जयपुर, 16 अक्टूबर
प्रदेश में अधिवक्ता समुदाय की आंख, नाक और कान उनके बार एसोसिएशन होते हैं। राजस्थान बार काउंसिल प्रदेशभर के अधिवक्ताओं की सबसे प्रमुख संस्था है।
दी बार एसोसिएशन जयपुर राजस्थान की ही नहीं बल्कि पूरे एशिया की सबसे बड़ी बार एसोसिएशन के रूप में पहचान रखती है।
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बार एसोसिएशन, जोधपुर हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर ऐसी बार एसोसिएशन हैं जिनमें चुनाव लड़ने वाले पदाधिकारी जज के रूप में नियुक्ति पाने में कामयाब रहते हैं।
पिछले कुछ समय से प्रदेशभर में बार के चुनाव बेहद रोमांचक होने लगे हैं।
एक बार, एक वोट के नियम ने प्रदेशभर में अधिवक्ताओं की संस्थाओं के चुनाव को काफी रोचक और प्रतिस्पर्धी बना दिया है।
करीब 5 साल बाद प्रदेश में अधिवक्ताओं की सबसे बड़ी संस्था राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव भी जनवरी में होंगे।
ऐसे में अगले तीन माह में प्रदेश में अधिवक्ता समुदाय और अदालतों में चुनावी माहौल दिखेगा।
राजस्थान हाईकोर्ट में भी शुरू हुआ प्रचार
दीवाल से पूर्व राजस्थान हाईकोर्ट शुक्रवार अंतिम कार्यदिवस हैं. ऐसे में कई उम्मीदवारों ने आज से ही अपने चुनाव प्रचार की शुरूआत कर दी हैं.

गुरूवार को लंच टाइम से पहले एक मौका ऐसा भी आया कि अधिकांश चुनावी उम्मीदवार ही एक दूसरे के साथ खड़े नजर आए.
विवाद के बैकफुट पर जयपुर बार
चुनावी चौसर के बीच दी बार एसोसिएशन जयपुर के पदाधिकारियों ने 7 अक्टूबर को बुलायी एक बैठक में वर्तमान बार कार्यकारिणी का कार्यकाल 1 वर्ष बढ़ाकर 2 वर्ष करने का प्रस्ताव रखा था।
इस प्रस्ताव की जानकारी सामने आते ही चुनाव की तैयारी कर रहे दी बार एसोसिएशन जयपुर के अधिवक्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया।

बार पदाधिकारियों ने इस बार साधारण सभा बुलाने और उसके बाद फैसला करने पर चर्चा की थी।
लेकिन बढ़ते विरोध के बाद बार ने पुनः बुधवार को बैठक आयोजित कर अपने इस प्रस्ताव को वापस ले लिया।
बुधवार को लिए गए निर्णय के अनुसार अब दी बार एसोसिएशन जयपुर में 12 दिसंबर को चुनाव होंगे।
कार्यकारिणी सदस्य ने दिया इस्तीफा
दी बार एसोसिएशन जयपुर की वर्तमान कार्यकारिणी हमेशा ही चर्चा में रही है। एक बार फिर कार्यकारिणी के एक सदस्य के इस्तीफे से चर्चा में है।

कार्यकारिणी के सदस्य इंतिखाब आलम सिद्दीकी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
बुधवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया।
अब दी बार एसोसिएशन जयपुर की वर्तमान कार्यकारिणी में एक सदस्य कम हो गया है।
सुराणा लॉ चैंबर की बैठक
राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव मैदान में ताल ठोक चुके वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सुराणा ने अपने चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है।
बुधवार को सुराणा लॉ चैंबर से जुड़े वर्तमान और पूर्व अधिवक्ताओं के साथ ही जूनियर सदस्य के साथ बैठक कर अपने चुनाव का आगाज किया।

जन्मदिन से चुनाव प्रचार की शुरूआत
इधर दी जयपुर बार एसोसिशन में अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता रजनीश गौड़ ने अपने जन्मदिन पर चुनाव प्रचार की शुरूआत की हैं.

जन्मदिन के बहाने ही सही बार इलेक्टशन चुनाव के चलते अधिवक्ताओं के बीच आज 10 से अधिक केक कटिंग चर्चा में रही.