टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

L&L EXCLUSIVE : आरजेएस 2025 में महिलाओं का ऐतिहासिक दबदबा, 44 में से 28 महिलाएं बनीं जज, टॉप-10 में 9 महिला अभ्यर्थी

Women Shine in RJS 2025 as 28 of 44 Selected Candidates Are Female, 9 Women in Top 10

जोधपुर/जयपुर। राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 (RJS-2025) का अंतिम परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है।

इस वर्ष का परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि चयन सूची में महिलाओं का अभूतपूर्व वर्चस्व देखने को मिला है।

कुल 44 पदों पर घोषित अंतिम परिणाम में 28 महिलाएं न्यायिक अधिकारी के रूप में चयनित हुई हैं।

खास बात यह है कि मेरिट सूची के टॉप-5 स्थानों पर केवल महिलाएं हैं, जबकि टॉप-10 में 9 महिलाएं और मात्र 1 पुरुष अभ्यर्थी शामिल है।

मधुलिका यादव

हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मधुलिका यादव ने 205.5 अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

प्रज्ञा गांधी

प्रज्ञा गांधी 204 अंकों के साथ दूसरे और अंबिका राठौड़ 196 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अंबिका राठौड़

टॉपर्स की इस सूची ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राजस्थान की बेटियां न्यायिक सेवाओं में मजबूती से आगे बढ़ रही हैं और न्याय व्यवस्था में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

वर्गवार कट-ऑफ भी जारी, सामान्य वर्ग में 190.5 अंक

आरजेएस 2025 के परिणाम के साथ ही हाईकोर्ट प्रशासन ने वर्गवार कट-ऑफ भी जारी कर दी है।

सामान्य वर्ग: 190.5 अंक

सामान्य विधवा वर्ग: 155.5 अंक

सामान्य भूतपूर्व सैनिक: 131 अंक

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 182 अंक

अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 168 अंक

अति पिछड़ा वर्ग (MBC): 142 अंक

अनुसूचित जाति (SC): 146 अंक

अनुसूचित जनजाति (ST): 157.5 अंक

दिव्यांग (PwBD-LD): 135 अंक

PwBD (Blind & Low Vision): 141.5 अंक

जोधपुर की स्वाति जोशी: छठे प्रयास में बनीं जज

इस परिणाम की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक जोधपुर की स्वाति जोशी की है। स्वाति ने छठे प्रयास में आरजेएस परीक्षा उत्तीर्ण कर 14वीं रैंक हासिल की है। वह विवाहित हैं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से आते हुए कुल 183 अंक प्राप्त कर चयन सूची में शामिल हुई हैं।

स्वाति को लॉ पेपर-I में 53.5, लॉ पेपर-II में 55.5 अंक मिले। भाषा के दोनों प्रश्नपत्रों में उन्हें 25 और 26 अंक प्राप्त हुए, जबकि साक्षात्कार में 23 अंक मिले। स्वाति ने बताया कि उन्होंने 2015 में एलएलबी पूरी की थी और 2016 से लगातार आरजेएस की तैयारी कर रही थीं।
उन्होंने कहा, “अपने लक्ष्य से कभी भटकना नहीं चाहिए। प्रयास कभी नहीं छोड़ने चाहिए। एक दिन चयन जरूर होता है।”
आज वह अपने पति महेश जोशी और पुत्री अन्वेषा के साथ इस सफलता का जश्न मना रही हैं।

जोधपुर संभाग के कई चेहरे चयनित

आरजेएस 2025 में जोधपुर संभाग के कई अभ्यर्थियों ने शानदार सफलता हासिल की है।

सूर्या परिहार (भोपालगढ़): 17वीं रैंक

एयरफोर्स से सेवानिवृत्त देवेंद्र परिहार की पुत्री सूर्या ने कहा कि लंबे संघर्ष और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल हुआ।

सूर्या परिहार

रितिका चौधरी (सिलारी, पीपाड़): 24वीं रैंक

ग्रामीण परिवेश से आने वाली रितिका की इस सफलता से पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। पीपाड़ तहसील के सिलारी गांव की रहने वाली रितिका चौधरी ने RJS में 24वीं रैंक हासिल की है। रितिका की सफलता पर सिलारी गांव में उत्साह का माहौल है।

रितिका चौधरी

सोनल बोहरा: 26वीं रैंक

41 वर्ष की आयु में दिव्यांग (PwBD) श्रेणी से चयनित होकर सोनल बोहरा ने साबित किया कि उम्र और चुनौतियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।

रेणु सिंगारिया: 33वीं रैंक

पाली जिले के सोजत नगर की रेणु सिंघाडिया ने भी आरजेएस 2025 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सेवानिवृत्त माइनिंग ऑफिसर पुरणमल सिंघाडिया की पुत्री रेणु की इस उपलब्धि को समाज और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाली रेणु ने 155 अंक प्राप्त कर चयन हासिल किया। उन्होंने कहा, “मेरे दादा का सपना था कि उनकी पोती जज बने।”

चौमूं की रेखा चौधरी बनीं जज, पूरे क्षेत्र में जश्न

आरजेएस 2025 में चौमूं निवासी रेखा चौधरी ने 18वीं रैंक हासिल कर जज का पद प्राप्त किया है। वर्तमान में वह जयपुर में विधि अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। पिछले वर्ष वह मात्र 3 अंकों से चयन से चूक गई थीं, लेकिन इस बार दृढ़ संकल्प और मेहनत ने उन्हें सफलता दिला दी।

रेखा के पिता लल्लूराम चौपड़ा किसान हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनकी सफलता से चौमूं सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

जयपुर की मनीषा को मिली 21वीं रैंक

जयपुर के मानसरोवर निवासी मनीषा ने आरजेएस में 21वीं रैंक हासिल की है। मनीषा ने 169 नंबर हासिल किए। मनीषा ने जयपुर के महात्मा ज्योतिबा फुले यूनिवर्सिटी से लॉ पूरी की थी।

सबसे अधिक लोकप्रिय