जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर की वर्ष 2025–2027 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया.
पदभार ग्रहण करने से पूर्व हाईकोर्ट के हेरिटेज परिसर स्थित पुस्तकालय भवन में पदभार एवं शपथग्रहण समारोह आयोजित हुआ.
शपथग्रहण समारोह वरिष्ठ अधिवक्ता मंछाराम ताडा के मुख्य आतिथ्य और अतिरिक्त महाधिवक्ता नाथूसिंह राठौड़ के विशिष्ट अतिथि में आयोजित हुआ.
समारोह की अध्यक्षता एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी हेमंत श्रीमाली, लोक अभियोजक जोधपुर महानगर दिनेश कुमार शर्मा एवं मालमसिंह राठौड़ ने की।
वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता एवं लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद पुरोहित विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहें.

पदाधिकारियों ने ली शपथ
समारोह में सर्वप्रथम एसोसिएशन के निर्वाचित अध्यक्ष रणजीत जोशी ने पद की शपथ ली.
उसके बाद उपाध्यक्ष बुद्धराम चौधरी, महासचिव विजय चौधरी, सहसचिव तक्षेन्द्र शर्मा, पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव और कोषाध्यक्ष विजय शर्मा ने शपथ लेकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में निवर्तमान कार्यकारिणी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

बार बेंच के संबंध
स्वागत उद्बोधन में निवर्तमान अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम अधिवक्ताओं के कल्याण एवं एसोसिएशन के हित में निरंतर कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रणजीत जोशी ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अधिवक्ता समुदाय के हितों की रक्षा और कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने बार और बेंच के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु हमेशा उपलब्ध रहने का आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान निवर्तमान महासचिव शिवलाल बरवड़ ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा पिछले दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों का संक्षिप्त विवरण साझा किया।
उन्होंने अपने कार्यकाल में अधिवक्ताओं से मिले सहयोग के लिए सभी का आभार प्रकट किया।

चुनाव समिति का सम्मान
इस अवसर पर चुनाव संपन्न कराने वाली चुनाव समिति को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
समारोह का संचालन निवर्तमान महासचिव शिवलाल बरवड़ ने किया, जबकि अंत में निवर्तमान उपाध्यक्ष धीरेन्द्र दाधीच ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे, जिससे समारोह भव्य और सफल रहा।

समारोह के पश्चात महासचिव विजय चौधरी ने बार कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया