राजस्थान हाईकोर्ट का अहम फैसला; एक ही आदेश में अनुपस्थिति को असाधारण अवकाश से नियमित कर उसी आधार पर बर्खास्तगी को बताया विरोधाभासी, राज्य सरकार को तीन महीने में भुगतान के आदेश
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने करीब 28 साल से सेवा से बाहर चल रहे एक बर्खास्त पुलिस कांस्टेबल को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार को 20 लाख रुपये का एकमुश्त मुआवजा देने का आदेश दिया है।
हालांकि, हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्मचारी के असंतोषजनक सेवा रिकॉर्ड को देखते हुए उसे वापस सेवा में बहाल करने से इनकार कर दिया।
राजस्थान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनुशासनात्मक प्राधिकारी एक ही आदेश में कर्मचारी की अनुपस्थिति की अवधि को असाधारण अवकाश देकर नियमित भी नहीं कर सकता और फिर उसी अवधि को अनधिकृत अनुपस्थिति मानकर बर्खास्तगी की सजा भी नहीं दे सकता।
जस्टिस विनीत कुमार माथुर और जस्टिस संदीप शाह की खंडपीठ ने शैताना राम की ओर से दायर डीबी स्पेशल अपील का निस्तारण करते हुए यह आदेश दिया।
डयूटी छोड़ी, भाई की हत्या का आरोप और बरी..
मामले के अनुसार, शैताना राम को 9 नवंबर 1990 को राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नियुक्त किया गया था।
वह नागौर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात था। आरोप था कि 19 फरवरी 1996 को वह बिना किसी अवकाश आवेदन और सक्षम अधिकारी की अनुमति के ड्यूटी छोड़कर अपने गांव चला गया।
इसी दौरान 1 मार्च 1996 को उसके भाई बस्ती राम की हत्या हो गई।
इस मामले में शैताना राम के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने 15 अप्रैल 1996 को उसे गिरफ्तार कर लिया।बाद में जांच पूरी होने पर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत आरोप पत्र पेश किया गया।
वह पुलिस और न्यायिक अभिरक्षा में रहा। हालांकि, आपराधिक न्यायालय ने बाद में उसे संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
इस बीच पुलिस विभाग ने उसके खिलाफ राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत विभागीय जांच शुरू की।
विभाग ने पांच आरोप लगाए, जिनमें बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहना, हत्या के मामले में कथित संलिप्तता, गिरफ्तारी और आपराधिक मामले के कारण पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होना शामिल था।
राज्यपाल से भी याचिका खारिज
विभागीय जांच में अनुपस्थिति का आरोप प्रमाणित माना गया।इसके बाद 7 जनवरी 1998 को अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया।
विभाग के निर्णय के खिलाफ याचिकाकर्ता ने पहले विभागीय अपील दायर की,जिसके खारिज होने पर राज्यपाल के समक्ष अपील दायर की.
राज्यपाल द्वारा भी अपील खारिज करने के बाद यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट पहुंचा।
इसके बाद राजस्थान हाईकोर्ट की एकलपीठ ने भी 20 नवंबर 2008 को उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ उसने खंडपीठ में विशेष अपील दायर की।
एक ही आदेश में अवकाश नियमित भी और बर्खास्त भी किया
खंडपीठ ने मामले के रिकॉर्ड का परीक्षण करते हुए पाया कि विभागीय प्राधिकारी ने शैताना राम की 19 फरवरी 1996 से 15 अप्रैल 1996 तक की 56 दिनों की अनुपस्थिति को अनधिकृत माना था।
वहीं, 15 अप्रैल 1996 से 3 फरवरी 1997 तक की अवधि को उसकी गिरफ्तारी और जेल में रहने के कारण अनधिकृत अनुपस्थिति नहीं माना गया।
सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह था कि अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने 7 जनवरी 1998 के बर्खास्तगी आदेश में ही 19 फरवरी 1996 से 15 अप्रैल 1996 तक की अवधि को बिना वेतन अवकाश के रूप में नियमित कर दिया था।
इसके बावजूद उसी अनुपस्थिति को बर्खास्तगी का आधार बनाया गया।
हाईकोर्ट ने माना विरोधाभासी कार्रवाई
हाईकोर्ट ने कहा कि जब अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने स्वयं अनुपस्थिति की अवधि को असाधारण अवकाश देकर नियमित कर दिया, तो उसी अवधि को अनधिकृत अनुपस्थिति या कदाचार मानकर बर्खास्तगी की सजा देना उचित नहीं है।
एक ही प्राधिकारी एक ही आदेश में परस्पर विरोधाभासी रुख नहीं अपना सकता।
अनधिकृत अनुपस्थिति और जानबूझकर अनुपस्थिति में अंतर
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित होना और जानबूझकर अनुपस्थित रहना हमेशा एक समान नहीं होते।
कर्मचारी किन परिस्थितियों में अनुपस्थित रहा, उसका स्पष्टीकरण क्या था और उसके समर्थन में क्या सामग्री उपलब्ध थी, इन सभी पहलुओं पर विचार करना आवश्यक है।
इस संबंध में हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के मिथिलेश कुमार पाठक बनाम यूनियन ऑफ इंडिया के 2026 के फैसले का भी हवाला दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कर्मचारी के नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियां अनुपस्थिति की प्रकृति और गंभीरता तय करने में प्रासंगिक हो सकती हैं।
28 साल बाद बहाली उचित नहीं, इसलिए 20 लाख मुआवजा
हालांकि, कोर्ट ने राहत तय करते समय कर्मचारी के सेवा रिकॉर्ड को भी ध्यान में रखा।
हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है, जहां कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी का विशेष महत्व है।
अपीलकर्ता का पूर्व सेवा रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं था और उसके आचरण में कर्तव्य के प्रति लापरवाही दर्ज की गई थी।
कोर्ट ने यह भी ध्यान में रखा कि अपीलकर्ता 28 साल से अधिक समय से सेवा से बाहर है।
ऐसी परिस्थितियों में उसे अब पुलिस विभाग में वापस बहाल करना उचित नहीं होगा।
हालांकि, कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं रहने वाले बर्खास्तगी आदेश के कारण उसे लंबे समय तक हुई कठिनाइयों को देखते हुए आर्थिक क्षतिपूर्ति देना न्यायसंगत होगा।
खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए बहाली के स्थान पर एकमुश्त मुआवजा देने को उचित माना।
20 लाख मुआवजा, तीन महीने में भुगतान नहीं तो 6 प्रतिशत ब्याज
राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया कि शैताना राम को 20 लाख रुपये की एकमुश्त क्षतिपूर्ति राशि के रूप में मुआवजा दिया जाए, जो फैसले की प्रमाणित प्रति प्राप्त होने से तीन महीने के भीतर अदा की जाए।
निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर वास्तविक भुगतान की तारीख तक 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।
हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अपीलकर्ता को सेवा में पुनर्बहाली और किसी भी प्रकार के परिणामी सेवा लाभ का अधिकार नहीं होगा।
अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता अचरज सिंह सलूजा ने पैरवी की, जबकि राज्य सरकार की ओर से दीपक चंडक, अतिरिक्त महाधिवक्ता के सहायक के रूप में पेश हुए।
