टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

24 घंटे सर्विस बेनिफिट और रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने की चिंता! CJI सूर्यकांत का न्यायिक अधिकारियों पर फूटा गुस्सा, ट्रायल कोर्ट के कामकाज पर भी उठाए सवाल

CJI Surya Kant Slams Judicial Officers Over Service Benefits, Retirement Age and Lower Court Functioning

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई के दौरान न्यायिक अधिकारियों पर CJI सूर्यकांत का गुस्सा फूट पड़ा।

सर्विस बेनिफिट और रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने जैसी मांगों को लेकर बार-बार कोर्ट पहुंचने पर CJI ने नाराजगी जताते हुए न्यायिक अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

उन्होंने यहां तक सवाल उठा दिया कि आखिर वे कोर्ट में बैठकर काम क्यों नहीं करते?

इस दौरान CJI सूर्यकांत ने सिर्फ सर्विस बेनिफिट और रिटायरमेंट की मांगों पर ही नाराजगी नहीं जताई, बल्कि निचली अदालतों में जजों के कामकाज की भी पोल खोल दी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि

”उन्हें पता है कि न्यायिक अधिकारी दिनभर कितना काम करते हैं और कितने मामलों का निपटारा करते हैं।”

उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोर्टों के बाहर लोग न्याय की आस में कतार लगाए खड़े हैं, तो न्यायिक अधिकारी अपनी सेवा सुविधाओं की चिंता छोड़ लंबित मामलों के निपटारे पर ध्यान क्यों नहीं देते?

‘हर मामले में मांग रहे हैं सुविधाएं, कोर्ट में काम क्यों नहीं करते?’

CJI सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों की ओर से बार-बार सेवा संबंधी लाभ मांगने पर नाराजगी जताते हुए कहा,

“अब वे कुछ ज्यादा ही बोलने लगे हैं। हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन लेकर आ रहे हैं कि हमें यह सुविधा दीजिए, वह लाभ दीजिए। वे कोर्ट में काम क्यों नहीं करते?

CJI की इस टिप्पणी का सीधा इशारा न्यायिक अधिकारियों के कामकाज पर था। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को अपनी सेवा सुविधाओं के लिए बार-बार कोर्ट आने के बजाय कोर्ट्स में लंबित मामलों के निपटारे पर ध्यान देना चाहिए।

कोर्ट के समय में चैंबर में बैठने पर भी फूटा गुस्सा

CJI सूर्यकांत ने सिर्फ सर्विस बेनिफिट और रिटायरमेंट की मांगों पर ही नाराजगी नहीं जताई, बल्कि ट्रायल कोर्ट में जजों के कामकाज पर भी सवालिया निशान खड़े किए

उन्होंने कहा कि कामकाजी समय में भी कई बार जज कोर्टरूम से नदारद रहते हैं और अपने चैंबर में बैठे रहते हैं।

इस पर तंज कसते हुए CJI ने कहा,

“सुबह 10 बजे कोर्ट जाकर देखिए, वहां कोई नहीं मिलता। सभी चैंबर में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं। क्या हमें पता नहीं है कि वहां क्या हो रहा है?”

CJI की इस टिप्पणी में लोअर कोर्ट्स में जजों की मौजूदगी और काम के घंटों के इस्तेमाल को लेकर उनकी नाराजगी साफ दिखाई दी।

उनका कहना था कि जब कोर्टों में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं और लोग सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं, तब न्यायिक अधिकारियों को कोर्टरूम में मौजूद रहकर मामलों की सुनवाई और निपटारे पर ध्यान देना चाहिए।

’24 घंटे रिटायरमेंट की उम्र और सुविधाओं की चिंता’

CJI सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनका ज्यादातर ध्यान इस बात पर रहता है कि उन्हें कौन-सी सुविधाएं और सर्विस बेनिफिट मिलेंगे और रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी या नहीं।

CJI ने नाराजगी जताते हुए कहा,

“वे 24 घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें कौन-सी सुविधाएं और सर्विस बेनिफिट मिलेंगे! उनकी रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी या नहीं। जबकि बाहर लोग कतार में खड़े होकर सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वे उन मामलों पर ध्यान नहीं देते!”

आम लोगों के मामलों की सुनवाई पर जोर

CJI की ये टिप्पणियां न्यायिक अधिकारियों की ओर से सर्विस बेनिफिट्स और सेवा शर्तों में बदलाव की मांग को लेकर दाखिल आवेदनों की सुनवाई के दौरान आईं।

CJI सूर्यकांत ने कहा कि कोर्टों में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं और आम लोग अपनी सुनवाई के लिए इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में न्यायिक अधिकारियों को सबसे पहले कोर्ट में मौजूद रहकर इन मामलों की सुनवाई और निपटारे पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग न्याय की आस में अदालतों के चक्कर लगा रहे हैं, तो न्यायिक अधिकारी अपनी सेवा सुविधाओं और रिटायरमेंट से जुड़े लाभों में क्यों उलझे हुए हैं?

सबसे अधिक लोकप्रिय