जयपुर, 8 दिसंबर
राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
सोमवार सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक संदिग्ध ईमेल भेजा गया, जिसमें परिसर को बम से उड़ा देने की बात लिखी गई थी.
ईमेल सामने आते ही पुलिस, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। हाईकोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तुरंत सघन तलाशी की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस साइबर टीम ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुट गई है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियाँ
यह पहली बार नहीं है जब जयपुर हाईकोर्ट को निशाना बनाया गया हो।
- 5 दिसंबर को भी हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद परिसर खाली कराकर तलाशी ली गई थी।
- 31 अक्टूबर को भी इसी तरह का ईमेल भेजा गया था, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया था।
लगातार तीसरी बार मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और एक बड़े षड्यंत्र की संभावना को भी खारिज नहीं किया जा रहा।
अजमेर में भी मिली धमकी
इसी क्रम में, 4 दिसंबर को अजमेर में दरगाह शरीफ और कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना के बाद पुलिस और बम डिफ्यूजल टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
कड़ी निगरानी और जांच जारी
हाईकोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हर आने-जाने वाले की सघन जांच की जा रही है।
साइबर सेल ने ईमेल सर्वर और आईपी ट्रैकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।