टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

राजनीतिक एजेंडा उठाना गलत नहीं, लेकिन जजों को धमकाने की इजाजत नहीं; नेताओं के बयानों पर रोक की याचिका CJI बेंच को भेजी

Supreme Court Questions Plea Seeking Ban on Political Statements, Says Political Agenda Cannot Be Stopped

नई दिल्ली। क्या राजनीतिक नेताओं के बयान और विरोध को न्यायपालिका की गरिमा या न्यायिक कामकाज में बाधा से जोड़कर उन पर कार्रवाई की मांग की जा सकती है? क्या राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से भी रोका जा सकता है?

सुप्रीम कोर्ट में राजनीतिक बयानबाजी पर लगाम लगाने की मांग वाली एक याचिका पहुंची, तो सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ही कई सवाल उठा दिए।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने पूछा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं?

जस्टिस विक्रम नाथ ने याचिकाकर्ताओं से यह भी पूछा कि उन्होंने अलग-अलग घटनाओं को एक साथ क्यों जोड़ दिया और इस मुद्दे को संसद में क्यों नहीं उठाते?

दरअसल, याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ नेताओं, सांसदों और अन्य लोगों के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट न्यायपालिका की गरिमा को प्रभावित कर रहे हैं।

इससे न्यायिक कामकाज में बाधा भी पड़ सकती है। याचिकाकर्ताओं ने ऐसे बयानों और गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मौखिक बयानों के जरिए न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने और राजनीतिक एजेंडे के तहत की गई टिप्पणियों के बीच अंतर को भी स्पष्ट किया।

बेंच ने इस याचिका को CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली उसी बेंच के सामने रखने का आदेश दिया है जो CJI के खिलाफ एक वकील की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े अवमानना मामले की सुनवाई कर रही है।

नेताओं के बयानों पर रोक की मांग लेकर पहुंचे वकील

नेताओं के बयानों पर रोक की मांग वाली ये याचिका वकील अदिति यादव और विकास तिवारी ने दाखिल की है।

इसमें केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, कांग्रेस, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, TMC सांसद महुआ मोइत्रा, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी समेत कई लोगों और संस्थाओं को पक्षकार बनाया गया है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ नेताओं, सांसदों और दूसरे लोगों के बयान न्यायपालिका की गरिमा को प्रभावित कर रहे हैं। इससे न्यायिक कामकाज में बाधा आने की आशंका भी जताई गई है।

4 घटनाओं का जिक्र, CJI पर टिप्पणी का मामला भी शामिल

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील गौरव भाटिया ने सुनवाई के दौरान 4 घटनाओं का जिक्र किया। इनमें सांसदों और पत्रकारों के बयान, सोशल मीडिया पोस्ट और CJI सूर्यकांत के खिलाफ कोर्टरूम में वकील की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी शामिल है।

याचिका में जिन 4 घटनाओं का जिक्र किया गया हैं:-

1. महुआ मोइत्रा की सोशल मीडिया पोस्ट: याचिका में 12 अक्टूबर को TMC सांसद महुआ मोइत्रा की सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया गया। इसमें उन्होंने ‘Surya clearly can’t!’ लिखा था।

2. दो सांसदों और एक पत्रकार की टिप्पणियां: याचिकाकर्ताओं ने दो सांसदों और एक पत्रकार की ओर से न्यायपालिका से जुड़ी टिप्पणियों का भी उल्लेख किया। उनका आरोप है कि इस तरह के बयानों से न्यायपालिका की गरिमा प्रभावित होती है।

3. CJI सूर्यकांत के खिलाफ वकील की टिप्पणी: 16 नवंबर को एक वकील ने कोर्टरूम में CJI सूर्यकांत के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। याचिका में इस घटना को भी शामिल किया गया। इस मामले में अवमानना की कार्रवाई चल रही है।

4. राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं का मार्च: याचिका में 12 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च का भी जिक्र है। यह मार्च SIR और वोटर लिस्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर था।

‘राजनीति रोकना हमारा काम नहीं’

सुनवाई के दौरान जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने राजनीतिक दलों के एजेंडे को लेकर अहम टिप्पणी की। बेंच ने सवाल किया कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोका जा सकता है?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी राजनीतिक दल को SIR, वोटर लिस्ट या सरकार की किसी नीति पर सवाल उठाने से रोकना उसका काम नहीं है। यह अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मामला है।

हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस टिप्पणी का अर्थ यह नहीं है कि राजनीतिक दलों को हर तरह के बयान या गतिविधि की छूट है।

सुप्रीम कोर्ट का जोर इस बात पर था कि राजनीतिक एजेंडा उठाना अपने आप में न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने के बराबर नहीं माना जा सकता।

‘राजनीति करना अलग, न्याम में बाधा डालना अलग’

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान राजनीतिक एजेंडा उठाने और न्यायपालिका के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के बीच अंतर स्पष्ट किया।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी राजनीतिक दल का SIR, वोटर लिस्ट या सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना गलत नहीं है। यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का हिस्सा है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को जजों को धमकाने या न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने की छूट मिल जाती है। ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है।

यानी राजनीतिक मुद्दे उठाना अलग बात है और न्यायपालिका को धमकाना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना अलग। दोनों को एक नजर से नहीं देखा जा सकता।

‘आपने सब कुछ एक साथ क्यों जोड़ दिया, संसद में क्यों नहीं उठाते मुद्दा?’

जस्टिस विक्रम नाथ ने याचिका में कई अलग-अलग मामलों को एक साथ जोड़ने पर सवाल उठाया।

दरअसल, याचिका में CJI सूर्यकांत के खिलाफ वकील की कथित टिप्पणी, सांसदों और पत्रकारों के बयान, सोशल मीडिया पोस्ट और SIR के विरोध में राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन का जिक्र किया गया था।

इसके अलावा, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले से जुड़े अवमानना मामलों को भी उठाया गया था।

इस पर जस्टिस विक्रम नाथ ने पूछा, “आपने सब कुछ एक साथ क्यों जोड़ दिया है? इस मुद्दे को संसद में क्यों नहीं उठाते? वहां कानून बनवाइए।”

अब CJI सूर्यकांत की बेंच के सामने होगी सुनवाई

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने आदेश दिया कि याचिका को CJI सूर्यकांत की उस बेंच के सामने रखा जाए, जो उनके खिलाफ वकील की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े अवमानना मामले की सुनवाई कर रही है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने याचिका में लगाए गए आरोपों पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान राजनीतिक दलों के एजेंडे और अलग-अलग घटनाओं को एक साथ जोड़ने पर सवाल उठाए हैं। अब मामले में आगे की सुनवाई CJI की बेंच के सामने होगी।

सबसे अधिक लोकप्रिय