नई दिल्ली। ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE 20) से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर AIBE-20 परीक्षा के परिणाम और OMR शीट की री-चेकिंग (पुनः जांच) की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है।
AIBE-XX परीक्षा में शामिल वे अभ्यर्थी जो अपने परिणाम या OMR शीट को लेकर असंतुष्ट हैं, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।

कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन
BCI की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, जो अभ्यर्थी अपने AIBE-20 परीक्षा परिणाम या OMR शीट की दोबारा जांच कराना चाहते हैं, वे 14 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है।
कहां करें आवेदन
री-चेकिंग के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट www.allindiabarexamination.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा।
BCI ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य माध्यम (जैसे भौतिक आवेदन/डाक द्वारा भेजे गए फॉर्म) से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
री-चेकिंग शुल्क
OMR शीट और परिणाम की पुनः जांच के लिए अभ्यर्थियों को ₹500/- (पांच सौ रुपये) का ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। यह शुल्क अनिवार्य है और बिना शुल्क के आवेदन मान्य नहीं माना जाएगा।
अपडेटेड परिणाम कैसे मिलेगा
BCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि री-चेकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपडेटेड परिणाम अभ्यर्थियों के रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी पर भेजे जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने ई-मेल आईडी की नियमित जांच करते रहें।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने सभी AIBE अभ्यर्थियों से अपील की है कि केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करें।
अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि 23 जनवरी 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम से बचने के लिए नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें।