जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने प्रदेश में Transfer Policy के तहत सामान्य तबादलों से पहले न्यायिक अधिकारियों से स्वैच्छिक तबादलों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
रविवार देर शाम जारी किए गए एक आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी न्यायिक अधिकारी 15 जनवरी 2026 तक अपने आवेदन कर सकते हैं।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश के अनुसार ट्रांसफर एवं पोस्टिंग से संबंधित Representation निर्धारित प्रोफार्मा में आमंत्रित किए गए हैं।
यह प्रोफार्मा राजस्थान हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिला एवं सत्र न्यायाधीशों सहित सभी न्यायिक अधिकारियों, जिनमें प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर कार्यरत अधिकारी भी शामिल हैं, को यह प्रोफार्मा उपलब्ध कराया जाए।
ट्रांसफर चाहने वाले न्यायिक अधिकारी यदि अपने तबादले या पोस्टिंग को लेकर नया या अद्यतन प्रतिवेदन देना चाहते हैं, तो वे 15 जनवरी 2026 तक कर सकते हैं।
ट्रांसफर के लिए प्रतिवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से राजस्थान हाईकोर्ट के ई-पोर्टल पर पीडीएफ प्रारूप में अपलोड किया जाएगा।
हाईकोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी को आवेदन की हार्ड कॉपी भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।
प्रोफार्मा में न्यायिक अधिकारियों को अपनी वर्तमान पोस्टिंग, कार्य अवधि, मामलों के निस्तारण का प्रतिशत, लंबित प्रकरणों की स्थिति, अवकाश का विवरण तथा पूर्व पोस्टिंग का पूरा ब्यौरा देना होगा।
2 दिन में 15 ट्रांसफर
जयपुर में 11 न्यायिक अधिकारियों के तबादले, APO अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
रविवार देर शाम राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने एक आदेश जारी कर 11 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार APO (Awaiting Posting Orders) में चल रहे 10 न्यायिक अधिकारियों को विभिन्न जिलों में नई पोस्टिंग दी गई है।
आदेशों के तहत डीजे कैडर की अनु अग्रवाल को बीकानेर में स्पेशल कोर्ट पॉक्सो संख्या-1 का जज नियुक्त किया गया है, जबकि डीजे वंदना राठौड़ को नागौर (मेड़ता) में स्पेशल कोर्ट पॉक्सो केसेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीजे दुष्यंत दत्त को जोधपुर जिले में स्पेशल कोर्ट पॉक्सो केसेज का जज लगाया गया है।
इसके अलावा एडीजे लोकेंद्र सिंह शेखावत को एडीजे-5, जयपुर मेट्रो-2 में नियुक्त किया गया है।
एडीजे दीपेंद्र माथुर को एडीजे-1 किशनगढ़बास (खैरथल-तिजारा), एडीजे भावना भार्गव को एडीजे केशोरायपाटन (बूंदी), एडीजे अमित कुमार को एडीजे-3 भीलवाड़ा और एडीजे प्रियंका पारीक को एडीजे सवाई माधोपुर लगाया गया है।
सावित्री सिंह को ASCJ-cum-ACJM-5 अलवर, प्रदीप कुमावत को ASCJ-cum-ACJM-2 अलवर तथा राजेश मीणा को रेंट अपीलेट ट्रिब्यूनल अजमेर का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीजे कैडर के 04 न्यायिक अधिकारियों का ट्रांसफर
राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने शनिवार देर रात जारी किए आदेशों से डीजे कैडर के 04 अधिकारियों के तबादले किए हैं।
रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा की ओर से जारी आदेश के अनुसार डीजे शिवानी सिंह को राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ में रजिस्ट्रार प्रशासन के पद पर नियुक्त किया गया है।
वहीं रजिस्ट्रार प्रशासन के पद पर कार्यरत डीजे शैलेन्द्र व्यास को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, खैरथल-तिजारा के पद पर लगाया गया है।
डीजे कैडर की मिनाक्षी शर्मा को राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच में रजिस्ट्रार प्रशासन का दायित्व सौंपा गया है।
जबकि रजिस्ट्रार प्रशासन के पद से हेमंत सिंह बघेला को विशेष न्यायाधीश, स्पेशल कोर्ट पॉक्सो एक्ट प्रकरण संख्या-1, अजमेर के पद पर नियुक्त किया गया है।