टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

BCR ELECTION 2026: मैंने अपने जीवन में ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा-अनुराग

Controversy Erupts Over Alleged Irregularities During Rajasthan Bar Council Polling at Jaipur High Court

जयपुर। राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के तहत जयपुर स्थित हाईकोर्ट परिसर में बुधवार को हुए मतदान के दौरान अव्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के उपाध्यक्ष अनुराग कलवाटिया ने सोशल मीडिया पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूरे चुनावी माहौल पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

उपाध्यक्ष अनुराग कलवाटिया ने अधिवक्ताओं के सोशल मीडिया ग्रुप में साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि, “पूरी मतदान प्रक्रिया की कोई पवित्रता ही नहीं रह गई है। प्रत्याशी खुलेआम अंदर घूम रहे हैं और वोट मांग रहे हैं।

कुछ प्रत्याशी तो मतदान कक्ष के अंदर तक पहुंच गए और लोगों से वहीं वोट डालने के लिए कह रहे थे।”

उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति न केवल चुनावी मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में खड़ा करती है। “यह पूरी तरह से एक दिखावा है। मैंने अपने जीवन में ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा,” उन्होंने लिखा।

पारदर्शिता और निष्पक्षता

कलवाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि जब इस पूरे मामले को लेकर चुनाव अधिकारी से शिकायत की गई, तो कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

“चुनाव अधिकारी ने बस इतना कहा कि थोड़ी देर में सब ठीक हो जाएगा, लेकिन मौके पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया,” उन्होंने कहा।

कई वकीलों ने भी चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं।

अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि मतदान के दौरान इस तरह की खुली छूट दी जाएगी, तो चुनाव की विश्वसनीयता प्रभावित होना तय है।

गौरतलब है कि राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव प्रदेशभर में वकीलों के लिए एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया माने जाते हैं।

ऐसे में जयपुर हाईकोर्ट परिसर से सामने आई यह स्थिति न केवल चिंता का विषय है, बल्कि चुनावी व्यवस्थाओं पर भी सवालिया निशान खड़े करती है।

अब देखना यह होगा कि चुनाव प्राधिकरण इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाता है

सबसे अधिक लोकप्रिय