टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने की विधि मंत्री से मुलाकात, अधिवक्ताओं की समस्याओं पर हुई चर्चा

Rajasthan High Court Advocates Association Meets Law Minister Jogaram Patel in Jodhpur

जोधपुर, 14 दिसंबर

राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने अध्यक्ष रंजीत जोशी के नेतृत्व में राजस्थान सरकार के विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की.

जोधपुर में विधि मंत्री के आवास पर हुई इस मुलाकात में एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न बुनियादी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई

मुलाकात के दौरान अध्यक्ष रणजीत जोशी के साथ उपाध्यक्ष बूधाराम चौधरी, महासचिव विजय चौधरी, सहसचिव शेखर शर्मा, पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव, कोषाध्यक्ष विजय शर्मा मौजूद रहें.

भूखंड से लेकर लाईब्रेरी तक

नवनिर्वाचित महासचिव विजय चौधरी ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि विधि मंत्री को अध्यक्ष रंजीत जोशी ने वर्तमान समय में अधिवक्ताओं के समक्ष उत्पन्न हो रही प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया.

जिनमें कोर्ट परिसर की व्यवस्थाएं, हाईकोर्ट लाइब्रेरी के उन्नयन की आवश्यकता, हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में संचालित राजकीय मेडिकल डिस्पेंसरी में नियमित स्टाफ की नियुक्ति, पर्याप्त संख्या में नर्सिंग स्टाफ, आवश्यक जांच उपकरणों एवं दवाइयों की उपलब्धता जैसे विषय प्रमुख रहे.

इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए रामराज नगर में भूखंड आवंटन का मुद्दा भी विस्तार से उठाया गया.

अध्यक्ष रंजीत जोशी ने बताया कि पूर्व में अधिवक्ताओं को रियायती दरों पर रामराज नगर में भूखंड आवंटित किए गए थे, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में स्वीकृत भूखंडों का आवंटन शेष है.

एसोसिएशन ने राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ कर शेष भूखंडों का जल्द से जल्द आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की.

विधि मंत्री ने किया आश्वस्त

विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को आश्वस्त किया कि एसोसिएशन द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि वे स्वयं अधिवक्ता समुदाय से जुड़े रहे हैं और उनकी मूलभूत समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं, इसलिए इन विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। रामराज नगर भूखंड आवंटन के संबंध में भी मंत्री ने प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया.

मुलाकात के पश्चात एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने विधि मंत्री का आभार व्यक्त किया.

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष रंजीत जोशी, महासचिव विजय चौधरी, सहसचिव, पुस्तकालय सचिव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह मुलाकात अधिवक्ताओं की सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है

सबसे अधिक लोकप्रिय