जयपुर।
दी बार एसोसिएशन जयपुर के वार्षिक चुनाव–2025 के लिए मतदान आज सुबह 8 बजे शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। सेशन कोर्ट परिसर स्थित सतीश चंद्र सभागार में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में चल रही है।
इस बार कुल 4,566 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। फिलहाल चुनाव टीम से जुड़े अधिवक्ता मतदान कर रहे हैं और धीरे-धीरे सभी मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आने लगी हैं।
चुनाव संचालन समिति के सदस्य सत्यवान सिंह शेखावत, रोहिताश भास्कर और अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार चुनाव काफी प्रतिस्पर्धात्मक है। उनके अनुसार:
- 21 पदों पर कुल 66 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- अध्यक्ष पद के लिए 7 उम्मीदवार आमने–सामने।
- उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 5 उम्मीदवारों में मुकाबला।
- महासचिव पद के लिए 8 उम्मीदवार, जबकि
- संयुक्त सचिव पद के लिए 6 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
चुनाव के लिए 250 अधिवक्ताओं की विशेष टीम तैनात की गई है। साथ ही, पूरे मतदान परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट है-करीब 100 पुलिसकर्मी पूरे परिसर में तैनात हैं, जिससे मतदान बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।