानत दी थी। हालांकि, हर दोषी की याचिका और परिस्थितियों के आधार पर कोर्ट ने अलग-अलग फैसला लिया है।
सजा निलंबित होने का क्या मतलब है?
सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को समझना जरूरी है। सजा निलंबित होने का मतलब दोषी को बरी करना नहीं होता। इसका मतलब है कि अपील पर अंतिम फैसला आने तक उसकी सजा के अमल पर फिलहाल रोक लगाई गई है।
इससे संबंधित व्यक्ति को जमानत या रिहाई की राहत मिल सकती है, लेकिन इसके लिए कोर्ट की ओर से तय शर्तों का पालन करना जरूरी होता है।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इरफान पाड़ा को मेडिकल आधार पर राहत दी है। यानी कोर्ट ने बीमारी और लंबे समय से जेल में रहने की स्थिति को ध्यान में रखा है, न कि गोधरा ट्रेन अग्निकांड में उनकी दोषसिद्धि को खत्म किया है।
