टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

हाईकोर्ट में प्रत्येक माह के दो शनिवार कार्यदिवस का विरोध, जोधपुर के अधिवक्ता 5 जनवरी को करेंगे न्यायिक कार्य बहिष्कार

Rajasthan High Court Clarifies “Dominus Litis” Principle in Two Key CPC Judgments

जोधपुर। शीतकालीन अवकाश से पूर्व राजस्थान हाईकोर्ट की फुल कोर्ट द्वारा वर्ष 2026 के प्रत्येक माह के दो शनिवार कार्यदिवस घोषित करने को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता विरोध में उतर आए हैं।

अवकाश के बाद लौटे जोधपुर के अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है।

शनिवार दोपहर राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर तथा राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर की निवर्तमान एवं नव-निर्वाचित कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक हुई।

इस बैठक में सर्वसम्मति से 5 जनवरी 2026 को स्वैच्छिक कार्य बहिष्कार की घोषणा की गई। यह बहिष्कार राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर मुख्यपीठ के साथ ही जोधपुर के सभी अधीनस्थ न्यायालयों में किया जाएगा।

संयुक्त बैठक में वर्ष 2026 के दौरान हाईकोर्ट जोधपुर द्वारा प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को कार्यदिवस घोषित किए जाने और इवनिंग कोर्ट के संचालन के फैसले का विरोध किया गया।

बैठक में दोनों एसोसिएशनों ने प्रत्येक माह दो शनिवार को कार्यदिवस घोषित किए जाने के निर्णय का एकमत से विरोध करते हुए इसे अव्यवहारिक और अधिवक्ता समुदाय के हितों के प्रतिकूल बताया।

बैठक के बाद दोनों एसोसिएशनों की ओर से जारी किए गए बयान में स्पष्ट किया गया कि 5 जनवरी को स्वैच्छिक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

दोनों बार के वर्तमान अध्यक्ष रणजीत जोशी और दिलीपसिंह उदावत, साथ ही लॉयर्स एसोसिएशन के निर्वतमान अध्यक्ष आनंद पुरोहित ने कहा कि दोनों एसोसिएशनों का एक प्रतिनिधिमंडल जयपुर जाकर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से इस मामले में मुलाकात करेगा।

बार पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि लगातार कार्यदिवस बढ़ाए जाने से न केवल अधिवक्ताओं पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ेगा, बल्कि इससे न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता तथा अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य एवं पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

रेवेन्यु कोर्ट की तर्ज पर 5 दिन के सप्ताह की मांग

बैठक की जानकारी देते हुए बार महासचिव विजय चौधरी ने कहा कि एक ओर जिला मुख्यालयों पर रेवेन्यू कोर्ट, एडीएम, एसडीएम तथा राज्य सरकार के विभिन्न अधिकरण पहले से ही सप्ताह में 5 दिन कार्य कर रहे हैं. इसलिए राजस्थान में अधीनस्थ अदालतों में भी सप्ताह में पांच कार्यदिवस की प्रणाली अपनाई जाए।

जयपुर बार ने रविवार को बुलाई बैठक

जोधपुर में हाईकोर्ट की दोनों बार एसोसिएशनों की बैठक के बाद जयपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी रविवार को आपात बैठक बुलाई है।

हाईकोर्ट बार के महासचिव दीपेश शर्मा द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार 4 जनवरी को सुबह 11:15 बजे हाईकोर्ट बार के कार्यालय में बैठक आयोजित होगी।

प्रत्येक माह के दो शनिवार कार्यदिवस और इवनिंग कोर्ट के मुद्दे पर ही यह बैठक बुलाई गई है।

मंगलवार शाम 4 बजे मुलाकात

प्रत्येक माह के दो शनिवार कार्यदिवस और इवनिंग कोर्ट के मुद्दे पर जोधुपर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मंगलवार को जयपुर में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा से मुलाकात करेंगे.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से बार पदाधिकारी मंगलवार शाम 4 बजे राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ में मुलाकात करेंगे.

सबसे अधिक लोकप्रिय