जोधपुर, 25 सितम्बर।
राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस के.आर. श्रीराम के अंतिम कार्यदिवस पर गुरूवार को जोधपुर मुख्यपीठ में विदाई रेफरेंस का आयोजन किया गया.
मुख्य न्यायाधीश कोर्ट रूम में आयोजित हुए इस रेफरेंस में हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीश मौजूद रहे, वहीं जयपुर पीठ के न्यायाधीश वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.
विदाई रेफरेंस के दौरान वरिष्ठ जज संजीव प्रकाश शर्मा ने हाईकोर्ट की ओर से मुख्य न्यायाधीश श्रीराम का योगदान याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चेयरमैन भुवनेश शर्मा, राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद पुरोहित ने भी अपने विचार व्यक्त किए.
मुख्य न्यायाधीश श्रीराम का संबोधन
अपने विदाई संबोधन में मुख्य न्यायाधीश श्रीराम ने कहा कि उन्हें राजस्थान में कम समय के लिए मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवा करने का अवसर मिला, लेकिन यह समय उनके लिए बेहद यादगार रहा.
उन्होंने कहा कि “न्यायपालिका से आम आदमी को बहुत अपेक्षाएं होती हैं। इस यात्रा में मुझे हमेशा सहयोग मिला है। मैंने अपना सर्वोच्च देने का प्रयास किया और कानूनी पेशे की सर्वोच्च परंपराओं को बनाए रखने की पूरी कोशिश की।”
उन्होंने आगे कहा कि बार और बेंच हमेशा एक सिक्के के दो पहलू रहे हैं और उन्हें राजस्थान में बार का पूरा सहयोग मिला.
जिला अदालतों को लेकर उन्होंने न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण को सराहा और कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी अथक सेवा ही हमारी न्यायिक व्यवस्था की असली नींव है.
चुनौतियों और योगदान का ज़िक्र
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान संविधान की रक्षा, न्याय प्रशासन में सार्थक योगदान, तकनीक के उपयोग और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए. चुनौतियों का सामना टीमवर्क से किया और दक्षता लाने पर जोर दिया।
अंत में उन्होंने हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, बार के सदस्यों, न्यायिक सेवा और रजिस्ट्री से जुड़े सभी साथियों के साथ ही अपनी जीवनसंगिनी का आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन ने भी दी विदाई
रेफरेंस के साथ ही राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन और एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य न्यायाधीश के.आर. श्रीराम के सम्मान में विदाई समारोह भी आयोजित हुआ.
समारोह में चीफ जस्टिस के आर श्रीराम व अन्य जजों ने अपने अनुभव साझा करते हुए एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया.