अधिवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर कहा-“आम आदमी के जज” को सलाम
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेन्द्र सिंह भाटी को विदाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के बाद जोधपुर में जस्टिस भाटी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, उनके राजस्थान हाईकोर्ट से विदा होने को लेकर अधिवक्ताओं में भावुकता भी देखने को मिल रही है।

राष्ट्रपति द्वारा जस्टिस पीएस भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने के बाद से ही जोधपुर के न्यायिक गलियारों में उनके सम्मान और विदाई का दौर जारी है। जस्टिस भाटी आज देर शाम जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होंगे।

“आम आदमी के जज”-अधिवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर जताया सम्मान
जस्टिस पीएस भाटी के सम्मान में जोधपुर के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर विशेष पोस्टर साझा किए हैं। इन पोस्टरों के जरिए अधिवक्ताओं ने जस्टिस भाटी के न्यायिक योगदान, सहज व्यवहार और आम लोगों से जुड़े सरोकारों को याद करते हुए उन्हें सम्मान दिया है।
इन पोस्टरों में जस्टिस भाटी को “आम आदमी का जज” बताते हुए उनके प्रति आभार जताया गया है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जस्टिस भाटी की कार्यशैली और आमजन के प्रति उनकी संवेदनशीलता ने उन्हें न्यायिक समुदाय के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी अलग पहचान दिलाई है।

आज दोपहर 3:30 बजे हाईकोर्ट में होगा विदाई रेफरेंस
जस्टिस भाटी के जम्मू-कश्मीर रवाना होने से पहले राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से आज उनके सम्मान में विदाई रेफरेंस आयोजित किया जाएगा।

यह कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट में होगा। इसमें राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल भी शामिल होंगे।
जस्टिस भाटी के विदाई रेफरेंस में शामिल होने के लिए मुख्य न्यायाधीश विशेष रूप से जोधपुर पहुंचे हैं।
शपथ के बाद जयपुर से जोधपुर पहुंचे मुख्य न्यायाधीश
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ग्रहण करने के बाद जयपुर पीठ में कार्यभार संभाला।
इसके पश्चात वे जस्टिस पीएस भाटी के विदाई रेफरेंस में शामिल होने के लिए जोधपुर रवाना हुए।
ऐसे में राजस्थान हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की मौजूदगी में होने वाला यह विदाई समारोह विशेष महत्व रखता है।

विदाई समारोह में उमड़ेगा अधिवक्ताओं का हुजूम
जस्टिस पुष्पेन्द्र सिंह भाटी के विदाई समारोह को लेकर जोधपुर के अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।
इसी को देखते हुए राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन भी व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।

जस्टिस भाटी के राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रस्थान को न्यायिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।